बंगाल रेप की घटना में सीबीआई अब एक्शन मोड में, नेताओं की बयानबाजी है जोरों पर

Authored By: सतीश झा

Published On: Wednesday, August 14, 2024

West Bengal Rape Case
West Bengal Rape Case

पश्चिम बंगाल में मेडिकल छात्रा की रेप के मामले में सीबीआई अब पूरे एक्शन में दिख रही है। पहले ही दिन उसने संजय राय की हिरासत कलकत्ता पुलिस से अपने कब्जे में ले ली है। दूसरी ओर, तमाम राजनीतिक दलों का आरोप-प्रत्यारोप जारी है।

Authored By: सतीश झा

Last Updated On: Wednesday, August 14, 2024

केन्द्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम ने कोलकाता डॉक्टर रेप और हत्या मामले की जांच शुरू करने के साथ ही बुधवार को संजय राय की हिरासत कलकत्ता पुलिस से अपने कब्जे में ले ली है। कोलकाता पुलिस के वालंटियर संजय राय को हिरासत में लेने के बाद सीबीआई अधिकारियों की एक टीम उसे सीधे एजेंसी के साल्ट लेक स्थित केंद्रीय सरकारी कार्यालय (सीजीओ) कॉम्प्लेक्स में ले गई और पूछताछ शुरू की है।

सीबीआई अधिकारियों की टीम को विभिन्न समूहों में विभाजित किया गया है। एक समूह में पूछताछ विशेषज्ञ शामिल हैं, जो संजय राय और उन अन्य लोगों से पूछताछ करेंगे, जिन्हें आगे की जांच के लिए बुलाया जाएगा। सीबीआई टीम (CBI Team) का एक अन्य समूह मेडिकल कॉलेज में घटनास्थल की जांच करेगा। फोरेंसिक विशेषज्ञ सीबीआई टीम के साथ होंगे और अस्पताल में घटनास्थल से नमूने एकत्र करेंगे। सीबीआई अधिकारी अस्पताल के स्टाफ सदस्यों, मेडिकल छात्रों और जूनियर डॉक्टरों से भी बातचीत करेंगे और उस रात की घटनाओं के क्रम को समझने की कोशिश करेंगे।

फोन की जांच और कॉल लिस्ट की समीक्षा

जांच अधिकारी पीड़ित जूनियर डॉक्टर और वालंटियर संजय राय के मोबाइल फोन की भी जांच करेंगे और उनके कॉल लिस्ट की समीक्षा करेंगे। जांच टीम की पहली प्राथमिकता यह पता लगाना है कि इस अपराध में केवल संजय शामिल था या इसमें उसके और भी साथी शामिल थे।

जारी है मेडिकल छात्रों (Medical Students) का विरोध प्रदर्शन

आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में OPD सेवाएं बंद हैं। 9 अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक महिला PGT डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के खिलाफ अस्पताल के जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर हैं। FAIMA(फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन) ने इस घटना के विरोध में OPD सेवाओं को देश भर में बंद करना जारी रखा है। आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बलात्कार-हत्या मामले में न्याय की मांग को लेकर डॉक्टरों ने विरोध प्रदर्शन किया।

भाजपा नेताओं (BJP Leaders) ने उठाया कानून-व्यवस्था पर सवाल

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बलात्कार-हत्या कांड पर कहा, “यह बहुत दुखद घटना है… ममता बनर्जी की सरकार उससे ध्यान भटकाना चाहती थी और इस पर पर्दा डालना चाहती थी इसलिए अदालत ने इसका संज्ञान लिया है तथा CBI जांच के आदेश दिए हैं… CBI मामले की सक्रियता से जांच करेगी तथा दोषियों को सजा दिलाने के लिए काम करेगी।

राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा, “बंगाल आज अराजकता का सबसे बड़ा अड्डा बन गया है, यह अराजकता, अराजक तत्त्वों के द्वारा हो रही है लेकिन इसे राज्य सरकार द्वारा बढ़ावा मिल रहा है… एक घटना नहीं कई ऐसी घटनाएं हुई हैं। वहां की मुख्यमंत्री इस पर अंकुश लगाने के बजाय ऐसे लोगों को बढ़ावा दे रही हैं… बंगाल की सत्ता एक ग़लत रास्ते पर जा रही है।

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, “निश्चित रूप से जो समाज में अराजकता फैलाए और इस तरह की घटना तो अंजाम दे उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। जो भी निर्णय है हम उसका स्वागत करते हैं न्याय मिलना ही चाहिए।

हमें भी समाज के रूप में अपनी भूमिका पर विचार करना होगा : राजद नेता मनोज झा

आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बलात्कार-हत्या मामले की जांच CBI को सौंपने पर राजद नेता मनोज कुमार झा (RJD leader Manoj Kumar Jha) ने कहा, ” हमें सिर्फ इतना कहना है कि तुरंत कार्रवाई हो और न्याय मिले क्योंकि जो घटना हुई है वो रोंगटे खड़ी कर देती है लेकिन मुझे दु:ख होता है कि ये देश निर्भया वाले केस के बाद भी कुछ नहीं सीख पाया….ममता बनर्जी ने भी खुद कहा था कि मामला CBI को सौंपा जाएगा…अब तुरंत कार्रवाई हो लेकिन हमें भी समाज के रूप में अपनी भूमिका पर विचार करना होगा।

About the Author: सतीश झा
सतीश झा की लेखनी में समाज की जमीनी सच्चाई और प्रगतिशील दृष्टिकोण का मेल दिखाई देता है। बीते 20 वर्षों में राजनीति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समाचारों के साथ-साथ राज्यों की खबरों पर व्यापक और गहन लेखन किया है। उनकी विशेषता समसामयिक विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना और पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाना है। राजनीति से लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्दों तक, उनकी गहन पकड़ और निष्पक्षता ने उन्हें पत्रकारिता जगत में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है
Leave A Comment

अन्य राज्य खबरें