Special Coverage
कांग्रेस सांसद प्रियंका की तारीफ में पाकिस्तान ने क्यों कही इतनी बात !
Authored By: सतीश झा
Published On: Tuesday, December 17, 2024
Last Updated On: Tuesday, December 17, 2024
कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi) के संसद में "फिलिस्तीन" लिखा बैग लेकर पहुंचने पर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं। इस मुद्दे पर जहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने प्रियंका गांधी पर निशाना साधा, वहीं पाकिस्तान के एक नेता ने उनकी जमकर तारीफ की है।
Authored By: सतीश झा
Last Updated On: Tuesday, December 17, 2024
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के पूर्व नेता फवाद चौधरी ने प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) की इस पहल को सराहा और उन्हें जवाहरलाल नेहरू की पोती बताते हुए उनकी साहसिकता की प्रशंसा की। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर चौधरी ने लिखा, “जवाहरलाल नेहरू जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी की पोती से और क्या उम्मीद की जा सकती है? प्रियंका गांधी पिग्मीज़ के बीच तनकर खड़ी हो गई हैं। यह शर्म की बात है कि आज तक किसी पाकिस्तानी सांसद ने ऐसा साहस नहीं दिखाया।”
क्या है फिलिस्तीन बैग का संदेश?
फिलिस्तीनी प्रतीक वाले इस बैग को प्रियंका गांधी ने जिस तरह से सार्वजनिक मंच पर दिखाया है, वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक संदेश देने का प्रयास माना जा रहा है। यह कांग्रेस की उस नीति को भी दर्शाता है, जिसमें पार्टी गाजा और फिलिस्तीन के लोगों के साथ खड़े होने की बात करती रही है।
संसद में प्रियंका गांधी का यह कदम चर्चा और विवाद दोनों का केंद्र बन गया है। भाजपा के आरोपों और पाकिस्तान की प्रशंसा के बीच कांग्रेस महासचिव के इस प्रतीकात्मक कदम ने देश और विदेश में बहस छेड़ दी है।
प्रियंका के बैग पर क्यों मचा घमासान?
प्रियंका गांधी संसद में एक ऐसे हैंडबैग के साथ पहुंचीं, जिस पर “फिलिस्तीन” लिखा हुआ था और उसमें तरबूज समेत फिलिस्तीनी प्रतीक नजर आ रहे थे। इसे गाजा में इजरायल की कार्रवाई के खिलाफ उनके विरोध और फिलिस्तीनियों के प्रति समर्थन के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।
प्रियंका गांधी पहले भी गाजा में इजरायल की सैन्य कार्रवाई की आलोचना कर चुकी हैं। हाल ही में उन्होंने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर बर्बरता का आरोप लगाते हुए कहा था कि गाजा में हो रही घटनाएं मानवता के खिलाफ हैं।
भाजपा का तीखा हमला
भाजपा ने इस मुद्दे को मुस्लिम तुष्टिकरण करार दिया और प्रियंका गांधी पर तीखा हमला बोला। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से वोट बैंक की राजनीति करती रही है और यह घटना उसी का एक और उदाहरण है। भाजपा प्रवक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी इस तरह के प्रतीकात्मक कदम उठाकर एक विशेष वर्ग को खुश करना चाहती हैं।
प्रियंका को फिलिस्तीन दूतावास से मिली बधाई
गौरतलब है कि हाल ही में नई दिल्ली स्थित फिलिस्तीन दूतावास के प्रभारी अबेद एलराज़ेग अबू जजेर ने वायनाड से प्रियंका गांधी की चुनावी जीत पर उन्हें बधाई दी थी।
ये भी पढ़े: जब संसद में कांग्रेसी सांसद प्रियंका गांधी की हरकत से मचा ऐसा बवाल !
सोशल मीडिया पर बहस
प्रियंका गांधी के “फिलिस्तीन बैग” ने सोशल मीडिया पर भी बहस छेड़ दी है। कुछ इंटरनेट यूजर्स ने इसे फिलिस्तीनी समर्थन का प्रतीक बताया, तो कुछ ने इसे भाजपा के आरोपों से जोड़ते हुए सवाल उठाए।
पाकिस्तान की प्रतिक्रिया क्यों महत्वपूर्ण?
पाकिस्तान से आई इस प्रतिक्रिया को भारत में खासतौर पर भाजपा ने निशाने पर लिया। भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रियंका गांधी का यह कदम भारत की विदेश नीति और उसके रुख के विपरीत है।













