गृह मंत्री अमित शाह ने ऐसे दिया मोदी सरकार के 100 दिन का लेखा-जोखा

Authored By: सतीश झा

Published On: Tuesday, September 17, 2024

home minister amit shah
home minister amit shah

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने पर किए गए कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 74वें जन्मदिन के अवसर पर शाह ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में 15 देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च पुरस्कारों से सम्मानित किया है, जिससे देश का मान बढ़ा है।

Authored By: सतीश झा

Last Updated On: Tuesday, September 17, 2024

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि 60 साल बाद देश में कोई नेता लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनकर देश का नेतृत्व कर रहा है, जिससे देश में राजनीतिक स्थिरता आई है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के नेतृत्व में पिछले 10 सालों में देश की बाहरी सुरक्षा, आंतरिक सुरक्षा और रक्षा प्रणाली को मजबूत करके एक सुरक्षित भारत बनाने में सरकार ने बड़ी सफलता हासिल की है।

शाह ने बताया कि मोदी सरकार (Modi Govt) ने नई शिक्षा नीति को लागू किया, जो शिक्षा क्षेत्र में एक बड़ा सुधार है। इसके साथ ही, भारत आज दुनिया में उत्पादन का सबसे पसंदीदा केंद्र बन चुका है, जो वैश्विक आर्थिक विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रेस वार्ता के दौरान शाह ने बताया कि पिछले 10 वर्षों में भाजपा और उसके सहयोगियों ने निरंतर काम करके देश की राजनीतिक स्थिरता को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि 60 सालों में पहली बार देश ने इतने लंबे समय तक एक स्थिर सरकार का अनुभव किया है, जिससे विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और गरीबों के कल्याण पर विशेष ध्यान दिया गया है।

100 दिनों में लगभग 15 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं को शुरू किया गया

शाह ने कहा कि मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के 100 दिनों में लगभग 15 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं को शुरू किया गया है और 3 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं का क्रियान्वयन भी प्रारंभ हो गया है। उन्होंने महाराष्ट्र के वधवान में 76 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मेगा पोर्ट का भी जिक्र किया, जो विश्व के 10 प्रमुख बंदरगाहों में शामिल होगा। कृषि क्षेत्र में, पीएम किसान सम्मान योजना के तहत 17वीं किस्त में 9.5 करोड़ किसानों को 20 हजार करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं। अब तक 12 करोड़ 33 लाख किसानों को 3 लाख करोड़ रुपये का लाभ दिया जा चुका है। इसके अलावा, 49 हजार करोड़ रुपये की लागत से 25 हजार गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ने की योजना भी शुरू की गई है, जिसमें 100 की आबादी वाले गांवों को भी शामिल किया गया है।

भारत की बुनियादी ढांचे में व्यापक सुधार

शाह ने यह भी बताया कि 50,600 करोड़ रुपये की लागत से देश की प्रमुख सड़कों को और भी बेहतर बनाने का निर्णय लिया गया है, जिससे भारत की बुनियादी ढांचे में व्यापक सुधार होगा।

भाजपा (BJP) कार्यालय में 100 दिन को लेकर प्रदर्शनी

केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया और PM मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने पर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

रक्षा मामलों में भी भारत को पूरी तरह से आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Defence Minister Rajnath Singh) ने कहा, “आज हमारी सरकार के तीसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे हो रहे हैं और आज प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिवस भी है। इसे मैं सुखद संयोग मानता हूं। जहां तक ​​हमारी सरकार का सवाल है, मैं कह सकता हूं कि इस सरकार के गठन से पहले ही हमें विश्वास था कि तीसरी टर्म की सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में NDA की होगी….मैं कह सकता हूं कि हमारी सरकार ने कई ऐसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए जो बहुत उल्लेखनीय हैं…हम रक्षा मामलों में भी भारत को पूरी तरह से आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं…भारत को 2047 तक विकसित भारत बनाने का जो हमारा लक्ष्य है, उसको प्राप्त करने की दिशा में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं…”

About the Author: सतीश झा
सतीश झा की लेखनी में समाज की जमीनी सच्चाई और प्रगतिशील दृष्टिकोण का मेल दिखाई देता है। बीते 20 वर्षों में राजनीति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समाचारों के साथ-साथ राज्यों की खबरों पर व्यापक और गहन लेखन किया है। उनकी विशेषता समसामयिक विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना और पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाना है। राजनीति से लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्दों तक, उनकी गहन पकड़ और निष्पक्षता ने उन्हें पत्रकारिता जगत में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य खबरें