Lifestyle News
कमजोर मन की रचना है समस्या, जिसका अध्यात्म में छिपा है समाधान : वरिष्ठ राजयोगी एवं मोटिवेशनल स्पीकर बीके सूरज
Authored By: अंशु सिंह
Published On: Tuesday, September 24, 2024
Last Updated On: Tuesday, September 24, 2024
आज के दौर में हर इंसान किसी न किसी समस्या से घिरा है। वह अपनी मुश्किलों से छुटकारा पाना चाहता है। समस्याओं का समाधान चाहता है। इसी के मद्देनजर ब्रह्माकुमारी संस्था के गाजियाबाद स्थित सेवाकेंद्रों द्वारा ‘समाधान’ विषय पर एक टॉक शो का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ राजयोगी एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मोटिवेशनल स्पीकर बीके सूरज ने सकारात्मक (positive) संकल्पों (thoughts) के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, ग़ाज़ियाबाद के सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि शुभ विचारों से जीवन भी सुंदर बनता है.
Authored By: अंशु सिंह
Last Updated On: Tuesday, September 24, 2024
जीवन को कैसे सुंदर एवं खुशहाल बनाएं? विघ्न कैसे दूर करें? मन को कैसे शांत करें? संबंध कैसे मधुर बनाएं? परिवार में प्रेम, सुख, शांति कैसे आए? ऐसे अनगिनत प्रश्नों से लोग जूझते रहते हैं। छोटी समस्या भी मन को विचलित कर देती है। लेकिन वे उनका हल नहीं निकाल पाते। इसी को ध्यान में रखकर, ब्रह्माकुमारी संस्था के गाजियाबाद स्थित सेवाकेंद्रों द्वारा ‘समाधान’ विषय पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित स्थानीय सांसद अतुल गर्ग (Atul Garg, MP, ghaziabad) ने कहा कि संसार में जितनी भी समस्याएं हैं, उसका समाधान आध्यात्मिकता में छिपा है। इससे ही जीवन में सकारात्मकता आती है। श्रेष्ठ विचारों का जन्म होता है।
मन में सकारात्मक विचार उत्पन्न करना है अध्यात्मिकता
कंट्री इन होटल के दरबार हॉल सभागार में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मोटिवेशनल स्पीकर एवं वरिष्ठ राजयोगी बीके सूरज (Motivational Speaker and Senior Rajyogi BK Suraj) ने कहा कि आज कल इंसान जरूरत से ज्यादा सोच रहा है। वह नकारात्मक विचारों, तनाव एवं अवसाद से घिर गया है। छोटी-छोटी बातें उसे दुखी कर रही हैं। यही धीरे-धीरे समस्याओं का रूप लेता जा रहा। दरअसल, समस्याएं हमारे ही कमजोर मन की रचना है। उससे ही क्रोध उत्पन्न होता है, जो आगे चलकर बीमारियों का कारक बनता है। ऐसे में मन को शक्तिशाली बनाकर एवं आध्यात्मिक मूल्यों को जीवन में धारण कर मनुष्य अपनी इन सभी समस्याओं पर सहज भाव से विजय प्राप्त कर सकता है। विघ्नों को दूर कर सकता है। इसके लिए सर्वप्रथम आध्यात्म के सही अर्थ को समझना आवश्यक है। आध्यात्म का अर्थ है बुद्धि को सद्बुद्धि बनाना, उसमें श्रेष्ठ विवेक भरना, मन में सकारात्मक एवं महान विचार उत्पन्न करना, अपनी आदतों को सुखदायी एवं सुंदर बनाना। साथ ही मन के अंदर सुशुप्त शक्तियों को जगाना। इसके लिए सुबह उठते ही मन को श्रेष्ठ एवं सकारात्मक विचार दें। उससे ही अंतत: सोयी हुई शक्तियां जाग्रत होंगी और अंतत: समस्याओं का समाधान निकलेगा।
भारत भूमि पर है हर समस्या का समाधान
