Special Coverage
‘फेंगल’ चक्रवात तमिलनाडु तट पर दे सकता है दस्तक, मौसम विभाग ने तमिलनाडु एवं पुडुचेरी के लिए जारी किया रेड एलर्ट
‘फेंगल’ चक्रवात तमिलनाडु तट पर दे सकता है दस्तक, मौसम विभाग ने तमिलनाडु एवं पुडुचेरी के लिए जारी किया रेड एलर्ट
Authored By: अंशु सिंह
Published On: Saturday, November 30, 2024
Last Updated On: Saturday, April 26, 2025
चक्रवाती तूफान ‘फेंगल’ शनिवार दोपहर को बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। पश्चिम की ओर बढ़ने से इसके पुडुचेरी के करीब कराईकल एवं महाबलीपुरम के बीच तमिलनाडु-पुडुचेरी के उत्तरी तटों को पार करने की संभावना है। यहां 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा बह सकती है। इस बीच, मौसम विभाग ने दक्षिण राज्यों तमिलनाडु एवं पुडुचेरी के लिए रेड एलर्ट, जबकि केरल एवं आंध्रप्रदेश के लिए येलो एलर्ट जारी कर दिया है। तमिलनाडु, दक्षिणी आंध्रप्रदेश, केरल एवं अंदरुनी कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका है। चक्रवात को देखते हुए इंडिगो समेत अन्य एयरलाइंस ने अपनी उड़ानें स्थगित कर दी हैं।
Authored By: अंशु सिंह
Last Updated On: Saturday, April 26, 2025
भारतीय मौसम विभाग ने चक्रवाती तूफान ‘फेंगल’ (Fengal) की वजह से तमिलनाडु, पुडुचेरी, कालाकुरिची, चेन्नई, कांचीपुरम, तिरुवल्लुर एवं तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का एलर्ट जारी किया है। तिरुवन्नामलई जिले में भारी बारिश के कारण सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। इसके अलावा, पुडुचेरी एवं कराईकल में भी अगले दो दिनों के लिए स्कूलों एवं कॉलेजों में छुट्टी रहेगी। पुडुचेरी के पर्यटन स्थलों को भी बंद करने का आदेश दिया गया है। ‘फेंगल’ के खतरे को देखते हुए इंडिगो ने चेन्नई एयरपोर्ट पर सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है।
तटीय इलाकों पर होगा असर
चेन्नई के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, ‘फेंगल’ चक्रवात का असर तटीय इलाकों जैसे कराईकल एवं महाबलीपुरम के बीच के क्षेत्रों पर अधिक रहने की आशंका है। यहां हवा की रफ्तार 90 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। रविवार को तिरुवल्लुर से नागपट्टिनम जिले के तटीय क्षेत्रों में 50 से 70 किमी की गति से हवा चल सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए तमिलनाडु एवं पुडुचेरी प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें अथवा अंदर ही रहें।
ये भी पढ़े: पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों में घट सकता है तापमान, फेंगल चक्रवात से दक्षिण भारत में भारी बारिश का एलर्ट
वर्क फ्रॉम होम की सलाह
स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा के अलावा कामकाजी लोगों को भी घर से काम करने का आग्रह किया गया है। तमिलनाडु राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आम जनता से समुद्र किनारे, पार्कों में जाने से मना किया है। आइटी कंपनियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने का निर्देश दें। इस बीच, तमिलनाडु के चेंगलपट्टू जिले के आसपास के लोग राहत शिविरों की ओर प्रस्थान करने लगे हैं। साइक्लोन को देखते हुए कल्पाक्क्म में राहत शिविर स्थापित किए गए हैं।
(हिन्दुस्तान समाचार के इनपुट्स के साथ)