Special Coverage
कौन है लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई अनमोल, जानें कैसे बना मोस्ट वांटेड
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Wednesday, November 19, 2025
Last Updated On: Wednesday, November 19, 2025
लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई और 10 लाख के इनामी गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को आज अमेरिका से भारत लाया जा रहा है. सलमान खान फायरिंग से लेकर सिद्धू मूसेवाला मर्डर तक कई बड़ी वारदातों में उसका नाम जुड़ा है. फर्जी पासपोर्ट पर अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी ने अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क की परतें खोल दी हैं. आइए जानते हैं कौन है अनमोल बिश्नोई.
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Wednesday, November 19, 2025
देश के कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई (Anmol Bishnoi) की भारत वापसी आज सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी सफलता साबित हो रही है. अमेरिका के लॉस एंजेलिस में फर्जी पहचान पर पकड़े गए अनमोल को आज सुबह दिल्ली लाया जाएगा. यह वही शख्स है जिस पर सलमान खान के घर फायरिंग, बाबा सिद्दीकी मर्डर केस, और सिद्धू मूसेवाला की हत्या की साजिश जैसे संगीन आरोप हैं. अनमोल बिश्नोई लंबे समय से विदेश में बैठकर भारत के सबसे खतरनाक अपराध नेटवर्क को संचालित कर रहा था. वह लॉरेंस के इंटरनेशनल सिंडिकेट का मुख्य विदेशी हैंडलर माना जाता है, जो एन्क्रिप्टेड चैनलों के जरिए देशभर में धमकी, जबरन वसूली, ड्रग्स तस्करी और टार्गेट किलिंग जैसे ऑपरेशन चलाता था.
उसके खिलाफ 18 से ज्यादा गंभीर केस दर्ज हैं. NIA ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 लाख का इनाम रखा था। अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी ने इस पूरे नेटवर्क का असली चेहरा उजागर कर दिया है. अब सवाल यह है कि भारत पहुंचने के बाद कौन-कौन से बड़े राज सामने आएंगे?
अनमोल बिश्नोई कौन हैं?
अनमोल बिश्नोई, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई है. वह लॉरेंस के इंटरनेशनल क्राइम नेटवर्क का अहम हिस्सा माना जाता है. खास बात यह है कि यह नेटवर्क तब भी चलता रहा, जब लॉरेंस अहमदाबाद की साबरमती जेल में बंद था. लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की खालिस्तान समर्थक संगठनों से भी नज़दीकी बताई जाती है। इनमें बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) जैसे नाम शामिल हैं। एजेंसियों का मानना है कि अनमोल और गोल्डी बराड़ विदेश से ही इन नेटवर्क्स को ऑपरेट करते थे.
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अनमोल लॉरेंस का मुख्य विदेशी हैंडलर था. वह धमकियां देने, जबरन वसूली के रैकेट चलाने और एन्क्रिप्टेड चैनलों के जरिए हर ऑपरेशन को समन्वित करने का काम देखता था। विदेश में उसकी मौजूदगी ने गैंग को पश्चिम एशिया, पूर्वी अफ्रीका और उत्तरी अमेरिका के अपराध गिरोहों से जोड़ दिया था. अब जब उसके निर्वासन की पुष्टि हो चुकी है, एजेंसियां उसे औपचारिक रूप से कस्टडी में लेने की तैयारी कर रही हैं.
अनमोल पर हैं ये केस दर्ज
अनमोल बिश्नोई पर भारत में 18 से ज्यादा गंभीर केस दर्ज हैं. अक्टूबर 2024 में बाबा सिद्दीकी की हत्या में भी उसका नाम सामने आया था. इससे पहले अप्रैल 2024 में सलमान खान के बांद्रा स्थित घर पर फायरिंग की घटना में भी उसका हाथ बताया गया था. इसके अलावा मई 2022 में सिद्धू मूसेवाला की हत्या की साजिश में भी वह आरोपी है. एजेंसियों का दावा है कि यह सभी ऑपरेशन वह विदेश में बैठकर चलाता था.
अनमोल पर काले धन की हेराफेरी, ड्रग्स तस्करी, अवैध हथियार सप्लाई, धमकी, एक्सटॉर्शन और कई राज्यों में टार्गेट किलिंग जैसी वारदातों में शामिल होने के आरोप हैं. NIA की 24 मार्च 2023 की चार्जशीट में कहा गया है कि अनमोल और गोल्डी बराड़ अमेरिका से बिश्नोई गैंग की फाइनेंसिंग और लॉजिस्टिक सपोर्ट संभालते थे. दोनों कई प्रो-खालिस्तान संगठनों से जुड़े लोगों के संपर्क में रहते थे. धन जुटाने के लिए यह गिरोह ड्रग्स, हथियारों की तस्करी, धमकी और टार्गेट किलिंग जैसे अपराध करता था.
NIA ने अनमोल पर 10 लाख रुपये का इनाम रखा हुआ है. भारत वापसी के बाद एजेंसी उसकी कस्टडी लेने की पूरी तैयारी में है.
अमेरिका में कैसे पकड़ा गया अनमोल?
अनमोल बिश्नोई को अमेरिका के कैलिफोर्निया के लॉस एंजेलिस में पकड़ा गया. यह कार्रवाई तब हुई जब यूएस इमिग्रेशन डिपार्टमेंट एक व्यक्ति के ट्रैवल डॉक्यूमेंट की जांच कर रहा था. उस पासपोर्ट पर नाम ‘भानू’ लिखा था. अफसरों को वीज़ा और कंपनी के रेफरेंस लेटर में गड़बड़ी दिखी. इसके बाद उस व्यक्ति से कड़ी पूछताछ की गई.
जांच में पता चला कि ‘भानू’ कोई और नहीं, बल्कि लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई अनमोल बिश्नोई है. उसने अमेरिका जाने के लिए फर्जी दस्तावेज बनवाए थे। इसके बाद यूएस इमिग्रेशन ने इस जानकारी को तुरंत FBI के साथ साझा किया. FBI ने भारतीय एजेंसियों को उसकी गिरफ्तारी की सूचना दी और कार्रवाई आगे बढ़ाई.
यह भी पढ़ें :- Indira Gandhi Birth Anniversary: वो 5 कड़े फैसले जिसने पूरे देश को हिला दिया और इंदिरा को बना दिया ‘Iron Lady’!















