BRICS Summit 2026: दिल्ली में तीन दिन ट्रैफिक डायवर्जन, इन रास्तों से बचने की सलाह

Authored By: Nishant Singh

Published On: Friday, September 11, 2026

Last Updated On: Friday, September 11, 2026

BRICS Summit 2026 Delhi Traffic Diversion and Restricted Routes
BRICS Summit 2026 Delhi Traffic Diversion and Restricted Routes

BRICS Summit 2026 के चलते दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी. VIP काफिलों की आवाजाही के कारण 22 जगहों पर डायवर्जन और कई प्रमुख सड़कों पर प्रतिबंध रहेगा. रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वालों के लिए वैकल्पिक मार्ग बताए गए हैं, जबकि यात्रियों को मेट्रो इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.

Authored By: Nishant Singh

Last Updated On: Friday, September 11, 2026

दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक BRICS Summit 2026 का आयोजन हो रहा है. भारत मंडपम, प्रगति मैदान में होने वाले इस अहम सम्मेलन के दौरान विदेशी मेहमानों और VIP काफिलों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है. दोपहर 2 बजे से रात 8:30 बजे तक कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन और अस्थायी प्रतिबंध लागू रहेंगे. ऐसे में लोगों के लिए घर से निकलने से पहले अपना रूट जांच लेना बेहतर रहेगा.

इन प्रमुख सड़कों पर पड़ सकता है असर

ट्रैफिक पुलिस ने कई महत्वपूर्ण सड़कों पर सामान्य आवाजाही प्रभावित होने की संभावना जताई है. इनमें मथुरा रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, तीस जनवरी मार्ग, फिरोज शाह रोड, तुगलक रोड, पंचशील मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, अफ्रीका एवेन्यू और भीकाजी कामा प्लेस शामिल हैं.

इसके अलावा पुराना किला रोड, न्याय मार्ग, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, शांति पथ, शेरशाह सूरी मार्ग, सैन मार्टिन मार्ग, तिलक मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, अकबर रोड, सरदार पटेल मार्ग, APJ अब्दुल कलाम रोड, कौटिल्य मार्ग, भगवान दास रोड, कर्तव्य पथ और सफदरजंग रोड से भी जरूरत न होने पर बचने की सलाह दी गई है.

22 जगहों पर बदलेगा ट्रैफिक

VIP मूवमेंट को सुचारू रखने के लिए 22 डायवर्जन पॉइंट तय किए गए हैं. इनमें डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मीर दर्द चौक, KG मार्ग आउटर सर्कल, जनपथ-कनॉट प्लेस, पटेल चौक और RML हॉस्पिटल राउंडअबाउट प्रमुख हैं.

धौला कुआं और मोती बाग फ्लाईओवर, मदरसा T-पॉइंट, लोधी रोड के जंक्शन, नीला गुम्बद, ओबेरॉय फ्लाईओवर, DPS मथुरा रोड U-turn, रिंग रोड-बारापुला रोड और मंडी हाउस पर भी जरूरत के अनुसार ट्रैफिक को दूसरे रास्तों पर भेजा जा सकता है.

रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ते

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री ISBT कश्मीरी गेट, बुलेवार्ड रोड, रानी झांसी मार्ग और पंचकुइयां रोड के रास्ते आउटर सर्कल की ओर जा सकते हैं. पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के लिए ISBT, रिंग रोड, हनुमान मंदिर और S.P. मुखर्जी मार्ग का विकल्प रहेगा. वहीं हजरत निजामुद्दीन स्टेशन जाने वालों के लिए रिंग रोड, आश्रम चौक और मथुरा रोड का रास्ता सुझाया गया है.

एयरपोर्ट के लिए मेट्रो सबसे सुविधाजनक

ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. सड़क मार्ग से जाने वालों के लिए गुरुग्राम से NH-48 और UER-II होते हुए T3 पहुंचने का विकल्प है. द्वारका से सेक्टर-22 और UER-II टनल का रास्ता लिया जा सकता है. दक्षिण दिल्ली से रिंग रोड, मोती बाग, RTR मार्ग और महिपालपुर होते हुए एयरपोर्ट पहुंचा जा सकता है.

पार्किंग और कमर्शियल वाहनों पर भी नियम

डायवर्जन वाले इलाकों में 200 मीटर के दायरे में सड़क किनारे पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. गैर-निर्धारित कमर्शियल वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर भी रोक रहेगी. बस सेवाएं सामान्य रूप से चलेंगी, लेकिन VIP काफिलों के गुजरने के दौरान उन्हें कुछ समय के लिए डायवर्ट किया जा सकता है. इमरजेंसी वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी.

यह भी पढ़ें :- BRICS में नया देश कैसे बनता है सदस्य? जानिए क्या है पूरी प्रक्रिया और पार्टनर कंट्री का नियम

About the Author: Nishant Singh
निशांत कुमार सिंह एक पैसनेट कंटेंट राइटर और डिजिटल मार्केटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और जनसंचार का गहरा अनुभव है। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के लिए आकर्षक आर्टिकल लिखने और कंटेंट को ऑप्टिमाइज़ करने में माहिर, निशांत हर लेख में क्रिएटिविटीऔर स्ट्रेटेजी लाते हैं। उनकी विशेषज्ञता SEO-फ्रेंडली और प्रभावशाली कंटेंट बनाने में है, जो दर्शकों से जुड़ता है।
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य खबरें