States News
मिशन दिल्ली 2025 : केजरीवाल ने किए महिलाओं से ये वादे, भाजपा ने किया पलटवार
Authored By: सतीश झा
Published On: Thursday, December 12, 2024
Last Updated On: Thursday, December 12, 2024
आगामी विधानसभा चुनावों से पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने महिलाओं को लुभाने के लिए बड़ा दांव खेला है। उन्होंने घोषणा की है कि अगर आम आदमी पार्टी (AAP) 2025 के चुनावों में जीत हासिल करती है, तो 18 वर्ष से अधिक उम्र की हर महिला के बैंक खाते में ₹2,100 प्रतिमाह जमा किए जाएंगे। हालांकि, इस ऐलान के बाद भाजपा (BJP) ने इसे चुनावी हथकंडा बताते हुए तीखा पलटवार किया है।
Authored By: सतीश झा
Last Updated On: Thursday, December 12, 2024
आगामी विधानसभा चुनावों से पहले, आम आदमी पार्टी (AAP) ने महिलाओं को आकर्षित करने के लिए बड़ा ऐलान किया है। अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की है कि यदि 2025 के चुनावों के बाद उनकी पार्टी तीसरी बार सत्ता में लौटती है, तो राष्ट्रीय राजधानी में 18 वर्ष से अधिक उम्र की हर महिला के खाते में ₹2,100 प्रतिमाह जमा किए जाएंगे। हालांकि, केजरीवाल ने यह स्पष्ट किया कि योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया कल से शुरू हो जाएगी, लेकिन राशि तुरंत ट्रांसफर नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव की तारीखों की घोषणा अगले 10-15 दिनों में हो सकती है, इसलिए फिलहाल यह संभव नहीं है।
केजरीवाल के बड़े वादे
मुख्यमंत्री आतिशी के साथ एक कार्यक्रम में केजरीवाल ने कहा कि मैंने पहले हर महिला को 1,000 रुपये देने का वादा किया था। लेकिन कुछ महिलाएं मेरे पास आईं और कहा कि महंगाई के कारण 1,000 रुपये पर्याप्त नहीं होंगे। इसलिए सभी महिलाओं के खाते में 2100 रुपये जमा किये जायेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आज सुबह आतिशी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया, जिसके बाद यह योजना लागू कर दी गई है। आज सुबह आतिशी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई और इसे लागू कर दिया गया है।”
महिलाओं के लिए दो बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने कहा, “आज मैं दिल्ली की महिलाओं के लिए दो बड़ी घोषणाएं करने आया हूं। पहली, ₹2,100 प्रतिमाह की योजना को लागू किया गया है। दूसरी, कल से इसके लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। हालांकि, चुनाव की घोषणा के कारण खाते में पैसे ट्रांसफर करना अभी संभव नहीं होगा। लेकिन यह वादा हमारी प्राथमिकता है और इसे सत्ता में लौटने के बाद पूरा किया जाएगा।”
AAP के इस कदम को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले महिलाओं का समर्थन हासिल करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
ये भी पढ़े: Delhi Assembly Election 2025 : क्यों बदल गयी मनीष सिसोदिया की सीट, क्या पटपड़गंज से हार का था डर ?
केजरीवाल चुनाव के डर से कर रहे झूठे वादे : सचदेवा
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने महिला सम्मान योजना की राशि को एक हजार से बढ़ा कर 2100 किए जाने को केजरीवाल सरकार का छलावा बताया है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में केजरीवाल को अपनी हार दिख रही है, तो दिल्ली की जनता से झूठे वादे कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो पोस्ट कर सवालिया लहजे में कहा, “झूठों के जहांपनाह अरविंद केजरीवाल जवाब दें कि पंजाब में सरकार किसकी है? पंजाब चुनाव से पहले भी आपने माताओं बहनों को राशि देने के बात की थी ज़रा बताएं कि एक रुपया भी किसी के खाते में गया हो तो? सरकारी खज़ाना खाली होने का रोना रोते हैं। दिल्ली में आपने फॉर्म भरवाकर सितंबर तक राशि देने का वादा किया था, अब फिर आप वही अपना झूठा वादा दोहरा रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव सिर पर है केजरीवाल को अपनी हार दिख रही, इसलिए दिल्ली की जनता से झूठे वादे कर रहे है।














