Assembly Election News
पटना में युवा कांग्रेस का हल्ला बोल, सत्ता के खिलाफ गुस्से की आवाज
Authored By: सतीश झा
Published On: Wednesday, September 24, 2025
Last Updated On: Wednesday, September 24, 2025
पटना की सड़कों पर मंगलवार को जो दृश्य दिखे, उन्होंने साफ कर दिया कि बिहार की राजनीति में उबाल तेज़ होता जा रहा है. बारिश के बीच “वोट चोर गद्दी छोड़” और “अडाणी विरोधी” जैसे नारों से गूंजती आवाजें सिर्फ युवा कांग्रेस (Youth Congress) का प्रदर्शन नहीं थीं, बल्कि यह सत्ता के खिलाफ जनता की बेचैनी और असंतोष का प्रतीक भी थीं. कांग्रेस द्वारा वोट चोरी और अडाणी को 1 रुपए प्रति वर्ष की दर पर 1050 एकड़ जमीन और 10 लाख पेड़ देने का विरोध जताया गया.
Authored By: सतीश झा
Last Updated On: Wednesday, September 24, 2025
राजधानी पटना की सड़कों पर आज कांग्रेस ( Youth Congress) नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया. भारी बारिश के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और “वोट चोरी” तथा अडाणी को 1 रुपए प्रति वर्ष की दर पर 1050 एकड़ जमीन दिए जाने के मुद्दे पर सरकार को कटघरे में खड़ा किया. प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने बीच रास्ते बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नारेबाज़ी होती रही.
युवा कांग्रेस (Youth Congress) ने सदाकत आश्रम (Sadakat Ashram) से मुख्यमंत्री आवास (CM House) तक हल्ला बोल मार्च की योजना बनाई थी. लेकिन राजापुल पर पुलिस की बैरिकेडिंग और उसके बाद हुई झड़पों ने पूरे घटनाक्रम को टकराव में बदल दिया. नेताओं का बैरिकेडिंग पर चढ़ना और पुलिस का उन्हें खींचते-घसीटते हिरासत में लेना—यह सब लोकतांत्रिक असहमति और सत्ता के दमन के बीच खींची जा रही उस लकीर की याद दिलाता है, जो दिनोंदिन मोटी होती जा रही है.
यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु (Uday Bhanu) को पुलिस द्वारा टांगकर गाड़ी तक ले जाना इस बात का प्रतीक है कि विपक्ष की आवाज़ को नियंत्रित करने के लिए अब कठोर तरीकों का सहारा लिया जा रहा है. सवाल उठता है कि आखिर सरकारें विरोध प्रदर्शन से इतनी घबराई हुई क्यों हैं? अगर सचमुच विकास और पारदर्शिता के साथ शासन चल रहा है तो फिर जनता के सवालों से भागने की ज़रूरत क्यों?
युवा कांग्रेस का आरोप है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने बिहार की ज़मीनें औने-पौने दाम पर उद्योगपतियों को बेच दी हैं. चाहे इस दावे में कितनी भी राजनीति हो, लेकिन यह सच है कि बिहार जैसे राज्य में जहां रोजगार, शिक्षा और बुनियादी सुविधाएं अब भी बड़ी चुनौती हैं, वहां ज़मीन और संसाधनों के निजीकरण को लेकर जनता की चिंताएं वास्तविक हैं.
यह प्रदर्शन महज़ कांग्रेस की रणनीति नहीं, बल्कि उस दबे हुए आक्रोश का संकेत है जो युवाओं और आम नागरिकों में पनप रहा है. लोकतंत्र में असहमति की जगह हमेशा होनी चाहिए. सत्ता को यह समझना होगा कि विरोध की आवाज़ को दबाना समाधान नहीं है.
पटना का यह हल्ला बोल इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में विपक्ष और ज्यादा आक्रामक होगा, और सरकार के लिए जनता के गुस्से को नज़रअंदाज़ करना आसान नहीं रहेगा. यह घटनाक्रम 2025 के विधानसभा चुनावों से पहले विपक्ष को ऊर्जा देने वाला साबित हो सकता है. कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इसे युवाओं की आवाज़ और जनहित के मुद्दों से जोड़कर जनता के बीच ले जाने की कोशिश करेंगे. वहीं, सरकार के लिए चुनौती यह होगी कि वह इन आरोपों का जवाब विकास और रोजगार सृजन के ठोस कामों से दे सके। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो पटना का यह हल्ला बोल आने वाले चुनाव में सत्ता परिवर्तन की पृष्ठभूमि भी तैयार कर सकता है.
एक अन्य घटनाक्रम में जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) पर करारा हमला बोला. राजगीर में जनसभा को संबोधित करते हुए PK ने कहा कि नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में भी भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पलायन की स्थिति बनी हुई है. PK के इन तीखे बयानों से साफ है कि वे सत्ता और विपक्ष, दोनों को घेरने की रणनीति अपना रहे हैं. नीतीश के गढ़ नालंदा से सीधी चुनौती और लालू परिवार पर कटाक्ष ने बिहार की सियासत में नया तड़का लगा दिया है.
यह भी पढ़ें :- Who is Rohini Acharya: कौन हैं रोहिणी आचार्य जिन्होंने लालू परिवार में लाया तूफान, कभी किडनी दान कर बटोरीं थी सुर्खियां
















