Special Coverage
जोर-शोर से चलाया जा रहा है ‘ऑपरेशन जल राहत’, केंद्र सरकार ने त्रिपुरा को दी फौरी तौर पर 40 करोड़ की राशि
Authored By: सतीश झा
Published On: Friday, August 23, 2024
Last Updated On: Friday, August 23, 2024
त्रिपुरा में हालिया बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए केंद्र सरकार ने 'ऑपरेशन जल राहत' अभियान को तेज कर दिया है। इस अभियान के तहत राज्य को राहत सामग्री पहुंचाने और पुनर्वास के प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार ने त्रिपुरा को फौरी राहत के तौर पर 40 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बहाल करने और बाढ़ पीड़ितों की त्वरित सहायता सुनिश्चित की जा सके।
Authored By: सतीश झा
Last Updated On: Friday, August 23, 2024
भारतीय सेना ने त्रिपुरा में ‘ऑपरेशन जल राहत'(Operation Jal Rahat) के तहत व्यापक मानवीय सहायता और आपदा राहत (HADR) अभियानों के दौरान 330 से अधिक नागरिकों को बचाया है। मुख्यालय 21 सेक्टर असम राइफल्स और IGAR (पूर्व) की कमान के तहत काम करने वाली 18 असम राइफल्स की दो टुकड़ियों को राज्य के अमरपुर, भामपुर, बिशालगढ़ और रामनगर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया गया है। भारतीय सेना ने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच तत्काल स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को दूर करते हुए सात नागरिकों को चिकित्सा सहायता प्रदान की गई है।
कठिन समय में मोदी सरकार, त्रिपुरा के हमारे बहनों-भाईयों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है : अमित शाह
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार ने बाढ़-प्रभावित त्रिपुरा के लोगों को राहत के लिए SDRF के केन्द्रीय हिस्से के रूप में 40 करोड़ रूपए अग्रिम रूप से जारी करने को मंज़ूरी दे दी है। X प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि केन्द्र द्वारा तैनात NDRF की 11 टीमें, सेना की 3 टुकड़ियां और भारतीय वायु सेना के 4 हैलीकॉप्टर पहले से ही राज्य सरकार को राहत और बचाव कार्यों में मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में मोदी सरकार, त्रिपुरा के हमारे बहनों-भाईयों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

मुख्यमंत्री माणिक साहा (Chief Minister Manik Saha) ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया निरीक्षण
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने गोमती जिले और दक्षिण त्रिपुरा के बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा, “गोमती नदी अभी भी 22.30 मीटर पर बह रही है, जो कि खतरे के स्तर 22 मीटर से ऊपर है। हमने अमरपुर, उदयपुर, सोनामुरा और आसपास के गांवों में गोमती नदी के किनारे रहने वाले सभी परिवारों को स्थानांतरित कर दिया है। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे जल स्तर सामान्य होने तक सतर्क रहें।” त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने ट्वीट किया, “बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के लिए गोमती जिले और दक्षिण त्रिपुरा जा रहे हैं। हम जरूरतमंद लोगों को सहायता और समर्थन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
दरअसल, त्रिपुरा में भारी बारिश के बाद बाढ़ आने से जानमाल का बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। लगातार 48 घंटे से हो रही बारिश से त्रिपुरा के कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। अबतक बाढ़ में बहने से 22 लोगों की मौत हो गई है। इस बीच गृह मंत्री अमित शाह ने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक शाह से बात कर राज्य को हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है।













