अमेरिकी एथलीट जार्डन ने विनेश के समर्थन में उठाई आवाज, क्या होगा परिणाम

Authored By: सतीश झा

Published On: Friday, August 9, 2024

Updated On: Thursday, August 8, 2024

vinesh phogat indian women wrestler

भारतीय कुश्ती पहलवान विनेश फोगाट के लिए अमेरिका से आवाज उठी है। 6 बार के ओलंपिक मेडलिस्ट अमेरिकी एथलीट जार्डन ने विनेश फोगाट के समर्थन में आवाज बुलंद की है। साथ ही उन्होंने नियमों में बदलाव कर विनेश को सिल्वर मेडल देने की मांग की है। क्या नियमों में की बदलाव संभव हो पाएगा ?

विनेश फोगाट ने गुरुवार को कुश्ती से संन्यास लेने की घोषणा कर दी। विनेश के साथ पूरा देश इस समय मायूस है। इस बीच अमेरिकी एथलीट जार्डन ने नियमों में बदलाव करने की मांग की है। खास बात यह है कि 6 बार के ओलंपिक मेडलिस्ट अमेरिकी एथलीट जार्डन ने नियमों में बदलाव करने की मांग करते हुए विनेश को सिल्वर मेडल देने की बात की है।

उम्मीद अभी जिंदा

पेरिस ओलंपिक में विनेश की सिल्वर की उम्मीद अभी भी जिंदा है। मेडल पर आज शाम तक फैसला आएगा। दरअसल, अयोग्य करार देने के बाद भारत की स्टार रेसलर विनेश फोगाट ने CAS में अपील की है। जहां उन्होंने खुद को अयोग्य करार दिए जाने के खिलाफ अपील की है।  विनेश ने कहा कि उन्हें संयुक्त सिल्वर मेडल दिया जाए। इसके साथ ही उन्होंने फाइनल मुकाबला खेलने की भी इजाजत मांगी थी। जिसे CAS ने ये कहते हुए खारिज कर दिया कि फाइनल मुकाबले को टाला नहीं जा सकता।

आखिर क्या है CAS ?

कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट दुनिया भार में  खेलों के लिए बनाई गई एक स्वतंत्र संस्था है। इसका काम खेल से जुड़े सभी कानूनी विवादों का निपटारा करना है। 1984 में स्थापित अंतर्राष्ट्रीय निकाय काम खेल से संबंधित विवादों को मध्यस्थता के माध्यम से निपटाने का काम करता है। इसक मुख्यालय लॉज़ेन, स्विटजरलैंड में है और इसकी अदालतें न्यूयॉर्क शहर सिडनी और लॉजेन में स्थित हैं। अस्थायी अदालतें वर्तमान ओलंपिक मेजबान शहरों में भी स्थापित की जाती है।

नियम सबके लिए बराबर : जगदीश राव

पूर्व अंतरराष्ट्रीय पहलवान और छत्तीसगढ़ प्रदेश कुश्ती संघ महासचिव जगदीश राव का कहना है कि जिस तरह विनेश खेल रही थीं, फाइनल में उनका जीतना लगभग तय था। यह विनेश के साथ-साथ पूरे देश के लिए बड़ा नुकसान है। नियम सबके के लिए बराबर हैं। इसमें किसी की गलती नहीं मानी जा सकती है।  इसमें षड्यंत्र जैसी कोई बात नहीं।  सब कुछ आपके सामने होता है। कैमरे लगे होते हैं। वजन करने वाली मशीन गलत नहीं हो सकती। मामले को राजनीतिक तुल देना गलत है।

संन्यास ना लेने के लिए समझाएंगे : ताऊ महावीर

कुश्ती से विनेश को रूबरू करवाने वाले और कुश्ती के दांव पेंच सीखने वाले उनके ताऊ महावीर ने कहा कि उनके वापस आने पर समझाएंगे की अभी और खेलना है और अपना फैसला वापस ले। दिल छोटा नहीं करना है। अभी से ही 2028 ओलंपिक के लिए तैयारी शुरू करेंगे।  उन्होंने कहा की जब कोई खिलाड़ी इस स्तर पर पहुंचता है तो इस तरह के फैसले लेना आम हो जाता है। खिलाड़ी भावनाओं, गुस्से में ऐसी फैसले ले लेता है।

About the Author: सतीश झा
समसामायिक मुद्दों पर बीते दो दशक से लेखन। समाज को लोकदृष्टि से देखते हुए उसे शब्द रूप में सभी के सामने लाने की कोशिश।

Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य खेल खबरें