क्या कांग्रेस संबंध सुधारना चाहती है सीएम ममता बनर्जी से, बंगाल कांग्रेस के नए अध्यक्ष शुभंकर सरकार को लेकर हो रही है यही बात
Authored By: सतीश झा
Published On: Monday, September 23, 2024
Last Updated On: Friday, November 22, 2024
पश्चिम बंगाल में कांग्रेस अपनी स्थिति को सुधारने के लिए प्रदेश अध्यक्ष को बदलने पर अमादा थी। शनिवार रात कांग्रेस ने शुभंकर सरकार को नया प्रदेश अध्यक्ष बना दिया है। अब बड़ा सवाल यह है कि शुभंकर सरकार के नेतृत्व में कांग्रेस और तृणमूल के बीच के संबंध कैसे होंगे? कांग्रेस के कई नेता यह मान रहे हैं कि तृणमूल के साथ संबंधों में नरमी आ सकती है।
Authored By: सतीश झा
Last Updated On: Friday, November 22, 2024
सियासी गलियारों में चर्चा है कि पश्चिम बंगाल में संगठन से अधिक कांग्रेस राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (CM Mamata Banerjee) से अपने संबंध को बेहतर करना चाहती है। तभी अधीर रंजन चौधरी (Adhir Ranjan Chowdhary) को हटाकर नरमपंथी शुभंकर सरकार (Shubhankar Sarkar) के हाथों में कमान दी है।
बंगाल की राजनीति में क्या है इसके मायने
कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से अधीर रंजन चौधरी को हटाकर शुभंकर सरकार को नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसे बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। मल्लिकार्जुन खड़गे के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद से प्रदेश कांग्रेस कमेटियों में बदलाव लगभग तय था। अधीर रंजन चौधरी, जो पिछले लोकसभा चुनाव में मुर्शिदाबाद से हारे थे, पहले ही संकेत दे चुके थे कि वे केवल “अस्थायी अध्यक्ष“ के रूप में काम कर रहे हैं। उनके हारने के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर किसे रखा जाएगा। आखिरकार, दिल्ली से अधीर को हटाने का निर्णय लिया गया और उनके स्थान पर शुभंकर सरकार को जिम्मेदारी सौंपी गई।
ममता बनर्जी पर हमलावर रहे थे अधीर रंजन चौधरी
अधीर रंजन चौधरी (Adhir Ranjan Chowdhary) तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ मुखर रहे हैं और उन्होंने चुनाव में अपनी हार के लिए तृणमूल की रणनीति को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने खुद सोनिया गांधी को बताया था कि मुर्शिदाबाद में तृणमूल ने सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की राजनीति को एक अलग स्तर पर पहुंचा दिया था। उनका मानना था कि उनकी हार का प्रमुख कारण यही था।
ममता बनर्जी और तृणमूल से संबंध सुधारने की कवायद तो नहीं
कांग्रेस नेतृत्व ने तृणमूल के साथ अपने संबंधों को नरम करने के लिए अधीर को हटाकर शुभंकर सरकार (Shubhankar Sarkar) को नया अध्यक्ष बनाया है। शुभंकर की छवि तृणमूल विरोधी न होकर, पार्टी के भीतर एक नरमपंथी के रूप में है। कांग्रेस के भीतर भी कई नेता यह मानते हैं कि बंगाल में कांग्रेस और तृणमूल के बीच संबंधों में नरमी आ सकती है।
जब अधीर चौधरी ने काट दिया वेणुगोपाल का फोन
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल (Congress leader KC Venugopal) ने शनिवार रात अधीर को फोन कर उन्हें इस बदलाव की जानकारी दी और कहा, “आपको हटाया जा रहा है, कृपया इसे व्यक्तिगत तौर पर न लें।“ इसके बाद, अधीर ने फोन काट दिया और फिर किसी नेता का फोन नहीं उठाया।














