Special Coverage
यूनिकॉमर्स ई-सॉल्यूशन और फर्स्टक्राइ की शेयर बाजार में जबर्दस्त एंट्री, लिस्टिंग के साथ ही निवेशकों को हुआ बड़ा मुनाफा
Authored By: अंशु सिंह
Published On: Tuesday, August 13, 2024
Last Updated On: Tuesday, August 13, 2024
घरेलू शेयर बाजार में आज दो कंपनियों ने लिस्टिंग के जरिए शानदार एंट्री की। इन कंपनियों में यूनिकॉमर्स ई-सॉल्यूशंस के शेयर ऑफर प्राइस की तुलना में दोगुनी से अधिक कीमत पर लिस्ट हुए। इसी तरह फर्स्टक्राइ के शेयर 40 प्रतिशत प्रीमियम के साथ शेयर बाजार में लिस्ट हुए।
Authored By: अंशु सिंह
Last Updated On: Tuesday, August 13, 2024
नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स ने लगाई सबसे अधिक बोली
यूनिकॉमर्स ई-सॉल्यूशंस (Unicommerce E-Solutions) का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 6 से 8 अगस्त तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला, जिसके कारण ये ओवरऑल 168.35 गुना सब्सक्राइब हुआ। इस आईपीओ में सबसे अधिक बोली नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) ने लगाई थी, जिसके कारण एनआईआई का हिस्सा 252.46 गुना सब्सक्राइब हुआ था, जबकि रिटेल इन्वेस्टर्स का हिस्सा 130.99 गुना सब्सक्राइब हुआ था। आईपीओ के तहत निवेशकों को 108 रुपये के भाव पर शेयर जारी किए गए थे। आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में इसकी लिस्टिंग 230 रुपए पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में इसकी लिस्टिंग 235 रुपए के भाव पर हुई। लिस्टिंग के साथ ही निवेशकों को 118 से 120 प्रतिशत तक का लिस्टिंग गेम मिल गया था। कारोबार की शुरुआत होने के बाद यूनिकॉमर्स ई-सॉल्यूशंस के शेयर उछल कर 256.15 रुपए के अपर सर्किट पर पहुंच गए। इस तरह इस आईपीओ के निवेशकों को 137.5 प्रतिशत तक का मुनाफा हो गया है। यूनिकॉमर्स ई-सॉल्यूशंस विभिन्न कंपनियां, लॉजिस्टिक प्रोवाइडर्स और सेलर्स को ई-कॉमर्स सर्विस उपलब्ध कराती हैं। यूनिकॉमर्स ई-सॉल्यूशंस के भारतीय क्लाइंट्स में जीवामी, मामाअर्थ, लेंसकार्ट और सेलो जैसी कंपनियां शामिल हैं। यूनिकॉमर्स ई-सॉल्यूशंस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक इसके क्लाइंट्स में 7 देशों की 43 कंपनियां शामिल हैं।
फर्स्टक्राई (Firstcry) के शेयरों में भी जबर्दस्त उछाल
यूनिकॉमर्स ई-सॉल्यूशंस (Unicommerce E-Solutions) की तरह ही ब्रेनबीज सॉल्यूशन (Brainbees Solution) के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म फर्स्टक्राई के शेयरों की भी आज घरेलू शेयर बाजार में जोरदार एंट्री हुई। 6 से 8 अगस्त के बीच खुले इस आईपीओ के तहत निवेशकों को 465 रुपए के भाव पर शेयर जारी किए गए थे। कंपनी का आईपीओ ओवरऑल 12 गुना ओवर सब्सक्राइब हुआ था। आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में कंपनी के शेयर 625 रुपये के स्तर पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में 651 रुपये के स्तर पर लिस्ट हुए। इस तरह निवेशकों को 40 प्रतिशत से अधिक का लिस्टिंग गेन मिल गया। लिस्टिंग होने के बाद कंपनी के शेयर बढ़कर 695 के स्तर पर पहुंच गए, जिससे इसके निवेशक 49 प्रतिशत से अधिक के मुनाफे में आ चुके हैं। फर्स्टक्राइ की पैरेंट कंपनी ब्रेनबीज सॉल्यूशन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिये नवजात बच्चों और माताओं से जुड़े उत्पादों की बिक्री करती है। कंपनी की स्थापना 2010 में हुई थी और ये फर्स्टक्राइ के नाम से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए अपने पूरे कारोबार का संचालन करती है।
(हिंदुस्तान समाचार के इनपुट्स के साथ)













