गिरगांव चौपाटी पर इस बार नहीं मनेगा छठ पर्व, हाईकोर्ट का इनकार, कहा, व्यवस्था, नैतिकता, स्वास्थ्य सर्वोपरि

Authored By: Rajeev Mandal

Published On: Wednesday, November 11, 2026

Last Updated On: Wednesday, November 11, 2026

मुंबई की गिरगांव चौपाटी जहां बॉम्बे हाईकोर्ट ने छठ पूजा आयोजन की अनुमति देने से इनकार किया
मुंबई की गिरगांव चौपाटी जहां बॉम्बे हाईकोर्ट ने छठ पूजा आयोजन की अनुमति देने से इनकार किया

मुंबई की प्रसिद्ध गिरगांव चौपाटी पर इस वर्ष आस्था और पवित्रता का प्रतीक छठ पूजा का आयोजन नहीं होगा। महोत्सव के आयोजकों को बॉम्बे हाईकोर्ट ने आयोजन की अनुमति देने से मना कर दिया है। अदालत ने 15 और 16 नवंबर को छठ पूजा के आयोजन के लिए अस्थायी मंच बनाने और अन्य व्यवस्थाएं करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।

Authored By: Rajeev Mandal

Last Updated On: Wednesday, November 11, 2026

मामले की सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति अद्वैत सेठना और न्यायमूर्ति रंजितसिंह भोंसले की अवकाशकालीन खंडपीठ ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 25 के तहत धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार सार्वजनिक व्यवस्था, नैतिकता और स्वास्थ्य से जुड़ी शर्तों के अधीन है। अदालत ने स्पष्ट किया कि धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार के साथ संवैधानिक नियंत्रण और संतुलन का पालन भी जरूरी है। फिलहाल इस फैसले से मुंबई में छठ पूजा के आयोजन को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है, लेकिन अदालत ने शहर में किसी अन्य स्थान पर छठ पूजा करने पर रोक नहीं लगाई है।

​पुलिस ने पहले ही खारिज किया था आवेदन

​मिथिला छठ पूजा संघ ने गिरगांव चौपाटी पर दो दिवसीय छठ महोत्सव आयोजित करने के लिए अस्थायी मंच बनाने और अन्य व्यवस्थाएं करने की अनुमति मांगी थी। डीबी मार्ग पुलिस स्टेशन ने 17 सितंबर को ही उनका आवेदन खारिज कर दिया था। पुलिस ने इसके लिए हाईकोर्ट के 1998 के आदेश का हवाला दिया था। इस आदेश के तहत गिरगांव चौपाटी पर गणेशोत्सव, नवरात्रि, रामलीला, कृष्णलीला और क्रिसमस जैसे निर्धारित आयोजनों के अलावा अन्य कार्यक्रमों के लिए विशेष अनुमति लेना आवश्यक है।

​निगरानी समिति को पक्षकार नहीं बनाने पर सवाल

​सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने 2018 के आदर्श चौपाटी प्रगति मंडल मामले में हाईकोर्ट के निर्देशों का हवाला दिया है। इन निर्देशों के अनुसार चौपाटी पर आयोजनों और अस्थायी निर्माण से संबंधित मामलों में अदालत द्वारा गठित निगरानी समिति को पक्षकार बनाना अनिवार्य है। मौजूदा याचिका में समिति को पक्षकार नहीं बनाया गया था। अदालत ने इस पर सवाल किया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

कितने लोग जुटते हैं आयोजन में

मुंबई के जुहू और अन्य प्रमुख चौपाटियों (गिरगांव, दादर, अक्सा आदि) पर छठ पर्व के दौरान कुल मिलाकर लगभग 4 से 5 लाख श्रद्धालु जुटते हैं।

  • ​जुहू चौपाटी: यह मुंबई का सबसे बड़ा केंद्र है, जहां अकेले 2 से 3 लाख व्रत रखने वाले और श्रद्धालु अर्घ्य देने पहुंचते हैं।
  • ​अन्य समुद्र तट: दादर, गिरगांव, मार्वे और अक्सा बीच को मिलाकर शेष 1.5 से 2 लाख लोग सूर्य देव की उपासना के लिए एकत्र होते हैं। इसके अलावा ठाणे, नागपुर, नवी मुंबई इलाकों में भी बड़ी संख्या में बिहार और पूर्वांचल के लोगों की अच्छी-खासी आबादी है। लिहाजा, यहां बड़ी संख्या में नदी तटों पर श्रद्धालु इकट्ठा होते हैं।
About the Author: Rajeev Mandal
वरिष्ठ पत्रकार राजीव मंडल पिछले 25 वर्षों से मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। दैनिक जागरण (लखनऊ) से बतौर कॅरियर की शुरुआत हुई। गलगोटिया टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से जुड़ने से पहले राजीव ने टीवी इंडस्ट्री-ईटीवी और नेपाल वन न्यूज चैनल- में भी काम किया। इसके अलावा राष्ट्रीय सहारा अखबार के साथ 19 वर्षों तक इनका साथ रहा। इस अखबार के संपादकीय पृष्ठ और साप्ताहिक परिशिष्ट 'हस्तक्षेप" अंक का बतौर प्रभारी लंबे समय तक नेतृत्व किया। राजीव ने पत्रकारिता से मास्टर डिग्री (2000-2001) काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी से हासिल किया। फिलहाल राजीव गलगोटिया टाइम्स के लिए राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और समसामयिक विषयों पर कलम चलाते हैं।
Leave A Comment

अन्य लाइफस्टाइल खबरें