Special Coverage
उज्जैन की निकिता पोरवाल बनीं फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024, मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में करेंगी देश का प्रतिनिधित्व
Authored By: अंशु सिंह
Published On: Thursday, October 17, 2024
Last Updated On: Thursday, October 17, 2024
बाबा भोलेनाथ की नगरी उज्जैन की बेटी निकिता पोरवाल (Nikita Porwal) इस वर्ष की मिस इंडिया वर्ल्ड चुनी गई हैं। यह पहली बार है जब मध्यप्रदेश से किसी ने ये खिताब जीता है। 18 साल की उम्र में टीवी एंकर के तौर पर करियर शुरू करने वाली निकिता एक अभिनेत्री भी हैं। उन्होंने 60 से अधिक नाटकों में अभिनय किया है। साथ ही कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के ड्रामा की स्क्रिप्ट भी लिख चुकी हैं, जिसमें 250 पन्नों का ‘कृष्णलीला’ नामक नाटक उल्लेखनीय है। वे फिल्म ‘चंबल पार’ का हिस्सा रही हैं, जिसका प्रदर्शन कई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल्स में हो चुका है। जल्द ही भारत में रिलीज होगा।
Authored By: अंशु सिंह
Last Updated On: Thursday, October 17, 2024
मध्यप्रदेश के उज्जैन के आगर रोड स्थित अरविंद नगर में रहने वाली मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 निकिता पोरवाल (Nikita Porwal) अभिनेत्री, लेखक के अलावा एक पशु प्रेमी भी हैं। उनका मानना है कि इंसान को पशुओं का खास ध्यान रखना चाहिए। उनकी रक्षा करनी चाहिए। वे ऐसा जीवन जीने की सीख देती हैं, जो मायने रखता हो। निकिता दूसरी ब्यूटी पैजेंट्स की तरह फिल्मों में अपना जादू बिखेरना चाहती हैं। उनकी ख्वाहिश संजय लीला भंसाली के साथ काम करने की है। ऐश्वर्या राय बच्चन उनकी आदर्श हैं, जिन्हें वे सुंदरता एवं बुद्धिमत्ता का मिश्रण मानती हैं। एक सवाल के जवाब में निकिता ने कहा, ‘ऐश्वर्या ने न सिर्फ आधुनिकता को सहजता से अपनाया है, बल्कि उन्हें अपनी भारतीय विरासत पर गर्व भी है।‘
रंगमंच से ब्यूटी प्रतियोगिता तक का सफर
उज्जैन के कार्मल कॉन्वेंट स्कूल से सीनियर सेकंडरी स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने वडोदरा के महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी से परफार्मिंग आर्ट में बैचलर डिग्री हासिल की। इसमें भी उनकी स्पेशिएलिटी ड्रामा रही। निकिता ने रंगमंच पर अपनी अदाकारी से सबको लुभाया। उनके हुनर का कमाल ‘संस्था रंग रेज कला संस्कार’ की रामलीला में खूब दिखाई दिया। सामाजिक न्याय परिसर में होने वाली रामलीला में वह मां सीता का किरदार निभाती रही हैं, जिसे दर्शकों का भी खूब प्यार मिला। विक्रमोत्सव में पेश किए नाटक श्रीकृष्ण में उन्होंने राधा की भूमिका निभाकर सबका दिल जीत लिया था।

परिवार एवं शहर को है फक्र
निकिता के इस सफर में मां राजकुमारी पोरवाल और पेट्रो ऑइल व्यापारी पिता अशोक पोरवाल की बड़ी भूमिका रही। उन्होंने हमेशा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। पिता अशोक ने बताया कि तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी हैं निकिता। बड़ी बहन इंदौर में सीए हैं। भाई आईओसीएल में जॉब करते हैं। रंग रेज संस्था के अध्यक्ष अमित शर्मा, सचिव शिरीष राजपुरोहित और कोषाध्यक्ष प्रशांत शर्मा की मानें, तो निकिता बेहद प्रतिभाशाली हैं। उन्होंने संस्था के साथ उज्जैन का गौरव बढ़ाया है।
(हिंदुस्तान समाचार के इनपुट्स के साथ)













