Special Coverage
स्मृति ईरानी, सुनील बंसल और विनोद तावड़े को बड़ी जिम्मेदारी, BJP की नई लिस्ट में बड़ा फेरबदल
Authored By: Galgotias Times Bureau
Published On: Wednesday, September 23, 2026
Last Updated On: Wednesday, September 23, 2026
भाजपा ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए अट्ठाईस राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह प्रभारी घोषित किए हैं. स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़, सुनील बंसल को बंगाल और तेलंगाना, जबकि विनोद तावड़े को एक बार फिर उत्तर प्रदेश की कमान सौंपी गई है.
Authored By: Galgotias Times Bureau
Last Updated On: Wednesday, September 23, 2026
BJP New In-Charge List: देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव देखने को मिला है. पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने पूरे देश के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी और सह प्रभारियों की नई सूची जारी कर दी है. यह फैसला आने वाले कई राज्यों के चुनावों को ध्यान में रखते हुए लिया गया माना जा रहा है, जहां अनुभवी और भरोसेमंद चेहरों को अलग अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
स्मृति ईरानी को मिली दोहरी जिम्मेदारी
केंद्र में मंत्री रह चुकीं स्मृति ईरानी (Smriti Irani) को इस बार हरियाणा और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों की कमान सौंपी गई है. यह उनके संगठनात्मक अनुभव पर पार्टी (BJP New In-Charge List) के भरोसे को दर्शाता है. छत्तीसगढ़ में उनके साथ सिद्धार्थ शंभू सह प्रभारी होंगे, जबकि हरियाणा में उनकी सहायता भोला सिंह करेंगे. दो राज्यों की जिम्मेदारी मिलना यह भी संकेत देता है कि पार्टी BJP आगामी विधानसभा चुनावों में इन दोनों राज्यों पर विशेष ध्यान केंद्रित करने वाली है.
बंगाल और तेलंगाना की कमान सुनील बंसल के हाथ
संगठन में अपनी पकड़ के लिए पहचाने जाने वाले सुनील बंसल(Sunil Bansal) को पश्चिम बंगाल के साथ साथ तेलंगाना का प्रभारी भी बनाया गया है. पश्चिम बंगाल में आने वाले समय में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में यह जिम्मेदारी बेहद अहम मानी जा रही है. बंगाल में उनके साथ लाल सिंह आर्य, राजेंद्र सिंह और पिंकी कुशवाहा सह प्रभारी की भूमिका निभाएंगे, वहीं तेलंगाना में अभय पाटिल और रेखा शर्मा उनका साथ देंगी.
यूपी में विनोद तावड़े पर भरोसा बरकरार
देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी एक बार फिर विनोद तावड़े (Vinod Tawde) को दी गई है. उनके साथ चार सह प्रभारी जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप शर्मा और अनंत ओझा को नियुक्त किया गया है. इतने बड़े राज्य में चार सह प्रभारियों की नियुक्ति यह जाहिर करती है कि पार्टी उत्तर प्रदेश के हर कोने पर बारीकी से नजर रखना चाहती है.
बिहार के नेताओं की चांदी
इस पूरी सूची में बिहार के नेताओं को खास तवज्जो मिली है. हरीश द्विवेदी को बिहार के साथ साथ कर्नाटक का भी प्रभारी बनाया गया है. उनके साथ रोहन गुप्ता और संगीता यादव सह प्रभारी होंगी. बिहार सरकार में मंत्री रह चुके मंगल पांडे को असम भेजा गया है, जबकि बिहार के पूर्व विधान परिषद सदस्य देवेश कुमार को अरुणाचल प्रदेश की जिम्मेदारी मिली है. इसके अलावा निवेदिता सिंह को झारखंड और राजेंद्र सिंह व पिंकी कुशवाहा को पश्चिम बंगाल में सह प्रभारी बनाया गया है.
छह नेताओं को मिली एक से अधिक राज्यों की कमान
इस सूची में सबसे दिलचस्प बात यह है कि छह वरिष्ठ नेताओं को दो दो राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इनमें स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी, सतीश पूनिया, राम माधव, सुनील बंसल और अनिल एंटनी शामिल हैं. सतीश पूनिया के पास जम्मू कश्मीर और पंजाब की कमान होगी, जबकि राम माधव तमिलनाडु और उत्तराखंड दोनों संभालेंगे.
इसके अलावा उत्तराखंड में राम माधव के साथ बांसुरी स्वराज सह प्रभारी बनाई गई हैं, और दिल्ली इकाई की जिम्मेदारी विनय सहस्रबुद्धे को सौंपी गई है. साफ है कि पार्टी ने इस पूरी नियुक्ति सूची के जरिए संगठन में अनुभव और नई ऊर्जा के मेल का संतुलन बनाने की कोशिश की है, जिसका असर आने वाले राज्यों के चुनावी नतीजों पर देखने को मिल सकता है.
यह भी पढ़ें :- BJP’s cabinet in Bengal: बंगाल में बीजेपी का पहला मंत्रिमंडल कैसा होगा, जानें कौन नेता बन सकते हैं मंत्री और नई रणनीति













