States News
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट: 150 किलोमीटर दायरे में चलेंगी 200 ई-बसें
Authored By: अरुण श्रीवास्तव
Published On: Wednesday, December 18, 2024
Last Updated On: Wednesday, August 6, 2025
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई यातायात आरंभ होने की उलटी गिनती शुरू हो गई है। उम्मीद की जा रही है कि अप्रैल 2025 से यहां से नियमित उड़ाने आरंभ हो जाएंगी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) ने 150 किलोमीटर के दायरे में इलेक्ट्रिक बसें (ई-बस) चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। इस योजना के तहत नोएडा एयरपोर्ट से उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के 24 जिलों के लिए कुल 200 ई-बसें चलाई जाएंगी...
Authored By: अरुण श्रीवास्तव
Last Updated On: Wednesday, August 6, 2025
हाइलाइट्स
- (नायल) द्वारा 150 किलोमीटर के दायरे में इलेक्ट्रिक बसें (ई-बस) चलाने की तैयारी।
- नोएडा एयरपोर्ट से उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के 24 जिलों के लिए कुल 200 ई-बसें चलाई जाएंगी।
- नायल द्वारा कंपनियों को एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) जारी, ताकि बस संचालन की प्रक्रिया जल्द शुरू हो सके।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) ने 150 किलोमीटर के दायरे में इलेक्ट्रिक बसें (ई-बस) चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। इस योजना के तहत नोएडा एयरपोर्ट से उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के 24 जिलों के लिए कुल 200 ई-बसें चलाई जाएंगी। इसके लिए नायल ने कंपनियों को एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) जारी कर दिया है, ताकि बस संचालन की प्रक्रिया जल्द से जल्द शुरू हो सके।
नोएडा के जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एनसीआर का दूसरा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट कहा जा रहा है। इस एयरपोर्ट के शुरू होने से करीब 150 किलोमीटर के दायरे में स्थित जिलों के यात्रियों को विमान सेवा का लाभ मिलेगा। इस क्षेत्र में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के 24 प्रमुख जिले शामिल हैं। इन जिलों के अलावा, पंजाब और चंडीगढ़ से भी यात्री इस एयरपोर्ट तक पहुंच सकते हैं। फिलहाल, एयरपोर्ट तक आने-जाने के लिए यात्रियों को कोई सीधी परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं है। मेट्रो और अन्य बड़ी परियोजनाएं जैसे नमोभारत शुरू होने में अभी कई वर्ष लग सकते हैं। ऐसे में अप्रैल 2025 से जब एयरपोर्ट से विमानों की उड़ान शुरू होगी, यात्रियों के लिए सुविधाजनक परिवहन सुनिश्चित करने के लिए नायल ने ई-बसें चलाने की योजना बनाई है। नायल की यह योजना 150 किलोमीटर के अंदर आने वाले जिलों को सीधे एयरपोर्ट से जोड़ेगी।
200 ई-बसें और 23 रूटों पर संचालन
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के संयुक्त प्रयासों से 23 प्रमुख रूटों पर ई-बसें चलाई जाएंगी। इसके साथ ही नायल ने 150 किलोमीटर के दायरे के लिए अतिरिक्त 200 ई-बसों का संचालन करने की तैयारी कर ली है। ईओआई जारी कर कंपनियों से उनके प्रस्तुतिकरण आमंत्रित किए गए हैं। इसका उद्देश्य है कि एयरपोर्ट से विमान सेवाएं शुरू होने से पहले यह परिवहन सुविधा उपलब्ध हो जाए। 23 दिसंबर को इस योजना पर चर्चा के लिए उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें ई-बसों के संचालन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
हर 15 मिनट पर मिलेगी बस सेवा
यात्रियों की सहूलियत के लिए बसों की आवृत्ति को भी विशेष रूप से ध्यान में रखा गया है। दावा किया जा रहा है कि यात्रियों को बस के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। हर 15 मिनट में किसी भी रूट पर स्थित स्टॉप पॉइंट पर बस उपलब्ध होगी। एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद इन रूटों पर यात्रियों की संख्या में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है।
ये भी पढ़े: आज से जेवर एयरपोर्ट से हवाई ट्रायल आरंभ, अप्रैल 2025 से शुरू होगी पहली नियमित उड़ान
किन जिलों को मिलेगा लाभ ?
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से ई-बसों के माध्यम से उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के निम्न जिलों को जोड़ा जाएगा:
- हरियाणा: गुरुग्राम, झज्जर, रेवाड़ी, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, करनाल, फरीदाबाद, पलवल, मेवात (नूंह), भिवानी और महेंद्रगढ़।
- उत्तर प्रदेश: मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, हापुड़, शामली, बागपत, मुज़फ्फरनगर, मथुरा और हाथरस।
- राजस्थान: भरतपुर।
हाईटेक सुविधाओं से लैस होंगी बसें
यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए नायल की ये ई-बसें अत्याधुनिक तकनीक से लैस होंगी। बसों में जीपीएस ट्रैकर, सीसीटीवी कैमरे और एयर कंडीशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा, बसों की सीटें भी आरामदायक होंगी, ताकि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। बसों में पॉवर ब्रेक, इमरजेंसी किट और इमरजेंसी बटन जैसी सुरक्षा सुविधाएं भी होंगी।
ईओआई प्रक्रिया और आगामी बैठक
नायल द्वारा ई-बस संचालन के लिए जारी किए गए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) के माध्यम से कंपनियों को अपने प्रस्तुतिकरण देने के लिए आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही 23 दिसंबर को उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बस संचालन की विस्तृत योजना पर चर्चा होगी। नायल के सीईओ अरुणवीर सिंह ने बताया कि प्रयास यह है कि एयरपोर्ट पर उड़ानें शुरू होने से पहले यह परिवहन सुविधा चालू कर दी जाए।
यात्रियों के लिए बड़ी राहत
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को वैश्विक कनेक्टिविटी मिलेगी। ई-बस सेवा के जरिए यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचने में न केवल सुविधा होगी, बल्कि समय और धन की भी बचत होगी। हाईटेक ई-बसें यात्रियों के सफर को सुरक्षित और आरामदायक बनाएंगी। अप्रैल 2024 से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू हो रही हैं। ऐसे में नायल की यह योजना यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत साबित होगी।










