पछुआ हवाओं से धड़ाम हुआ पारा, सिहर उठे लोग

पछुआ हवाओं से धड़ाम हुआ पारा, सिहर उठे लोग

Authored By: सतीश झा

Published On: Thursday, January 2, 2025

Updated On: Friday, January 17, 2025

Pachhua hawa se dhadak gaya paara, log sihar uthe
Pachhua hawa se dhadak gaya paara, log sihar uthe

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और पछुआ हवाओं का असर उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। गुरुवार को अचानक पारा धड़ाम हो गया। कानपुर में 5 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच गया। यही हाल लगभग पूरे प्रदेश का रहा। देश के उत्तर में बर्फबारी का असर अब पूरे बिहार में भी दिखने लगा है। पटना मौसम विभाग के अनुसार पूरे राज्य में न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।

Authored By: सतीश झा

Updated On: Friday, January 17, 2025

मौसम विभाग का कहना है कि बर्फबारी होने से आगामी दिनों में शीतलहर चलने की पूरी संभावना है। पूरे बिहार में पछुआ हवा के कारण ठिठुरन बढ़ी है। तापमान में 7 से 8 डिग्री की गिरावट आई है। बर्फीली हवा के कारण पटना का भी तापमान गिरा है। पटना का न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री पर पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार 4 जनवरी के बाद मौसम में सुधार हो सकता है।

कानपुर के चंद्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एस एन सुनील पांडे ने गुरुवार को बताया कि पहाड़ों पर इन दिनों पश्चिमी विक्षोभ जबरदस्त सक्रिय है। इनकी वजह से जमकर बर्फबारी हो रही है। पछुआ हवाएं उत्तर प्रदेश के गंगा के मैदानी इलाकों को प्रभावित कर रही हैं। इन सर्द भरी हवाओं से कानपुर का न्यूनतम तापमान बुधवार को 10 डिग्री सेल्सियस था, वह आज 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अचानक 5 डिग्री सेल्सियस तापमान कम होने से सिहरनभरी सर्दी बढ़ गई और लोग कांप उठे। इसके साथ ही आसमान में कोहरा छाया रहा और दृश्यता भी 2 किलोमीटर की बजाय 400 मीटर तक ही सीमित रही। इससे हाईवे व सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। उन्हाेंने आगे बताया कि आगामी दिनों में जिस प्रकार पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, उससे पूरी संभावना है कि शीतलहर अपना रौद्र रूप दिखाएगी।

पटना में ठंड की वजह से जिलाधिकारी डॉ. चंद्र शेखर सिंह ने जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को सुबह 9 बजे के बाद संचालित करने का निर्देश दिया है। उनकी ओर से जारी लेटर के अनुसार सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे के बीच ही स्कूल संचालित किया जा सकेगा।पटना डीएम का यह आदेश 6 जनवरी तक प्रभावी रहेगा। ठंड के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर न पड़े, पटना डीएम ने उसी को देखते हुए यह आदेश दिया है। डीएम ने सभी एसडीएम और जिला शिक्षा पदाधिकारी को आदेश अनुपालन करने का निर्देश भी जारी किया है।

बुजुर्ग लोग घरों पर ही रहें और अलाव का सहारा लें

ऐसे में शीतलहर से बचने के लिए खासकर बुजुर्ग लोग घरों पर ही रहें और अलाव का सहारा लें। इसके साथ ही सुबह शाम की सैर करना इन दिनों नुकसानदायक हो सकता है। हालांकि यह सर्दी या शीतलहर फसलों के लिए खासकर गेहूं की फसल को बहुत लाभकारी होगी। वहीं आलू और सरसों की फसल में माहू रोग लगने की आशंका है। ऐसे में किसान भाई दवाओं का छिड़काव करें।

हिमाचल प्रदेश में ठंड का कहर, शिमला की रातें मैदानी इलाकों से गर्म

हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड जारी है। प्रदेश के पांच शहरों में पारा माइनस में पहुंच गया है। लाहौल-स्पीति जिला का ताबो -14.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा। इसी जिला के समधो में न्यूनतम तापमान -9.3 डिग्री, कुकुमसेरी में -6.9 डिग्री, केलंग में -6.2 डिग्री और किन्नौर के कल्पा में -2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश की राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया और यह सामान्य से 6.5 डिग्री अधिक है। दिलचस्प बात यह है कि शिमला की रातें अब मैदानी इलाकों से भी ज्यादा गर्म हैं। पिछले 24 घंटों में शिमला के न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके बावजूद प्रदेश के अन्य मैदानी जिले जैसे ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर शिमला से ज्यादा ठंडे हैं।

धूप खिली लेकिन ठंड बरकरार, बिलासपुर में घना कोहरा

प्रदेश के अधिकांश इलाकों में गुरुवार सुबह से ही साफ मौसम और खिली धूप ने लोगों को राहत दी। लेकिन ऊपरी इलाकों में सर्द हवाओं के चलते ठंड बरकरार रही। मैदानी भागों में सुबह-शाम भीषण सर्दी पड़ रही है। बिलासपुर में घना कोहरा छाया रहा, इससे विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर तक पहुंच गई। इसके चलते सुबह के समय वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आने वाले 24 घंटों में बिलासपुर, मंडी, ऊना, कांगड़ा और सोलन में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।

चार जनवरी से बदलेगा मौसम, गिरेगी बर्फ, येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि चार जनवरी से प्रदेश में मौसम करवट लेगा। चार से सात जनवरी तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। खासकर शिमला, मनाली और अन्य ऊपरी इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। वहीं मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने पांच और छह जनवरी को अंधड़ और बिजली की तेज चमक को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज हवाओं और भारी बारिश का भी अनुमान है। पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और मैदानों में अंधड़ व आसमानी बिजली की आशंका के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि आठ जनवरी से प्रदेश भर में मौसम साफ होने की संभावना है।

About the Author: सतीश झा
सतीश झा की लेखनी में समाज की जमीनी सच्चाई और प्रगतिशील दृष्टिकोण का मेल दिखाई देता है। बीते 20 वर्षों में राजनीति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समाचारों के साथ-साथ राज्यों की खबरों पर व्यापक और गहन लेखन किया है। उनकी विशेषता समसामयिक विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना और पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाना है। राजनीति से लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्दों तक, उनकी गहन पकड़ और निष्पक्षता ने उन्हें पत्रकारिता जगत में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य खबरें