Assembly Election News
तेजस्वी को नहीं है कोई कंफ्यूजन, मगर ये कहा NDA के नेताओं ने
Authored By: सतीश झा
Published On: Tuesday, September 16, 2025
Last Updated On: Tuesday, September 16, 2025
बिहार विधानसभा (Bihar Assembly)में नेता प्रतिपक्ष और राजद (RJD) नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने महागठबंधन के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर उठ रहे सवालों पर साफ़ किया कि गठबंधन में किसी भी तरह का भ्रम नहीं है. तेजस्वी यादव ने कहा, “हमारे गठबंधन में कोई कंफ्यूजन नहीं है. बिहार की मालिक जनता है और वही मुख्यमंत्री बनाती है. इस बार वे बदलाव चाहते हैं. आप बिहार के किसी व्यक्ति से जाकर पूछिए कि वे किसे मुख्यमंत्री के तौर पर देखना चाहते हैं, जवाब मिल जाएगा... लेकिन हमारे गठबंधन में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर कोई कंफ्यूजन नहीं है और समय आने पर इसकी घोषणा कर दी जाएगी.”
Authored By: सतीश झा
Last Updated On: Tuesday, September 16, 2025
Tejashwi NDA Leaders Statement: तेजस्वी (Tejashwi Yadav) के इस बयान से साफ है कि महागठबंधन (INDIA) फिलहाल मुद्दों और जनसमर्थन पर फोकस कर रहा है, जबकि मुख्यमंत्री पद के चेहरे की औपचारिक घोषणा रणनीतिक समय पर की जाएगी. उनके बयान को एनडीए (NDA) नेताओं के उस दावे का जवाब भी माना जा रहा है, जिसमें विपक्षी गठबंधन में असहमति और अस्पष्टता का आरोप लगाया गया था.
तेजस्वी यादव का नीतीश कुमार पर हमला
राजद नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) पर बड़ा हमला बोला है. एनडीए (NDA) में बने रहने के नीतीश कुमार के आश्वासन पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी ने कहा, “उसी पूर्णिया में उन्होंने हमारे साथ भी साझा रैली की थी. वे कल जो बातें कह रहे थे, वही बातें उस रैली में हमारे साथ भी बैठकर कर रहे थे.”
तेजस्वी ने आगे कहा, “अब उन्हें (INDIA गठबंधन में) शामिल कौन कर रहा है? अब तो भाजपा के लोग ही उन्हें भगाना चाहते हैं… हम उनका सम्मान करते हैं लेकिन अभी वे बिहार संभालने की स्थिति में नहीं हैं.”
राजनीतिक हलकों में तेजस्वी यादव का यह बयान इस संकेत के तौर पर देखा जा रहा है कि महागठबंधन नीतीश कुमार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए उन्हें कमजोर करार देने की रणनीति अपना रहा है. वहीं, भाजपा और जेडीयू के रिश्तों में समय-समय पर आने वाली तल्ख़ी ने इस बहस को और तेज कर दिया है.
नितिन नबीन बोले – कांग्रेस ने कभी गठबंधन को अपनाया ही नहीं
बिहार में सीटों के बंटवारे को लेकर राजद (RJD) और कांग्रेस (Congress) के बीच चल रहे तनाव पर भाजपा (BJP) के नितिन नबीन (Nitin Nabin) ने करारा प्रहार किया है. उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने कभी भी गठबंधन को अपनाया नहीं है. ये निजी महत्वाकांक्षाओं वाले लोग हैं. INDIA गठबंधन का हाल सबने देखा कि बड़े-बड़े पांच सितारा होटल में बैठक चल रही थी, बाद में पांचों पांच दिशा में निकल लिए.”
नितिन नबीन ने दावा किया कि महागठबंधन दल आपसी खींचतान और स्वार्थ के कारण जनता के मुद्दों से कटे हुए हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद की राजनीति विकास के बजाय केवल सत्ता की कुर्सी पर केंद्रित है, जिसका परिणाम हमेशा विफलता के रूप में सामने आता है.
बिहार में तेजस्वी यादव की ‘बिहार अधिकार यात्रा’ शुरू
राजद नेता तेजस्वी यादव ने अपनी नई राजनीतिक पहल ‘बिहार अधिकार यात्रा’ की शुरुआत कर दी है. तेजस्वी यादव ने कहा कि वोटर अधिकार यात्रा के बाद अब जिन जिलों में हम नहीं पहुंच सके थे, वहां तक पहुंचने के लिए यह नई यात्रा शुरू की गई है. हमारा लक्ष्य है कि हर घर और हर जन तक अपनी बात पहुंचाई जाए.
उन्होंने इस यात्रा को केवल अपनी नहीं, बल्कि बिहार की जनता की आवाज बताते हुए कहा, “यह यात्रा नौजवानों के रोजगार, मां-बहनों की सुरक्षा और सम्मान, किसानों और मजदूरों के अधिकार, और बिहार में उद्योग-कारखानों की स्थापना की यात्रा है. यह वास्तव में बिहार के अधिकार की यात्रा है.”
तेजस्वी ने जनता के बदलते रुख की ओर इशारा करते हुए कहा कि राज्य की जनता इस बार बदलाव के मूड में है. “जहां-जहां हम जा रहे हैं, वहां लोग कह रहे हैं कि भ्रष्टाचार और अपराध बढ़ गया है. किसी भी कीमत पर हमारा लक्ष्य रहेगा कि हम बिहार की जनता को अपराध और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार दें.
यात्रा पर निकलें और पूरे परिवार को साथ लेकर चलें
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने बिहार के विपक्षी नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) को खुले चुनौती भरा आह्वान किया है. उन्होंने कहा, “तेजस्वी यादव यात्रा पर निकलें और पूरे परिवार के साथ निकलें. लालू यादव को दिखाएं कि विकास किसको कहते हैं. लालू यादव (Lalu Yadav) गरीब को कहते थे कि बिजली का क्या करोगे? सड़क का क्या करोगे? उन्हें सड़क से पूरे बिहार की यात्रा कराई जाए तब पता चलेगा कि नीतीश कुमार(Nitish Kumar) और नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) की जोड़ी ने बिहार में क्या विकास किया है.”
गिरिराज सिंह ने अपने बयान में यह भी कहा कि अगर तेजस्वी यादव और उनके परिवार को बिहार की सड़कों, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का स्वयं अनुभव कराया जाए तो सार्वजनिक हित और राज्य के विकास के मसलों पर वास्तविक तस्वीर सामने आएगी. केंद्रीय मंत्री ने यह टिप्पणी राजनीतिक टकराव के बीच की है, जहां विपक्ष और सत्तारूढ़ गठबंधन के बीच विकास और जवाबदेही को लेकर बहस चल रही है.
ये भी पढ़ें:- पत्रकार को पीट दिया इस मंत्री ने, विपक्ष ने मंत्री की बर्खास्तगी की मांग की
















