उपचुनाव में बीजेपी और रालोद के 7 विधायकों ने विधानसभा में ली शपथ, मोदी-योगी के नेतृत्व पर जताई निष्ठा

Authored By: सतीश झा

Published On: Friday, November 29, 2024

7 BJP and RLD MLA took oath in UP assembly
7 BJP and RLD MLA took oath in UP assembly

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसके सहयोगी दल राष्ट्रीय लोकदल (RLD) ने उत्तर प्रदेश में उपचुनावों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 में से 7 सीटों पर जीत हासिल की।

Authored By: सतीश झा

Last Updated On: Friday, November 29, 2024

शुक्रवार को विधानसभा में नवनिर्वाचित विधायकों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना (Assembly Speaker Satish Mahana) ने सभी विजयी उम्मीदवारों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दी और इसे प्रदेश के विकास और जनता की आस्था की जीत बताया।

शपथ लेने वाले नवनिर्वाचित विधायकों में कुंदरकी से रामवीर सिंह, फूलपुर से दीपक पटेल, खैर से सुरेंद्र सिंह, गाजियाबाद से संजीव शर्मा, कटेहरी से धर्मराज निषाद, मझवां से सुचिस्मिता मौर्य और मीरापुर से रालोद की मिथलेश पाल शामिल हैं। इन सभी ने जनता के विश्वास और समर्थन का धन्यवाद करते हुए अपने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। सभी ने एक स्वर में ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को दोहराया और मोदी-योगी के नेतृत्व के प्रति अपनी निष्ठा जताई।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद विधानसभा अध्यक्ष सुरेश खन्ना ने नवनिर्वाचित सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा का सदस्य होना गौरव की बात है और आपको जनता की सेवा का अवसर मिला है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री के कार्यों को लेकर अगर आप जनता के बीच जाएं तो हर बार जीत आपकी होगी। आपके पास ढाई साल का समय है, उसे जनता के बीच व्यतीत करें। आपकी उपस्थिति विधानसभा में भी दिखनी चाहिए, क्योंकि आपकी कार्यप्रणाली ही आपकी सक्रियता का संदेश देगी।”

ये भी पढ़े: कांग्रेस ने संविधान का गला घोंटा, अंबेडकर के संविधान में नहीं थे ‘सेक्युलर’ और ‘समाजवादी’

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना सहित अन्य मंत्रीगण और विधायकगण मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था, बुनियादी ढांचे के विकास और पारदर्शी प्रशासन पर जोर दिया गया है। उनकी जनहितकारी योजनाएं जैसे उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व सड़क परियोजनाओं ने लोगों का विश्वास मजबूत किया है। इसके अलावा, प्रदेश में अपराध नियंत्रण और धार्मिक स्थलों के पुनरोद्धार जैसे कदमों ने उनकी लोकप्रियता को और बढ़ावा दिया है।

उपचुनाव में समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन के तमाम दावे ध्वस्त हो गए। विपक्षी दल अपनी साख बचाने में नाकाम रहे। बीजेपी और सहयोगी दलों की इस जीत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता का भरोसा योगी सरकार पर कायम है। इस ऐतिहासिक जीत ने बीजेपी को प्रदेश में अपनी मजबूत स्थिति का प्रमाण दिया है।

About the Author: सतीश झा
सतीश झा की लेखनी में समाज की जमीनी सच्चाई और प्रगतिशील दृष्टिकोण का मेल दिखाई देता है। बीते 20 वर्षों में राजनीति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समाचारों के साथ-साथ राज्यों की खबरों पर व्यापक और गहन लेखन किया है। उनकी विशेषता समसामयिक विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना और पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाना है। राजनीति से लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्दों तक, उनकी गहन पकड़ और निष्पक्षता ने उन्हें पत्रकारिता जगत में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य राज्य खबरें