Sports News
17वां आईपीएल नौजवानों पर निगाहें
17वां आईपीएल नौजवानों पर निगाहें
Authored By: अरुण श्रीवास्तव
Published On: Tuesday, April 16, 2024
Last Updated On: Friday, April 26, 2024
होनहार युवाओं के लिए अपने प्रदर्शन के बल पर पहचान बनाने और भारतीय क्रिकेट टीम के लिए अपना दावा पेश करने का प्रमुख प्लेटफॉर्म बन गया है आईपीएल...
Authored By: अरुण श्रीवास्तव
Last Updated On: Friday, April 26, 2024
विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरैल, सरफराज खान, देवदत्त पड्डीकल और तेज गेंदबाज आकाश दीप भारतीय क्रिकेट के नए नौजवान नायक हैं। पिछले महीने मेहमान इंग्लैंड के खिलाफ इन चारों ने ही अपने टेस्ट करियर का आगाज कर उसकी शुरू ही दे दनादन की बहुचर्चित ‘बेजबॉल‘ बल्लेबाजी शैली की हवा निकाल दी। हैदराबाद में पहले टेस्ट में हार से आगाज करने वाले भारत को लगातार चार जीत के साथ पांच टेस्ट मैचों की क्रिकेट सीरीज 4-1 से जिता दिखा दिया कि आने वाला कल उनका है। इन चारों नए नौजवान क्रिकेट नायकों के साथ दो दोहरे शतक और तीन अर्धशतक सहित इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट की सीरीज में कुल 721 रन बना मात्र मैन ऑफ द‘ सीरीज रहने वाले यशस्वी जायसवाल ने कुल नौ टेस्ट में एक हजार रन का आंकड़ा पार कर बतौर सलामी बल्लेबाज भारत की टेस्ट टीम में जगह पक्की कर ली है। सरफराज को छोड़ ध्रुव, यशस्वी, पड्डीकल और आकाशदीप की निगाहें 17वें आईपीएल में भी धमाल कर इस साल जून में होने वाले आईसीसी टी-20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में भी अपनी जगह पक्की करने पर लगी हैं।
सरफराज आईपीएल में पांच सीजन में खेलने के बावजूद कोई धमाल नहीं कर पाए और इस कारण उन्हें 2024 आईपीएल के लिए किसी भी टीम ने नहीं खरीदा। हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में दमदार प्रदर्शन के बाद अपने किसी खिलाड़ी के चोट के चलते बाहर होने पर जरूर कोई भी टीम उन्हें लेने की सोच सकती है। पड्डीकल को छोड़कर बाकी सभी युवा निम्न मध्यवर्ग से आते हैं और अभावों से पार पा अपने लिए क्रिकेट में एक अलग मुकाम बनाया है। टेस्ट क्रिकेट में दम दिखाने के बाद यशस्वी के साथ ध्रुव, देवदत्त और आकाशदीप के पास आईपीएल 2024 में भी धमाल कर टी-20 विश्व कप के लिए अपनी दावेदारी पेश करने का मौका रहेगा।
ध्रुव जुरैल करियर, इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज
मैच | पारी | रन | शतक | अर्धशतक | सर्वोच्च | स्टंप | कैच |
---|---|---|---|---|---|---|---|
3 | 4 | 190 | – | 1 | 90 | 2 | 5 |
आईपीएल | |||||||
13 | 12 | 152 | – | – | 34 | – | 1 |
देवदत्त पड्डीकल करियर, इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज
मैच | पारी | रन | शतक | अर्धशतक | सर्वोच्च | कैच |
---|---|---|---|---|---|---|
1 | 1 | 65 | – | 1 | 65 | 1 |
आईपीएल | ||||||
57 | 57 | 1521 | 1 | 9 | 101* | 24 |
यशस्वी जायसवाल करियर, इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज
मैच | पारी | रन | शतक | अर्धशतक | सर्वोच्च |
---|---|---|---|---|---|
5 | 9 | 712 | 2 | 3 | 214* |
कुल टेस्ट | |||||
9 | 16 | 1028 | 3 | 4 | 214* |
भारत के लिए टी-20 | |||||
17 | 16 | 502 | 1 | 4 | 100* |
आईपीएल | |||||
37 | 37 | 1172 | 1 | 8 | 124 |