श्री काशी विश्वनाथ : माता अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन से मिलती है खुशी और समृद्धि

श्री काशी विश्वनाथ : माता अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन से मिलती है खुशी और समृद्धि

Authored By: स्मिता

Published On: Tuesday, October 29, 2024

Updated On: Tuesday, October 29, 2024

mata annapurna devi
mata annapurna devi

स्वर्णमयी माता अन्नपूर्णा के दर्शन के लिए देश भर से श्रद्धालु आते हैं। धनतेरस से लगातार पांच दिनों तक भारी भीड़ रहती है। दर्शन सुबह पांच बजे से शुरू हो जाता है और रात 11 बजे तक चलता है। इस बार 29 अक्टूबर से दो नवंबर तक मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन होंगे। इस दौरान पहली बार 30 किलो चांदी, तांबे और पीतल के सिक्के भी प्रसाद स्वरूप मिलेंगे।

Authored By: स्मिता

Updated On: Tuesday, October 29, 2024

श्री काशी विश्वनाथ की नगरी में धनतेरस पर्व पर सुबह पांच बजे से माता अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन हो रहे हैं। दरबार में लगातार पांच दिनों तक काशी पुराधिपति महादेव को भी अन्नदान देने वाली अन्नपूर्णेश्वरी के स्वर्णमयी स्वरूप का दर्शन, सिक्का, धान का लावा रूपी खजाना श्रद्धालुओं को मंदिर प्रबंधन की ओर से मिल रहा है। मंदिर प्रबंधन और प्रशासनिक अफसरों ने श्रद्धालुओं के भीड़ नियंत्रण के लिए सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार कर लिया है। मंदिर में उमड़ने वाली लाखों की भीड़ की सुरक्षा, मंदिर में अस्थाई सीढ़ियां, प्रवेश-निकास और बैरिकेडिंग आदि की भी व्यवस्था की गई है। मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। सुरक्षा तैयारियों के साथ मंदिर में अन्नकूट महोत्सव की भी तैयारियां चल रही है। अन्नकूट महोत्सव में चढ़ने वाले मिष्ठान्न, नमकीन और लड्डुओं को तैयार करने के लिए महिलाएं जुट गई हैं। मंदिर में स्वच्छता और भोग के पवित्रता को लेकर भी मंदिर प्रबंधन सतर्क (Dhanteras 2024) है।

पहली बार 30 किलो चांदी, तांबे और पीतल के सिक्के प्रसाद स्वरूप मिलेंगे

मंदिर के पीठाधीश्वर शंकर पुरी महाराज के अनुसार स्वर्णमयी माता अन्नपूर्णा के दर्शन के लिए देश भर से श्रद्धालु आते हैं। धनतेरस से लगातार पांच दिनों तक भारी भीड़ रहती है। दर्शन सुबह पांच बजे से शुरू हो जाता है और रात 11 बजे तक चलता है। इस बार 29 अक्टूबर से दो नवंबर तक मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन होंगे। इस दौरान पहली बार 30 किलो चांदी, तांबे और पीतल के सिक्के भी प्रसाद स्वरूप मिलेंगे।

महंत शंकर पुरी ने बताया कि धनतेरस के दिन निर्धारित समय से एक घंटे पहले ही मंदिर के कपाट खोल दिए जाएंगे। पांच दिनों तक श्रद्धालु मां अन्नपूर्णा, मां भूमि देवी, महालक्ष्मी और महादेव के रजत विग्रह के दर्शन कर सकेंगे। धनतेरस पर इस बार बहुत ही शुभ योग निर्मित हो रहा है। देश में समृद्धि रहेगी और कोष भरा रहेगा। भोर में अन्नपूर्णा मंदिर के प्रथम तल पर स्थित गर्भगृह में स्वर्णमयी मां अन्नपूर्णा के विग्रह को विराजमान कराकर विधिवत सुगंधित फूल-मालाओं, स्वर्णआभूषणों से विधिवत श्रृंगार किया गया। लगभग चार बजे मंदिर के महंत शंकर पुरी ने भोग लगाने के बाद मंगला आरती किया। इस दौरान मंदिर में खजाने का पूजन भी किया गया।

वर्ष में चार दिन ही मिलता है स्वर्णमयी अन्नपूर्णा के दर्शन का सौभाग्य, इस बार मिलेगा पांच दिन

माता अन्नपूर्णा का दर्शन तो श्रद्धालुओं को प्रतिदिन मिलता हैं लेकिन, खास स्वर्णमयी प्रतिमा का दर्शन वर्ष में सिर्फ चार दिन धनतेरस पर्व से अन्नकूट तक ही मिलता है। खास बात यह है कि इस बार श्रद्धालुओं को पांच दिन तक दर्शन का सौभाग्य मिलेगा। मां की ममतामयी ठोस स्वर्ण प्रतिमा कमलासन पर विराजमान और रजत शिल्प में ढले काशीपुराधिपति की झोली में अन्नदान की मुद्रा में हैं। दायीं ओर मां लक्ष्मी और बायीं तरफ भूदेवी का स्वर्ण विग्रह है। काशी में मान्यता है कि जगत के पालन हार काशी पुराधिपति बाबा विश्वनाथ याचक के भाव से खड़े रहते हैं। बाबा अपनी नगरी के पोषण के लिए मां की कृपा पर आश्रित हैं। माता के दरबार में धान का लावा-बताशा और पचास पैसे के सिक्के खजाना के रूप में वितरण की परम्परा है। इसे घर के अन्न भंडार में रखने से विश्वास है कि वर्ष पर्यन्त धन धान्य की कमी नहीं होती। इसी विश्वास से लाखों श्रद्धालु दरबार में आते हैं। माना जाता है कि बाबा विश्वनाथ से पहले ही देवी अन्नपूर्णा यहां विराजमान थीं। वर्ष 1775 में काशी विश्वनाथ मंदिर का निर्माण शुरू हुआ तब पार्श्व में देवी अन्नपूर्णा का मंदिर था। मां की स्वर्णमयी प्रतिमा की प्राचीनता का उल्लेख भीष्म पुराण में भी है।

(हिन्दुस्थान समाचार के इनपुट के साथ) 

यह भी पढ़ें : Dhanteras 2024 : 29 अक्टूबर को है धनतेरस, इस दिन से हो जाएगी दीपावली त्योहार की शुरुआत

About the Author: स्मिता
स्मिता धर्म-अध्यात्म, संस्कृति-साहित्य, और स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर शोधपरक और प्रभावशाली पत्रकारिता में एक विशिष्ट नाम हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनका लंबा अनुभव समसामयिक और जटिल विषयों को सरल और नए दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करने में उनकी दक्षता को उजागर करता है। धर्म और आध्यात्मिकता के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और साहित्य के विविध पहलुओं को समझने और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने में उन्होंने विशेषज्ञता हासिल की है। स्वास्थ्य, जीवनशैली, और समाज से जुड़े मुद्दों पर उनके लेख सटीक और उपयोगी जानकारी प्रदान करते हैं। उनकी लेखनी गहराई से शोध पर आधारित होती है और पाठकों से सहजता से जुड़ने का अनोखा कौशल रखती है।
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य लाइफस्टाइल खबरें