कार्यक्रम में उपस्थित उत्तर प्रदेश सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना एवं तकनीकी मंत्री सुनील शर्मा (Sunil Sharma, Electronics and IT Minister, Government of UP) ने कहा, ‘आज पूरा विश्व किसी न किसी समस्या का समाधान ढूंढ रहा है। लेकिन समाधान मिल नहीं रहा। असल में उन्हें असली समस्या का ही पता नहीं। अहंकार इतना अधिक है कि वह किसी के आगे झुकने को तैयार नहीं। आज अमेरिका जैसा विकसित एवं संपन्न देश भी अवसाद, मानसिक रोग की समस्या से अछूता नहीं है।‘ उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसी सभी समस्याओं का अगर कहीं समाधान मिलेगा, तो वह भारत भूमि पर मिलेगा। क्योंकि आध्यात्मिकता का मार्ग ही मानव जाति को उनकी समस्याओं का समाधान और मन को शांति दे सकता है। सत्संग, ईश्वर के संग के बिना न विवेक आ सकता है, न ज्ञान। जब व्यक्ति आध्यात्मिक मूल्यों को धारण करता है, उससे स्वभाव में विनम्रता आती है। विनम्रता एवं श्रेष्ठ कर्म से फिर शुभ प्राप्ति होती है।
तनाव, अवसाद दूर करने में मददगार अध्यात्म
इस मौके पर माउंट आबू से आईं वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका, स्ट्रेस मैनेजमेंट गुरु एवं प्रेरक वक्ता बीके गीता ने जोर देकर कहा कि आध्यात्मिकता ही मनुष्यों को नकारात्मक वातावरण के बीच खुशहाल जीवन जीने की कला सिखा सकती है। इसलिए हरेक मनुष्य के जीवन में इसकी सख्त आवश्यकता है। बीके गीता (BK Geeta) ने कहा, ‘वैज्ञानिक शोध भी संकेत दे रहे हैं कि तनाव, अवसाद, बेचैनी जैसी समस्याओं से निजात पाने में आध्यात्म कितना सहायक साबित हो रहा है। तभी तो मन की ऊर्जा बढ़ाने के लिए लोग मेडिटेशन का सहारा ले रहे हैं। इससे तन एवं मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय में भी राजयोग मेडिटेशन से मन की शक्तियों को जाग्रत करने का प्रशिक्षण दिया जाता है। हमारे चैनल पर प्रसारित होने वाले ‘समाधान’ कार्यक्रम से देश-विदेश के लाखों लोगों को लाभ पहुंचा है। अब तक इसके हजार के करीब एपिसोड का प्रसारण हो चुका है, जो यूट्यूब चैनल पर भी देखा जा सकता है।‘
कार्यक्रम में मौजूद रहे एक हजार से अधिक लोग
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इस दौरान अर्वाचीन स्कूल के बच्चों ने गणेश स्तुति नृत्य की प्रस्तुति दी, जबकि कुमार मंगलम बिड़ला स्कूल के बच्चों ने सुंदर गीत से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। इस मौके पर साहिबाबाद स्थित कंट्री इन होटल के प्रबंध निदेशक प्रदीप जैन ने कहा कि उन्हें खुशी है कि इस आयोजन से स्थान आध्यात्मिक प्रकम्पनों से सकारात्मक एवं आनंद से परिपूर्ण हुआ। कार्यक्रम में दिल्ली की मीडिया जोनल संयोजिका बीके सुनीता, कवि नगर सेवा केंद्र की संचालिका बीके राजेश, गुरुग्राम स्थित ओम शांति रिट्रीट सेंटर की बीके इशू, वसुंधरा राजयोग केंद्र की संचालिका बीके रंजना, इंदिरापुरम सेंटर की इंचार्ज बीके रश्मि, वसुंधरा के निगम पार्षद नरेश भाटी तथा प्रतिमा शर्मा, रामप्रस्थ के निगम पार्षद राजकुमार, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व पार्षद राजेंद्र त्यागी, नंदग्राम के पार्षद विरेन्द्र त्यागी समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। इसके अलावा, करीब एक हजार से अधिक लोग शामिल हुए।