Special Coverage
Orry पर ड्रग केस की आंच, क्या है दाऊद इब्राहिम कनेक्शन?
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Friday, November 21, 2025
Last Updated On: Saturday, November 22, 2025
एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) ने सोशल मीडिया स्टार ओरी उर्फ ओरहान अवत्रामणि को 252 करोड़ रुपये के मेफेड्रोन ड्रग ट्रैफिकिंग केस में पूछताछ के लिए समन भेजा है. दावा है कि एक गिरफ्तार ड्रग तस्कर ने ओरी का नाम हाई-प्रोफाइल पार्टियों और दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क से जुड़े लोगों के साथ लिया था. जांच अभी शुरुआती चरण में है और सवालों का दायरा आगे बढ़ सकता है.
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Saturday, November 22, 2025
Dawood Ibrahim: बॉलीवुड के ग्लैमरस सर्कल में हमेशा सुर्खियों में रहने वाले ओरहान अवत्रामणि यानी ओरी एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार किसी पार्टी लुक या वायरल वीडियो की वजह से नहीं, बल्कि एक 252 करोड़ रुपये के मेफेड्रोन ड्रग ट्रैफिकिंग केस को लेकर. एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) ने उन्हें पूछताछ के लिए समन भेजा है, क्योंकि एक गिरफ्तार ड्रग तस्कर ने दावा किया था कि ओरी कथित तौर पर उन हाई-प्रोफाइल पार्टियों में शामिल होते थे जहां ड्रग्स का इस्तेमाल होता था. यहीं नहीं, मामला तब और गरम हो गया जब जांच के दौरान दाऊद इब्राहिम के भांजे और कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज के नाम सामने आए. हालांकि अभी तक ओरी के खिलाफ कोई फॉर्मल चार्ज नहीं लगाए गए हैं. ओरी शुरुआती समन के समय मुंबई में नहीं थे, उन्हें 25 नवंबर के बाद अपनी पेशी के लिए एक नई तारीख मांगी है.
दाऊद के भांजे से ओरी का कनेक्शन!
यह कहानी 2024 की है. उसी साल मुंबई पुलिस ने सांगली में एक बड़ी मेफेड्रोन फैक्ट्री पकड़ी थी. यहां से 126 किलो से ज्यादा ड्रग मिला था. कीमत लगभग 252 करोड़ रुपये थी. मीडिया रिपोर्ट्स बताती हैं कि ANC ने 13 नवंबर को मुंबई की एक मेट्रोपॉलिटन कोर्ट में अहम बात कही थी. ANC के मुताबिक, आरोपी शेख ने दावा किया कि वह दुबई और मुंबई में सेलिब्रिटीज के लिए शानदार पार्टियां करवाता था. इन पार्टियों में दाऊद की बहन हसीना पारकर का बेटा, ओरी, नोरा फतेही, श्रद्धा कपूर, उनके भाई सिद्धार्थ कपूर, फिल्ममेकर अब्बास-मस्तान, रैपर लोका और NCP लीडर जीशान सिद्दीकी जैसे नाम शामिल थे.
ANC अधिकारियों का कहना है कि शेख के दावों की जांच अभी बाकी है. जांच शुरुआती दौर में है. एक अधिकारी ने HT को बताया, “हम शेख के दावों को लेकर ओरी से पूछताछ करेंगे… ओरी से बात करने के बाद ही तय होगा कि जिन बाकी सेलिब्रिटी और नेताओं का नाम आया है, उनसे पूछताछ की जरूरत है या नहीं.”
कौन है ओरी?
ओरी मुंबई के फेमस सोशलाइट हैं. सोशल मीडिया पर उनकी काफी फॉलोइंग है. वह बॉलीवुड स्टार्स के साथ अपनी करीबी दोस्ती के लिए जाने जाते हैं. उन्हें अक्सर न्यासा देवगन, जान्हवी कपूर, सारा अली खान और बाकी स्टार किड्स के साथ पार्टियों में देखा जाता है. ओरी, बिजनेसमैन सूरज के. अवत्रामणि के बेटे हैं. उनका परिवार रियल एस्टेट, हॉस्पिटैलिटी और बेवरेज बिजनेस से जुड़ा है.
कैसे हुआ मामले का खुलासा?
ये केस असल में अगस्त 2022 से शुरू होता है. तभी क्राइम ब्रांच और घाटकोपर ANC ने वर्ली के रहने वाले मोहम्मद शाहरुख मोहम्मद शफी शेख को नागपाड़ा से गिरफ्तार किया था. उसके पास से ₹1.19 लाख कीमत का मेफेड्रोन मिला था. इसके बाद कई और ड्रग पेडलर्स भी पकड़े गए. मार्च 2024 में मामला बड़ा मोड़ लेता है. सांगली के एक खेत में मेफेड्रोन बनाने वाली एक बड़ी फैक्ट्री पकड़ी गई. क्राइम ब्रांच के अनुसार, यह फैक्ट्री कथित तौर पर वॉन्टेड ड्रग तस्कर और दाऊद के साथी सलीम डोला और उसके बेटे ताहे द्वारा चलाई जा रही थी. जून 2024 में ताहे को UAE से डिपोर्ट किया गया और मुंबई पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. एक महीने बाद उसके रिश्तेदार मुस्तफा मोहम्मद खुब्बावाला को भी डिपोर्ट कर दिया गया.
यह भी पढ़ें :- क्या जेल से बाहर आएगा अमृतपाल सिंह? पैरोल की मांग पर आज होगी सुनवाई















