New Year 2025 Investment: नए साल में यहां करें निवेश, बढ़िया कमाई के साथ बनेगा अच्छा फंड

Authored By: Suman

Published On: Wednesday, January 1, 2025

Last Updated On: Thursday, January 2, 2025

New Year 2025 Investment: Naye saal mein kaunse investments karein
New Year 2025 Investment: Naye saal mein kaunse investments karein

नया साल 2025 निवेश के कई मौके (Investment opportunities in New Year 2025) भी लेकर आया है। पिछले साल शेयर बाजार में बहुत अच्छा रिटर्न नहीं मिला, लेकिन इस साल बाजार के कई सेक्टर में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। इसके अलावा रियल एस्टेट, गोल्ड, एफडी जैसे कई साधनों में निवेश के लिए यह साल अच्छा साबित हो सकता है।

Authored By: Suman

Last Updated On: Thursday, January 2, 2025

Investment opportunities in 2025: साल 2025 में आप अपने निवेश पोर्टफोलियो को नई रंगत देने की जरूर सोच रहे होंगे। पिछला साल जहां शेयर बाजार के लिए बहुत अच्छा नहीं रहा, वहीं रियल एस्टेट और गोल्ड में शानदार रिटर्न मिला है। तो नए साल में आपको कहां करना चाहिए निवेश, पोर्टफोलियो में क्या बदलाव करना चाहिए, आइए इसे समझते हैं।

शेयर बाजार

साल 2024 में शेयर बाजार में कई चुनौतियां रहीं जिसकी वजह से बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के बीएसई और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी ने करीब 8 फीसदी का औसत रिटर्न ही दिया है। इसके पिछले साल यानी 2023 में इन दोनों एक्सचेंज से करीब 20 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया था। हालांकि, 2024 में कई मिडकैप और स्मॉलकैप स्टॉक्स ने बहुत शानदार रिटर्न दियाा है। तो अगर आप कुछ जोखिम लेने के लिए तैयार हैं तो इस साल भी कुछ अच्छे मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में पैसा लगाकर बढ़िया रिटर्न कमा सकते हैं। अगर ज्यादा जोखिम लेने का मन नहीं है तो अच्छे लार्जकैप शेयरों में निवेश करें वहां आपको लॉन्ग टर्म में अच्छा रिटर्न मिलेगा। ​कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों की वजह से पिछले साल शेयर बाजार में काफी उतार-चढ़ाव रहा, लेकिन इस साल स्थितियों में थोड़ा सुधार होता दिख रहा है। शेयर बाजार में इस साल बेहतर रिटर्न मिल सकता है। कई जानकार बताते हैं कि इस साल खपत बढ़ने का अनुमान है जिससे निजी बैंक, एफएमसीजी, टेलीकॉम के लार्जकैप शेयरों में मजबूती की अच्छी संभावना दिख रही है।

म्यूचुअल फंड

अगर आप शेयर बाजार के लिए नए हैं तो बेहतर यही है कि म्यूचुअल फंड में निवेश से शुरुआत करें। म्यूचुअल फंड लॉन्ग टर्म में अच्छा रिटर्न देते हैं और अगर आप किसी इक्विटी लिंक्ड सेविंग स्कीम यानी ईएलएसएस  में पैसा लगाते हैं तो आपको टैक्स बचत का भी लाभ मिलता है। सिस्टमेटिक इनवेस्टमेंट प्लान यानी एसआईपी के जरिए आप किसी म्यूचुअल फंड में महज 500 या हजार रुपये महीने के साथ भी निवेश कर सकते हैं। म्यूचुअल फंड में निवेश से आप आसानी से सालाना 12 से 15 फीसदी का रिटर्न हासिल कर सकते हैं। इस तरह कम्पाउंडिंग का फायदा उठाते हुए लॉन्ग टर्म में एसआईपी के जरिए निवेश से आप एक अच्छा कोष यानी फंड तैयार कर सकते हैं।

डेट साधन

ब्याज दरें आजकल काफी ऊंचाई पर हैं और आगे चलकर रिजर्व बैंक दरों में कटौती कर सकता है। ऐसे में आप अभी एफडी, एनसीडी, बॉन्ड जैसे डेट साधनों में निवेश कर बेहतर रिटर्न कमा सकते हैं। डेट साधनों में स्थायी रिटर्न मिलता है और निवेश काफी सुरक्षित होता है। अभी आप एफडी या बॉन्ड में निवेश करेंगे तो आपको ऊंचे ब्याज दर मिल सकेंगे।

सदाबहार सोना

गोल्ड हमेशा ही निवेश के लिए एक बढ़िया और सुरक्षित साधन रहा है। साल 2024 में तो गोल्ड ने 26 फीसदी का  शानदार रिटर्न दिया है। एक समय तो 10 ग्राम गोल्ड 80 हजार रुपये के पार चला गया था। लेकिन नए साल की शुरुआत के आसपास गोल्ड 80 हजार के ​नीचे आ गया है और निवेश का अच्छा मौका दे रहा है। तो गोल्ड में निवेश कर आप अच्छा रिटर्न कमा सकते हैं।

रियल एस्टेट

साल 2025 में रियल एस्टेट भी आपके लिए निवेश का अच्छा मौका लेकर आया है। कोविड के बाद जब रियल एस्टेट मार्केट खुला तोे इसमें अचानक काफी तेजी आ गई थी। पिछले साल कीमतें काफी बढ़ गई थीं और निवेशकों ने खूब पैसा बनाया। लेकिन साल अंत आते-आते रियल एस्टेट बाजार में थोड़ा ठहराव आ गया और कीमतें भी ठहर गई हैं। ऐसे में आपके लिए निवेश का अच्छा मौका है। आप रियल एस्टेट में निवेश कर लॉन्ग टर्म में अच्छा रिटर्न कमा सकते हैं।

About the Author: Suman
सुमन गुप्ता एक स्वतंत्र पत्रकार हैं जो आर्थिक और राजनीतिक विषयों पर अच्छी पकड़ रखती हैं। कई पत्र—पत्रिकाओं के लिए पिछले दस साल से स्वतंत्र रूप से लेखन। राष्ट्रीय राजनीति, कोर इकोनॉमी, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार आदि से जुड़े उनके सैकड़ों रिपोर्ट, आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं।
Leave A Comment

अन्य खबरें