Special Coverage
भारतीय शेयर बाजार ने चौंकाया, ट्रंप के टैरिफ झटके का ज्यादा असर नहीं
Authored By: Suman
Published On: Thursday, August 7, 2025
Last Updated On: Thursday, August 7, 2025
Share Market Today: सुबह बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 281 अंक की गिरावट के साथ 80,262.98 पर खुला और थोड़ी ही देर में सुधरकर 80,420.94 तक चला गया.
Authored By: Suman
Last Updated On: Thursday, August 7, 2025
Share Market Today: भारत पर 50 फीसदी का दुनिया में सबसे ज्यादा टैरिफ लगाने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ऐलान (Trump Tariff on India) से शेयर बाजार आज गिरावट के साथ खुले. हालांकि आशंका के विपरीत शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट नहीं आई. रुपया भी आज मजबूती के साथ खुला.
सुबह बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 281 अंक की गिरावट के साथ 80,262.98 पर खुला और थोड़ी ही देर में सुधरकर 80,420.94 तक चला गया. इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी (NSE Nifty) 110 अंकों की गिरावट के साथ 24,464.20 पर खुला और थोड़ी ही देर में 24,533.75 तक चला गया.
ट्रंप का झटका
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को भारत को एक बड़ा झटका देते हुए भारतीय आयात पर 25 फीसदी का अतिरिक्त टैरिफ लगा दिया है. इस तरह अब भारत की वस्तुओं के अमेरिका में आयात पर कुल 50 फीसदी का टैरिफ लगेगा. वह पिछले हफ्ते ही भारत पर 25 फीसदी का टैरिफ लगाने का ऐलान कर चुके थे जो 7 अगस्त यानी आज से लागू हो गया है. ट्रंप ने रूस से कच्चा तेल खरीदने पर नाराजगी जताते हुए जुर्माने के रूप में भारत पर यह 25 फीसदी का अतिरिक्त टैरिफ लगाया है. यह 25 फीसदी का अतिरिक्त टैरिफ 21 दिन बाद लागू होगा.
रुपया भी आज सुबह 5 पैसे की मजबूती के साथ खुला. शेयर बाजार के इस चौंकाने वाले प्रदर्शन की वजह यह है कि शेयर बाजारों ने अब ट्रंप के ऐलान पर रिएक्शन देना कम कर दिया है. निवेशक इसे भी ट्रंप की ब्लैकमेलिंग का एक तरीका मान रहे हैं और 21 दिन का समय मिला है तो उम्मीद है कि इसके भीतर कोई समझौता हो सकता है. हालांकि जब तक भारत-अमेरिका के बीच कोई ट्रेड डील नहीं होती तब तक बाजार में अनिश्चितता बनी रहेगी.
किन सेक्टर पर रखें नजर
- जानकारों का कहना है कि निकट अवधि में खासकर निर्यात से जुड़े सेक्टर में कमजोरी बनी रहेगी. ऐसे में घरेलू खपत थीम वाले शेयरों जैसे बैंकिंग व फाइनेंशियल, टेलीकॉम, होटल, सीमेंट, कैपिटल गुड्स आदि पर भरोसा किया जा सकता है.
- कच्चा तेल पांच महीने के निचले स्तर 67.5 डॉलर प्रति बैरल के आसपास हो गया है. आज निफ्टी 50 कॉन्ट्रैक्ट की साप्ताहिक एक्सपायरी है. आज टाइटन, एलआईसी, बायोकॉन, जीसीपीएल और एचपीसीएल जैसी कंपनियों के नतीजे आ सकते हैं.
- इसके पहले बुधवार को ही रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा के बाद शेयर बाजार लाल निशान में पहुंच गया था. इसके बाद बुधवार शाम को जब ट्रंप के झटके की खबर आई तो निवेशकों का सेंटिमेंट बिगड़ गया और वे अमेरिकी बाजारों से अपना निवेश हटाने लगे. विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने इस महीने अब तक भारतीय शेयर बाजार से 6153.28 करोड़ रुपये की बिकवाली की है.
ये भी पढ़ें:- भारत पर ट्रंप ने लगाया 50 फीसदी टैरिफ, दोनों देशों के बीच तल्खी बढ़ी














