Special Coverage
पल पल बदलती बांग्लादेश की स्थिति, अपनों की चिंता में भारत सरकार
Authored By: सतीश झा
Published On: Friday, August 9, 2024
Last Updated On: Thursday, August 8, 2024
चाहे हर पल बांग्लादेश की हालात में बदलाव हो रहे हैं। हर घंटे कोई न कोई नई सूचना सरेआम हो रही है। लेकिन, भारत सरकार अपने नागरिकों और वहां रह रहे अल्पसंख्यक हिंदुओं के लिए पूरी योजना पर काम कर रही है। गुरुवार को भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से कुछ सूचनाएं सार्वजनिक भी की गई हैं।
Authored By: सतीश झा
Last Updated On: Thursday, August 8, 2024
हर सरकार की जिम्मेदारी है कि वह अपने सभी नागरिकों की भलाई सुनिश्चित करे। हम बांग्लादेश में कानून और व्यवस्था की जल्द बहाली की उम्मीद करते हैं। यह देश और पूरे क्षेत्र के हित में है। बांग्लादेश की स्थिति पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा, “खबर है कि आज शाम अंतरिम सरकार का शपथ ग्रहण होगा। एक बार जब ये चीजें हो जाएंगी, तो मैं एक बात पर जोर देना चाहूंगा, सरकार और भारत के लोगों के लिए, बांग्लादेश के लोगों का हित हमारे दिमाग में सबसे ऊपर है।”
अल्पसंख्यकों की स्थिति पर भी नज़र
बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमले के बारे में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “विदेश मंत्री ने अपने स्वप्रेरणा वक्तव्य में इस मुद्दे को उठाया था। हम अल्पसंख्यकों की स्थिति पर भी नज़र रख रहे हैं। ऐसी भी रिपोर्ट हैं कि अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए समूहों और संगठनों द्वारा कई पहल की गई हैं। मैं संसद में विदेश मंत्री द्वारा कही गई बात को दोहराना चाहूंगा, हम इन कदमों का स्वागत करते हैं, लेकिन स्वाभाविक रूप से हम तब तक बहुत चिंतित रहेंगे जब तक कानून और व्यवस्था स्पष्ट रूप से बहाल नहीं हो जाती… हम यह भी स्पष्ट करना चाहते हैं कि हर सरकार की जिम्मेदारी है कि वह अपने सभी नागरिकों की भलाई सुनिश्चित करें। हमें बांग्लादेश में कानून और व्यवस्था की जल्द बहाली की उम्मीद है। यह देश और पूरे क्षेत्र के हित में है।”
विदेश मंत्रालय ने कही है ये बात
बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना को राजनीतिक शरण देने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा, “हमारे विदेश मंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को भारत आने की मंजूरी अल्प सूचना पर दी गई थी।”
विदेश मंत्री जयशंकर और ब्रिटेन के विदेश सचिव डेविड लैमी के बीच बांग्लादेश पर चर्चा के बारे में पूछने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा, “कुछ घंटे पहले ही विदेश मंत्री की विदेश सचिव डेविड लैमी से बातचीत हुई थी। दोनों नेताओं ने बांग्लादेश और पश्चिम एशिया के विकास के बारे में बात की।”













