चुनावी जीत का असर भारतीय बाजार पर भी, कल से बाजार में आ सकती है तेजी

Authored By: सतीश झा

Published On: Sunday, November 24, 2024

possibility to boost indian stock market
possibility to boost indian stock market

अक्टूबर से घरेलू शेयर बाजार लगातार गिरावट का सामना कर रहा है। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली और कमजोर तिमाही नतीजों की वजह से बाजार पर दबाव बना हुआ है। लेकिन महाराष्ट्र चुनाव में महायुति की जीत के बाद बाजार के सेंटिमेंट में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Authored By: सतीश झा

Last Updated On: Sunday, November 24, 2024

महायुति की जीत ने बाजार में सुधार की उम्मीद बढ़ाई है, लेकिन निवेशकों को सतर्कता से कदम बढ़ाने की सलाह दी जा रही है। सोमवार को बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिल सकती है, लेकिन दीर्घकालिक स्थिरता पर विशेषज्ञों की राय बंटी हुई है।

विशेषज्ञों की राय

धामी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट प्रशांत धामी (Prashant Dhami) का मानना है कि महायुति की जीत ने राज्य के विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाया है। इसका असर निवेशकों के बीजेपी सरकार पर भरोसे को बढ़ाने में दिख सकता है। उन्होंने कहा, “लगातार गिरते बाजार को एक सकारात्मक ट्रिगर की जरूरत थी, जो अब महायुति की जीत से मिल सकता है।”

धामी के मुताबिक, घरेलू संस्थागत निवेशकों की आक्रामक खरीदारी से विदेशी निवेशकों की बिकवाली के बावजूद बाजार में मजबूती का रुख बन सकता है। शुक्रवार को बाजार 2% से ज्यादा मजबूती के साथ बंद हुआ था, और अब उम्मीद है कि ये रुझान जारी रहेगा।

रिवर्सल की संभावना

मित्तल एसोसिएट्स के सीईओ रविकांत मित्तल (Ravikant Mittal) ने कहा कि महायुति की जीत से बाजार में रिवर्सल आ सकता है। शुक्रवार को सेंसेक्स 1,961 अंक और निफ्टी 557 अंक की छलांग के साथ बंद हुआ था। उन्होंने कहा, “सोमवार को शॉर्ट कवरिंग के कारण निफ्टी 1,000 अंकों तक की तेजी देख सकता है।”

मिडकैप और स्मॉलकैप पर नजर

पवनेजा सिक्योरिटीज के सीईओ रोहित पवनेजा (Rohit Pavanheja) ने कहा कि महाराष्ट्र चुनाव के परिणाम बाजार की उम्मीदों से बेहतर रहे हैं। इससे विदेशी निवेशकों की बिकवाली में कमी आ सकती है। हालांकि उन्होंने मिडकैप और स्मॉलकैप सेगमेंट में सावधानी बरतने की सलाह दी और लार्जकैप शेयरों को निवेश के लिए बेहतर विकल्प बताया।

सतर्कता की जरूरत

एमएसपीएल सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट पवन बग्गा (Pawan Bagga) ने कहा कि हालांकि महायुति की जीत से सेंटिमेंट्स में सुधार होगा, लेकिन अर्निंग ग्रोथ और हाई वैल्यूएशन जैसी चिंताएं बनी हुई हैं। उन्होंने निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि बाजार में किसी भी समय बड़ा करेक्शन देखने को मिल सकता है।

(हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी के इनपुट के साथ)

About the Author: सतीश झा
सतीश झा की लेखनी में समाज की जमीनी सच्चाई और प्रगतिशील दृष्टिकोण का मेल दिखाई देता है। बीते 20 वर्षों में राजनीति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समाचारों के साथ-साथ राज्यों की खबरों पर व्यापक और गहन लेखन किया है। उनकी विशेषता समसामयिक विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना और पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाना है। राजनीति से लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्दों तक, उनकी गहन पकड़ और निष्पक्षता ने उन्हें पत्रकारिता जगत में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है
Leave A Comment

अन्य खबरें