राहुल की बातों से शुरू हुआ ऐसे हंगामा, भाजपा नेताओं ने कही ये बात

Authored By: सतीश झा

Published On: Thursday, September 18, 2025

Last Updated On: Thursday, September 18, 2025

Rahul Gandhi BJP Controversy, राहुल गांधी बयान, भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया.
Rahul Gandhi BJP Controversy, राहुल गांधी बयान, भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया.

कांग्रेस (Congress) के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने गुरुवार को गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पार्टी के समर्थकों के नाम जानबूझकर वोटर लिस्ट से हटाने की कोशिश की गई. उन्होंने दावा किया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CIC) ज्ञानेश कुमार उन लोगों की रक्षा कर रहे हैं, जो लोकतंत्र को नुकसान पहुंचा रहे हैं और वोट चोरी का काम कर रहे हैं. राहुल गांधी के इस बयान ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है. वहीं, चुनाव आयोग ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि किसी भी मतदाता का नाम बिना उचित प्रक्रिया और सुनवाई के सूची से हटाया ही नहीं जा सकता. आयोग ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी के आरोप गलत और निराधार हैं.

Authored By: सतीश झा

Last Updated On: Thursday, September 18, 2025

Rahul Gandhi BJP Controversy: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस (Congress) सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कहा, “हमें चुनाव आयोग के अंदर से मदद मिलनी शुरू हो गई है. मैं स्पष्ट कर रहा हूं कि अब हमें चुनाव आयोग के अंदर से जानकारी मिल रही है. यह रुकने वाला नहीं है.” लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, ” मैं ज्ञानेश कुमार पर सीधे आरोप क्यों लगा रहा हूं. कर्नाटक में इस मामले की जांच जारी है. कर्नाटक की CID ने चुनाव आयोग को 18 महीनों में 18 पत्र भेजे हैं और उन्होंने चुनाव आयोग से कुछ बहुत ही बुनियादी तथ्य मांगे हैं. पहला, हमें वह डेस्टिनेशन IP बताएं, जहां से ये फॉर्म भरे गए थे. दूसरा, वह डिवाइस और डेस्टिनेशन पोर्ट बताएं, जहां से ये आवेदन दाखिल किए गए थे. और तीसरा, सबसे अहम, हमें OTP ट्रेल्स दें, क्योंकि आवेदन जमा करने पर आपको OTP प्राप्त होता है. 18 महीनों में CID ने इसके लिए चुनाव आयोग को 18 बार पत्र लिखा, लेकिन आयोग इसे प्रदान नहीं कर रहा. वे ऐसा क्यों नहीं कर रहे? क्योंकि इससे पता चल जाएगा कि ऑपरेशन कहां किया जा रहा है.”

चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के आरोपों को बताया गलत और निराधार

भारत के चुनाव आयोग (Election Commission of India) ने ट्वीट कर लोकसभा नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह खारिज किया. आयोग ने कहा कि राहुल गांधी की यह धारणा कि कोई वोट जनता के किसी सदस्य द्वारा ऑनलाइन हटाया जा सकता है, गलत और निराधार है. चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदाता को प्रभावित व्यक्ति को सुनवाई का अवसर दिए बिना हटाया नहीं जा सकता. आयोग ने 2023 के अलंद विधानसभा क्षेत्र के संदर्भ में बताया कि मतदाताओं को हटाने के कुछ असफल प्रयास किए गए थे. मामले की जांच के लिए आयोग के प्राधिकारी ने स्वयं प्राथमिकी दर्ज की थी.

रिकॉर्ड के अनुसार, अलंद विधानसभा क्षेत्र में 2018 में सुभाष गुट्टेदार (भाजपा) और 2023 में बीआर पाटिल (कांग्रेस) ने जीत हासिल की थी. आयोग ने राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार और गलत करार दिया.

राहुल गांधी को वोट नहीं मिलता तो हम क्या करें : रविशंकर प्रसाद

भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद (Ravishankar Prasad) ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “राहुल गांधी संविधान समझते हैं? सुप्रीम कोर्ट गए थे ना? सुप्रीम कोर्ट ने दिशा निर्देश दिए थे, किसी ने रोक लगाई क्या? वे न तो कानून को समझते हैं, न सुप्रीम कोर्ट के आदेश को, बस खाली ‘संविधान, संविधान’ कहते रहते हैं.” उन्होंने आगे कहा, “राहुल गांधी को वोट नहीं मिलता तो हम क्या करें? जिस तरह की वे बदजुबानी करते हैं, जिस तरह प्रधानमंत्री और विपक्ष पर हमले करते हैं, यह देश उन्हें कभी वोट नहीं देगा.”

केंद्रीय मंत्री संजय सेठ का राहुल गांधी पर तंज

केंद्रीय मंत्री संजय सेठ (Sanjay Seth) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, “यह दिवालियापन है. आप नेता प्रतिपक्ष हैं और संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगा रहे हैं. आप न तो ED पर विश्वास करते हैं, न CBI पर, न चुनाव आयोग पर, न EVM पर, न जनता पर. कभी-कभी तो आप सिंदूर पर भी सवाल उठाते हैं.”

संजय सेठ ने आगे कहा, “देश की जनता इसलिए आपको गंभीरता से नहीं लेती. जब आपको तीसरी बार किनारे बिठा दिया गया, तो आप अपनी खीझ चुनाव आयोग पर निकाल रहे हैं. देश की जनता फिर आपको किनारे बिठाएगी, और बिहार में भी यही होगा.”

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि चुनाव दर चुनाव हारने वाले और जनता द्वारा नकारे जाने वाले नेताओं की हताशा और निराशा दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। उन्होंने आरोपों की राजनीति को राहुल गांधी का “आभूषण” बताया. अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब चुनाव आयोग इन आरोपों की सत्यता जांचने के लिए कहता है, तो राहुल गांधी पीठ दिखाकर भाग जाते हैं. शपथ पत्र देने कहा जाता है तो वह मुकर जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत और निराधार आरोप लगाना राहुल गांधी की आदत बन गई है.

सांसद ने आगे कहा कि आरोप लगाने के बाद माफी मांगने और कोर्ट से फटकार खाने का काम भी राहुल गांधी का बन गया है. हर मामले में उन्हें फटकार ही मिली है. ठाकुर ने प्रेस वार्ता में व्यंग्य करते हुए कहा, “आज की प्रेस वार्ता में हाइड्रोजन बम फोड़ने वाले थे, लेकिन फुलझड़ी से काम चलाना पड़ा.”

ये भी पढ़ें:- Rahul Gandhi Press Conference: राहुल गांधी के निशाने पर CEC, ‘वोट चोरी’ को लेकर किया बड़ा दावा

About the Author: सतीश झा
सतीश झा की लेखनी में समाज की जमीनी सच्चाई और प्रगतिशील दृष्टिकोण का मेल दिखाई देता है। बीते 20 वर्षों में राजनीति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समाचारों के साथ-साथ राज्यों की खबरों पर व्यापक और गहन लेखन किया है। उनकी विशेषता समसामयिक विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना और पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाना है। राजनीति से लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्दों तक, उनकी गहन पकड़ और निष्पक्षता ने उन्हें पत्रकारिता जगत में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य खबरें