ना… ना… करते ‘हां’ कर गई कुमारी शैलजा, अब कांग्रेस के लिए हरियाणा में करेगी प्रचार

ना… ना… करते ‘हां’ कर गई कुमारी शैलजा, अब कांग्रेस के लिए हरियाणा में करेगी प्रचार

Authored By: सतीश झा

Published On: Monday, September 23, 2024

Congres Leader and Sirsa MP Kumari Shailja
Congres Leader and Sirsa MP Kumari Shailja

कई गुटों में बंटी हरियाणा में कांग्रेस के नेताओं के आपसी अनबन की खबरें सुर्खियां बनती रही हैं। विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए प्रदेश की कद्दावर नेता कुमारी शैलजा अब मान गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से उनकी अनबन की खबरें आए दिन सरेआम होती रही हैं। अब कांग्रेस को इस नए समाचार से कुछ आस बंधी हैं।

हरियाणा चुनाव (Haryana Election) से पहले कांग्रेस (Congress) के भीतर दरार की खबरों के बीच पार्टी को बड़ी राहत मिली है। जानकारी के अनुसार, पार्टी नेता रणदीप सुरजेवाला और सिरसा की सांसद कुमारी शैलजा कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। दोनों नेताओं की नाराजगी की खबरें लगातार सुर्खियों में थीं। कुमारी शैलजा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा के बीच अनबन की अटकलें भी लगाई जा रही थीं। अफवाहें थीं कि टिकट वितरण को लेकर वरिष्ठ नेतृत्व के साथ मतभेदों के कारण शैलजा पार्टी छोड़ सकती हैं या चुनाव अभियान से खुद को अलग कर सकती हैं। लेकिन अब उनके प्रचार में शामिल होने से कांग्रेस के लिए राहत की खबर आई है।

भाजपा (BJP) में शामिल होने की बात पर ये जवाब दिया कुमारी शैलजा ने

कुमारी शैलजा (Kumari Shailja) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की अटकलों पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर (Union Minister Manohar Lal Khattar) द्वारा की गई टिप्पणी पर करारा जवाब दिया है। खट्टर ने शैलजा को भाजपा में शामिल होने का न्योता देते हुए कहा था कि कोई भी स्वाभिमानी व्यक्ति कांग्रेस से मिले व्यवहार के बाद अपने अगले कदम पर विचार करेगा।

इसके जवाब में कुमारी शैलजा ने आजतक हरियाणा 2024 कार्यक्रम में कहा, “कांग्रेस मेरी रगों में दौड़ती है, जैसे मेरे पिता तिरंगे में लिपटकर मरे थे। मैं भी एक दिन उसी तिरंगे में लिपटकर जाऊंगी।” उन्होंने भाजपा को सलाह दी कि उन्हें कांग्रेस के मामलों में दखल देने से बचना चाहिए। शैलजा के इस बयान ने साफ कर दिया कि वह कांग्रेस के प्रति अपनी वफादारी में कोई कमी नहीं लाने वाली हैं।

सुरजेवाला ने शैलजा को लेकर सार्वजनिक की ये जानकारी

रणदीप सुरजेवाला (Randeep Surjewala) ने एक्स पोस्ट में एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। उन्होंने लिखा कि आज नरवाना में कांग्रेस प्रत्याशी सतबीर दबलैन के लिए 22 जनसभाओं को संबोधित करेंगे। सुरजेवाला ने विश्वास जताया कि पूरे जिले और हरियाणा में कांग्रेस की जीत का परचम लहराएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि सांसद कुमारी शैलजा 26 तारीख को दोपहर 12 बजे नरवाना में एक जनसभा को संबोधित करेंगी और कांग्रेस के लिए प्रचार करेंगी। सुरजेवाला ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में कांग्रेस के चुनावी संघर्ष की बात करते हुए कहा कि कांग्रेस जीत हासिल करेगी और हरियाणा के सपनों को साकार करेगी।

About the Author: सतीश झा
सतीश झा की लेखनी में समाज की जमीनी सच्चाई और प्रगतिशील दृष्टिकोण का मेल दिखाई देता है। बीते 20 वर्षों में राजनीति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समाचारों के साथ-साथ राज्यों की खबरों पर व्यापक और गहन लेखन किया है। उनकी विशेषता समसामयिक विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना और पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाना है। राजनीति से लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्दों तक, उनकी गहन पकड़ और निष्पक्षता ने उन्हें पत्रकारिता जगत में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य खबरें