एक साल में दोगुना हुआ निवेशकों का धन, ऑल टाइम हाई पर पहुंचा Bitcoin

Authored By: Suman

Published On: Monday, October 6, 2025

Last Updated On: Monday, October 6, 2025

Bitcoin ने निवेशकों का धन एक साल में दोगुना किया, क्रिप्टो मार्केट में रिकॉर्ड तोड़ ऑल टाइम हाई दर्ज हुआ.
Bitcoin ने निवेशकों का धन एक साल में दोगुना किया, क्रिप्टो मार्केट में रिकॉर्ड तोड़ ऑल टाइम हाई दर्ज हुआ.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में बिटकॉइन अब तक के ऑल टाइम हाई लेवल 1,25,245.57 पर पहुंच गया. एक साल में ही निवेशकों की रकम दोगुनी हो चुकी है.

Authored By: Suman

Last Updated On: Monday, October 6, 2025

क्रिप्टोकरेंसी बिटक्वाइन (Cryptocurrency Bitcoin) 1.25 लाख डॉलर से ऊपर पहुंच गया. इसमें पिछले एक साल में करीब 100 फीसदी का जबरदस्त रिटर्न मिला है. यानी एक साल में ही निवेशकों की रकम दोगुनी हो चुकी है.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में रविवार को बिटकॉइन अब तक के ऑल टाइम हाई लेवल 1,25,245.57 पर पहुंच गया. हालांकि सोमवार को यह मामूली टूटकर 1.24 लाख डॉलर के आसपास है. इसके पहले बिटकॉइन ने अगस्त 2024 में 1,24,480 डॉलर की रिकॉर्ड ऊंचाई हासिल की थी. भारतीय रुपये में तो बिटकॉइन 1 करोड़ के स्तर को पार कर चुका है.

क्यों आ रही तेजी

असल में अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनिश्चितता और भू-राजनीतिक तनाव की वजह से निवेशक अब शेयर बाजार की जगह गोल्ड, बिटकॉइन जैसे वैकल्पिक साधनों में धन लगा रहे हैं. अमेरिका में शटडाउन और डॉनल्ड ट्रंप प्रशासन के ​​डिजिटल करेंसी के अनुकूल कई नियमों की वजह से भी बिटकॉइन मजबूत हुआ है. डॉलर के कमजोर होने, संस्थागत निवेशकों की तरफ से बड़ी खरीदारी की वजह से भी इसको मजबूती मिली है.

पिछले एक हफ्ते में बिटकॉइन करीब 13 फीसदी और साल भर में करीब 100 फीसदी चढ़ चुका है. यानी साल भर में इसकी कीमत दोगुनी हो चुकी है. भारतीय रुपये में देखें तो बिटकॉइन ने एक साल में करीब 115 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है. साल 2025 में अब तक बिटकॉइन करीब 40 फीसदी का रिटर्न दे चुका है. इसकी वजह से बिटकॉइन का मार्केट कैप बढ़कर करीब 2.5 लाख करोड़ डॉलर के आसपास पहुंच चुका है.

क्या 1.5 लाख का लेवल आएगा?

कई जानकार यह अनुमान लगा रहे हैं कि बिटकॉइन इस साल के अंत तक 1.5 लाख डॉलर के स्तर तक पहुंच सकता है. कई देशों के एक्सचेंज ट्रेडेड फंड भी अब बिटकॉइन में बड़े पैमाने पर निवेश कर रहे हैं. बिटकॉइन दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी (cryptocurrency) है.

यही नहीं, जानकारों के मुताबिक सिर्फ बिटकॉइन ही नहीं बल्कि सभी क्रिप्टोकरेंसी में इस साल अच्छी बढ़त हुई है. पिछले 15 साल में बिटकॉइन में निवेश करीब 23 लाख गुना हो गया है. हालांकि क्रिप्टो करेंसी का कोई रेगुलेशन नहीं होता, इसलिए इसमें निवेश को काफी जोखिमपूर्ण माना जाता है.

इथेरियम में भी तेजी

एक और प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी इथेरियम (ETH) में भी अच्छी मजबूती आती दिखी है. यह बाजार पूंजीकरण के लिहाज से दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी है. रविवार को यह भी 4,600 डॉलर के स्तर को पार करते हुए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया है.

जानकारों का कहना है कि जब तक इथेरियम 4,350 से 4,280 डॉलर के दायरे में रहेगा, तब तक इसके 4,620 के ऊपरी रेंज को तोड़ने की उम्मीद बनी रहेगी. टेक्निकल संकेत यह बता रहे हैं कि इथेरियम अगले सत्रों में लीडर बनी रह सकती है.

(डिस्क्लेमर: शेयर बाजार और निवेश संबंधी खबरें सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं. इसे निवेश सलाह नहीं मानना चाहिए. ​किसी भी तरह के निवेश से पहले सेबी रजिस्टर्ड किसी सलाहकार की राय जरूर लें.)

यह भी पढ़ें :- Tata, LG जैसे दिग्गज ग्रुप में निवेश का मौका, इस हफ्ते आ रहे 33 हजार करोड़ के IPO Tata LG

About the Author: Suman
सुमन गुप्ता एक स्वतंत्र पत्रकार हैं जो आर्थिक और राजनीतिक विषयों पर अच्छी पकड़ रखती हैं। कई पत्र—पत्रिकाओं के लिए पिछले दस साल से स्वतंत्र रूप से लेखन। राष्ट्रीय राजनीति, कोर इकोनॉमी, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार आदि से जुड़े उनके सैकड़ों रिपोर्ट, आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं।
Leave A Comment

अन्य खबरें