महाराष्ट्र में सरकार गठन का फॉर्मूला तैयार, फडणवीस बनेंगे मुख्यमंत्री, शिंदे और अजित पवार होंगे डिप्टी सीएम !

महाराष्ट्र में सरकार गठन का फॉर्मूला तैयार, फडणवीस बनेंगे मुख्यमंत्री, शिंदे और अजित पवार होंगे डिप्टी सीएम !

Authored By: सतीश झा

Published On: Tuesday, December 3, 2024

Updated On: Sunday, April 27, 2025

maharashtra government formation formula

महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री और उनके दो उपमुख्यमंत्रियों के 5 दिसंबर को शपथ लेने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के देवेंद्र फडणवीस एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के अजित पवार उपमुख्यमंत्री बनेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की संभावना है, जिससे इस कार्यक्रम की भव्यता और बढ़ेगी।

Authored By: सतीश झा

Updated On: Sunday, April 27, 2025

महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री को लेकर जारी सस्पेंस के बीच, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नेता रामदास अठावले (Ramdas Athavale) ने मंगलवार को कहा कि देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्होंने एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) से उपमुख्यमंत्री पद स्वीकार करने की अपील की। भाजपा ने 4 दिसंबर को अपने विधायक दल की बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में फडणवीस को पार्टी का नेता चुने जाने की संभावना है, जो उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ करेगा।

शपथ ग्रहण के बाद महायुति गठबंधन के तीन प्रमुख घटक—BJP, शिवसेना, और NCP के बीच कैबिनेट पदों और विभागों का वितरण तय किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, BJP: गृह और राजस्व जैसे अहम मंत्रालयों सहित 21-22 विभाग BJP के पास रह सकते हैं। विधानसभा अध्यक्ष और विधान परिषद सभापति पद भी BJP को मिल सकते हैं।

शिवसेना ने 16 मंत्रालयों की मांग की है, लेकिन उसे शहरी विकास समेत 12 मंत्रालय दिए जाने की संभावना है। विधान परिषद के सभापति पद के लिए भी शिवसेना दावेदारी कर रही है। NCP को वित्त और उपसभापति सहित 9-10 मंत्रालय मिलने की उम्मीद है।

शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां

शपथ ग्रहण समारोह के लिए आजाद मैदान में तैयारियां चल रही हैं। एनडीए के वरिष्ठ नेताओं और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। बीजेपी नेता गिरीश महाजन ने कहा, “5 दिसंबर को यह समारोह भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।”

ये भी पढ़े: वोट नहीं मिला तो मोह भी छूट रहा है MVA से, एकला चलों की रणनीति पर आगे बढ़ेंगे उद्धव ठाकरे

बैठकों का दौर जारी

BJP विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। शिवसेना नेता संजय शिरसाट (Shivsena leader Sanjay Shirsat) ने कहा कि आज शाम को शिवसेना अपनी बैठक करेगी, जिसके बाद स्पष्ट होगा कि एकनाथ शिंदे सरकार का हिस्सा होंगे या नहीं। शिवसेना नेता दीपक केसरकर ने मुख्यमंत्री पद को लेकर किसी भी गतिरोध की अफवाहों को खारिज किया और कहा कि देरी का कारण एकनाथ शिंदे नहीं हैं।

About the Author: सतीश झा
सतीश झा की लेखनी में समाज की जमीनी सच्चाई और प्रगतिशील दृष्टिकोण का मेल दिखाई देता है। बीते 20 वर्षों में राजनीति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समाचारों के साथ-साथ राज्यों की खबरों पर व्यापक और गहन लेखन किया है। उनकी विशेषता समसामयिक विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना और पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाना है। राजनीति से लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्दों तक, उनकी गहन पकड़ और निष्पक्षता ने उन्हें पत्रकारिता जगत में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है
Leave A Comment

यह भी पढ़ें

Email marketing icon with envelope and graph symbolizing growth

news via inbox

समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।

खास आकर्षण