States News
दिल्ली ही नहीं, बिहार की हवा भी दीवाली के बाद हुई जहरीली
Authored By: सतीश झा
Published On: Friday, November 1, 2024
Last Updated On: Friday, November 1, 2024
यूं तो हर बार यही देश की राजधानी दिल्ली में ही दिवाली के बाद प्रदूषण की बात सामने आती रही है। इस दीवाली के अगले दिन बिहार में भी वायु की गुणवत्ता बेहद खराब दर्ज की गई है।
Authored By: सतीश झा
Last Updated On: Friday, November 1, 2024
राजधानी पटना समेत बिहार के करीब सभी शहरों की वायु गुणवत्ता खराब हो गई है। बिहार में वायु प्रदूषण (Air Pollution) खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। पटना में कई जगहों का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। आतिशबाजी की वजह से दीपावली के बाद एक्यूआई में बढ़त दर्ज की गई है। हाजीपुर की हवा सबसे प्रदूषित दर्ज की गई।
दीपावली की रात हुई आतिशबाजी का असर शुक्रवार सुबह देखने को मिला। गुरुवार शाम से ही राजधानी पटना में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता हुआ नजर आया। राजधानी पटना के डाक बंगला चौराहा और तारामंडल क्षेत्र में शाम को एयर क्वालिटी इंडेक्स 170 के पार हो चुका था। पटना के राजा बाजार में भी रात 9 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स 165 तक पहुंच गया।
आज सुबह छह बजे प्रमुख शहरों की वायु गुणवत्ता
बिहार में हाजीपुर की हवा आज सुबह सबसे खराब पाई गई। यहां 304 था। दूसरे स्थान पर अररिया- 274, पटना- 267, पूर्णिया- 265, सासाराम- 265, भागलपुर- 255, बेगूसराय- 237, बेतिया- 220, मुजफ्फरपुर- 220 ,सीवान- 217, किशनगंज-216, गया- 192, बिहार शरीफ- 191, छपरा- 178, कटिहार- 171, बक्सर- 170, मोतिहारी- 136, औरंगाबाद- 115, आरा- 73 रही।
डॉक्टरों का कहना है कि राजधानी पटना में वायु प्रदूषित हो गई है। खासकर अस्थामा और सांस संबंधी बीमारी वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। ऐसे लोगों को फिलहाल मास्क लगाकर ही बाहर निकलना चाहिए। साथ ही वायु प्रदूषण के स्तर ज्यादा बढ़ने से लोगों को आंख में भी जलन होती है।
ये भी पढ़े: दिवाली का साइड इफेक्ट: कई क्षेत्रों में बढ़ा प्रदूषण, आग लगने की घटनाओं में दर्ज हुई वृद्धि
वायु गुणवत्ता का लेवल
- एक्यूआई 0-50 को ‘अच्छा’
- 51-100 को ‘संतोषजनक’
- 101-200 को ‘मध्यम’
- 201-300 को ‘खराब’
- 301-400 को ‘बहुत खराब’
- 401-500 को ‘गंभीर’














