पाकिस्तान की धरती पर भारत में ट्रेन एक्सीडेंट की रची जा रही साजिश

Authored By: गुंजन शांडिल्य

Published On: Thursday, August 29, 2024

Pakistan Conspiracy of train accident in India
Pakistan Conspiracy of train accident in India

भारत से फरार और पाकिस्तान में छुपे मोस्ट वांटेड आतंकी फरहतुल्ला गोरी (Most wanted terrorist Farhatullah Ghori) का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में वह भारत के स्लीपर सेल को रेलगाड़ियों, पेट्रोल पाइप लाइन आदि को निशाना बनाने की हिदायत दे रहा है।

Authored By: गुंजन शांडिल्य

Last Updated On: Thursday, August 29, 2024

पिछले कुछ महीनों से ट्रेनों के बेपटरी होने की घटनाएं बढ़ी हैं। इसमें कई लोगों की मौत भी हुई है। बढ़ती घटनाओं के कारण विपक्ष सरकार पर हमलावर है। जबकि सरकार का कहना है कि कोई जानबूझकर पटरी में ऐसे सामान रख रहा है, जिससे ट्रेन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई घटनाओं को सरकार ने साजिश बताया है। अब इसके कुछ सबूत भी सामने आएं हैं।

यह सबूत इशारा कर रहा है कि पाकिस्तान में बैठकर आतंकी भारत में ट्रेन एक्सीडेंट करा रहा है। भारत से फरार और पाकिस्तान में छुपे मोस्ट वांटेड आतंकी फरहतुल्ला गोरी का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में वह भारत के स्लीपर सेल को रेलगाड़ियों को निशाना बनाने की हिदायत दे रहा है।

खुफिया एजेंसियों (Intelligence Agencies) से किया पर्दाफाश

भारत की खुफिया एजेंसी पिछले कुछ समय से ट्रेन दुर्घटना पर भी काम कर रही थी। उसने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर हो रही गतिविधियों को खंगालना शुरू किया। इसके बाद भारतीय खुफिया एजेंसी को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘टेलीग्राम’ पर वीडियो मिला। यह वीडियो भारत का मोस्ट वांटेड आतंकी फरहतुल्ला गोरी का है। वह भारत में अपने स्लीपर सेल को संबोधित कर रहा था।

रेलगाड़ियों को निशाना बनाने की हिदायत

फरहतुल्ला गोरी ‘टेलीग्राम’ (Telegram) पर मिले अपने वीडियो में स्लीपर सेल को हिदायत दे रहा है कि वह भारत में रेल गाड़ियों को निशाना बनाये और पटरियों को डिरेल करे। ताकि ज्यादा से ज्यादा नुकसान हो। वीडियो में गोरी स्लीपर सेल को पेट्रोल पाइपलाइन को निशाना बनाने के साथ-साथ प्रेशर कुकर बम से धमाके करने के तरीके भी बता रहा है।

जानकारी हो कि कुछ समय पहले कर्नाटक में प्रेशर कुकर से बम धमाके हुए थे। खुफिया एजेंसी का मानना है कि यह सब पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के इशारे पर हो रहा है।

अलर्ट पर खुफिया एजेंसियां

खुफिया एजेंसियों का मानना है कि आईएसआई ने ही आतंकी फरहतुल्ला गोरी को सोशल मीडिया पर लॉन्च किया है। आईएसआई गोरी के जरिए भारत में सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रही है। पिछले दिनों एक जांच के दौरान दिल्ली पुलिस ने पुणे मॉड्यूल के कई आतंकी गिरफ्तार को गिरफ्तार किया था। उस गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस के सामने भी फरहतुल्ला गोरी का नाम सामने आया था।

गोरी के इस नए वीडियो के बाद सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं। खुफिया एजेंसियों के मुताबिक फरहतुल्ला गोरी और उसका दामाद शाहिद फैजल दोनों का दक्षिण भारत में स्लीपर सेल नेटवर्क मजबूत है। बताया जाता है कि बैंगलोर ब्लास्ट की पूरी योजना शाहिद फैजल ने तैयार की थी।

भारत सरकार ने 2020 में गोरी को आतंकियों की सूची में डाला था। वह दक्षिण भारत में अपने स्लीपर सेल के जरिए आतंकी वारदातों को अंजाम देता आ रहा है।

टेलीग्राम (Telegram) पर गोरी का वीडियो

भारतीय खुफिया एजेंसियों ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘टेलीग्राम’ पर 3 हफ्ते पहले जारी गोरी के एक वीडियो को सुना है। इस वीडियो में वह हिंदू नेताओं को निशाना बनाने के साथ ही भारत सरकार की कार्रवाईयों का जवाब देने की अपील की है। वीडियो में गोरी स्लीपर सेल से कह रहा है कि सरकार हमारी संपत्तियों को निशाना बनाकर हमें कमजोर कर रही है। लेकिन हम जल्द ही वापसी करेंगे और सरकार को हिला देंगे।

मोहन भागवत की बढ़ाई गई सुरक्षा

कल ही खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत (RSS chief Mohan Bhagwat) की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। खुफिया रिपोर्ट में मोहन भागवत को निशाना बनाने की जानकारी दी गई है। अब उन्हें जेड प्लस सुरक्षा (Z Plus Security) से एएसएल सुरक्षा (ASL Security) घेरे में रहेंगे। अब जब आतंकी गोरी का वीडियो सामने आया तो समझा जा सकता है कि कहीं न कहीं खुफिया एजेंसी इस पर गंभीरता से काम करना शुरू कर दिया है।

गुंजन शांडिल्य समसामयिक मुद्दों पर गहरी समझ और पटकथा लेखन में दक्षता के साथ 10 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। पत्रकारिता की पारंपरिक और आधुनिक शैलियों के साथ कदम मिलाकर चलने में निपुण, गुंजन ने पाठकों और दर्शकों को जोड़ने और विषयों को सहजता से समझाने में उत्कृष्टता हासिल की है। वह समसामयिक मुद्दों पर न केवल स्पष्ट और गहराई से लिखते हैं, बल्कि पटकथा लेखन में भी उनकी दक्षता ने उन्हें एक अलग पहचान दी है। उनकी लेखनी में विषय की गंभीरता और प्रस्तुति की रोचकता का अनूठा संगम दिखाई देता है।
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य खबरें