States News
हिन्दुओं और सिखों के बीच में खाई पैदा करने वालों से सावधान रहें
Authored By: सतीश झा
Published On: Saturday, December 7, 2024
Last Updated On: Saturday, December 7, 2024
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहियागंज गुरुद्वारा में गुरु परंपरा के नवम् गुरु श्री तेग बहादुर जी महाराज के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सीएम योगी ने उनके बलिदान और स्मृतियों को नमन करते हुए कहा कि सिख पंथ के अनुयायियों ने अपनी साधना और सामर्थ्य से अपने कौम के साथ-साथ पूरे देश को और पूरे सनातन धर्म को न केवल सुरक्षा प्रदान की बल्कि एक लंबे समय के लिए उन्हें अभय भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी महाराज ने उस समय कश्मीर को बचाया था जब वहां के सनातन धर्मावलंबियों को विदेशी आक्रांताओं द्वारा धर्म परिवर्तन करने का आदेश मिला था।
Authored By: सतीश झा
Last Updated On: Saturday, December 7, 2024
सीएम योगी ने कहा कि उन लोगों से सावधान होने की आवश्यकता है जो हिंदुओं और सिखों के बीच में खाई पैदा करना चाहते हैं। वो लोग इतिहास को तोड़ मरोड़ कर प्रस्तुत करने का प्रयास कर रहे हैं। हमें गुरु परंपरा के प्रति श्रद्धा का भाव रखते हुए इस बारे में अपने आप को तैयार करना है। यह गुरु परंपरा गुरु नानक देव जी से लेकर के गुरु गोविंद सिंह महाराज तक और जो शहादत की परंपरा सिख कौम ने देश और धर्म के लिए दी है यह हमें जीवंतता प्रदान करता है। हमें उसका अनुसरण करना है, उसको अपना इतिहास मानना है, उसको अपने जीवन का हिस्सा मानना है और वही हमारे लिए आने वाली पीढ़ी के उज्जवल भविष्य के लिए एक आधार हो सकता है। सीएम योगी ने कहा कि अगर हम उसका अनुसरण करेंगे तो दुनिया की कोई भी ताकत आपका बाल बांका नहीं कर पाएगी क्योंकि हमारे पास गुरु परंपरा की दिव्य विभूतियां हैं, उनकी साधना हम सभी की शक्ति का आधार है।
खुशहाल जीवन जीने के लिए गुरु परंपरा ने नई प्रेरणा प्रदान की- सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि आज जब हम देश और दुनिया के अंदर सिखों को स्वावलबंन और आत्मनिर्भरता के साथ कार्य करते हुए देखता हूं तो अच्छा लगता है। यही गुरु प्रसाद है, यही गुरु का आशीर्वाद है और यही गुरु की परंपरा का अनुसरण करने का परिणाम है कि आपकी श्रद्धा ने गुरु के आशीर्वाद के रूप में सब को आगे बढ़ाने के लिए एक खुशहाल जीवन जीने के लिए एक नई प्रेरणा प्रदान की है।
सीएम योगी ने 26 दिसंबर को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित होने वाले वीर साहिबदाजा दिवस (Sahibdaja Day) कार्यक्रम में आने के लिए सभी को आमंत्रित किया। सीएम योगी ने कहा कि यह कार्यक्रम एक श्रृंखला है। यह अनवरत आगे बढ़ती रहनी चाहिए। क्योंकि यह इतिहास है और इस धरोहर को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। वर्तमान के युवा पीढ़ी को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है, उन्हें बताने की आवश्यकता है कि देश और धर्म के लिए बड़ी उम्र जरूरी नहीं है। 7 साल, 9 साल, 11 साल और 14 साल की उम्र में ही देश और धर्म के काम आया जा सकता है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह समेत गुरुदवारा समिति से जुड़े कई पदाधिकारी और कई गणमान्य उपस्थित रहे।












