Special Coverage
जंतर-मंतर Protest से पहले अभिजीत दीपके फ्लाइट से ही हिरासत में, आशुतोष, सौरव, ध्रुव राठी समेत CJP के सैकड़ों समर्थक भी पकड़े गए
Authored By: Galgotias Times Bureau
Published On: Saturday, October 10, 2026
Last Updated On: Saturday, October 10, 2026
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले CJP समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई की खबर सामने आई है. अभिजीत दीपके को फ्लाइट से हिरासत में लिए जाने और आशुतोष, सौरव व ध्रुव राठी समेत सैकड़ों समर्थकों को पकड़े जाने का दावा किया गया है. आखिर क्या है पूरा मामला?
Authored By: Galgotias Times Bureau
Last Updated On: Saturday, October 10, 2026
CJP Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया रोकने की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया था. पुलिस ने अनुमति नहीं दी, और प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पार्टी के तीन बड़े नेता हिरासत में ले लिए गए.
विमान उतरते ही अंदर पहुंची पुलिस
अभिजीत दीपके(Abhijeet Deepke Detained) मुंबई से उड़ान भरकर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे थे. विमान के रनवे पर उतरते ही दिल्ली पुलिस के जवान अंदर पहुंच गए. उनके साथ सफर कर रहे आशुतोष रांका और सौरव दास को भी हिरासत में लिया गया. सामने आए वीडियो में दीपके पुलिस से कहते दिख रहे हैं कि वे यहां गिरफ्तार होने ही आए हैं. जवाब में पुलिसकर्मी ने कहा कि यह गिरफ्तारी नहीं है और वे सहयोग करें. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक तीनों को बाद में बस में बैठाकर ले जाया गया. पुलिस का कहना है कि पार्टी को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी गई थी.
ध्रुव राठी गुरुग्राम के घर से उठाए गए
यूट्यूबर ध्रुव राठी को पुलिस ने गुरुग्राम के सेक्टर 56 में उनके घर से हिरासत में लिया. रिपोर्ट्स के मुताबिक यह कार्रवाई दिल्ली और गुरुग्राम पुलिस की संयुक्त टीम ने की. निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद वे सोशल मीडिया पर दिल्ली पहुंचने की पोस्ट डाल रहे थे. CJP का कहना है कि उनकी लीगल हेड रत्ना सिंह को भी हिरासत में लिया गया है.
कितने लोग हिरासत में, आंकड़ों पर सवाल
हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या अलग-अलग रिपोर्ट्स में अलग है. कुछ रिपोर्ट्स में करीब 600 समर्थकों के हिरासत में होने की बात है, जबकि Times Now Navbharat के मुताबिक नई दिल्ली इलाके से करीब 200 प्रदर्शनकारी पकड़े गए. उसी रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने पिछले कुछ घंटों में आपराधिक पृष्ठभूमि वाले 600 से ज्यादा संदिग्धों को भी एहतियातन हिरासत में लिया, ताकि प्रदर्शन में हिंसा न भड़के. अभी तक पुलिस ने कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है.
दिल्ली में कड़ी सुरक्षा
पूरी दिल्ली में करीब 20 से 25 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं. जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस के आसपास बैरिकेडिंग की गई और कुछ जगह सड़कों पर कीलें भी लगाई गईं. प्रदर्शन के चलते दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों के कुछ गेट शाम 6 बजे तक बंद रखे गए हैं, जिससे यात्रियों को दिक्कत हो सकती है (Delhi Protest News). पुलिस संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों और फेस रिकग्निशन सिस्टम से भीड़ पर नजर रख रही है. सिंघु बॉर्डर और गाजियाबाद की तरफ भी चेकिंग तेज कर दी गई थी.
CJP का बयान
CJP ने नेताओं और बाकी नागरिकों की हिरासत की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने की कोशिश बताया है. दीपके ने सरकार की कार्रवाई पर कहा कि यह ताकत नहीं, डर की निशानी है.
पहले ही जताई गई थी गिरफ्तारी की आशंका
गौरतलब है कि 4 अक्टूबर को सौरव दास ने दावा किया था कि सरकार उन्हें, दीपके और रांका को गिरफ्तार करने की योजना बना रही है. तब किसी सरकारी एजेंसी ने इसकी पुष्टि नहीं की थी. आज की कार्रवाई को CJP इसी आशंका से जोड़कर देख रही है.
मांग क्या है
CJP की मांग है कि SIR प्रक्रिया रद्द हो, मतदाता सूची से नाम हटाने के मामले में जवाबदेही तय हो, और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें. इसी मुद्दे पर पिछले दिनों दिल्ली और मुंबई में कई प्रदर्शन हो चुके हैं.
यह भी पढ़ें :- दिल्ली में CJP का प्रदर्शन, यूपी की सीमाओं पर BSF तैनात, बैरिकेडिंग और जांच के बाद कई ट्रेनें रद्द













