Haryana Assembly Election: कांग्रेस की सात गारंटी, किसान, महिला, युवा और गरीबों पर फोकस

Haryana Assembly Election: कांग्रेस की सात गारंटी, किसान, महिला, युवा और गरीबों पर फोकस

Authored By: गुंजन शांडिल्य

Published On: Thursday, September 19, 2024

Last Updated On: Thursday, May 1, 2025

congress's manifesto haryana election
congress's manifesto haryana election

हरियाणा विधानसभा चुनाव (Haryana Assembly Elections) को लेकर कांग्रेस ने आज अपना संकल्प पत्र जारी कर किसानों को एमएसपी का कानूनी गारंटी, पुरानी पेंशन स्कीम, जाति जनगणना सहित कई लोकलुभावन वादे किए हैं।

Authored By: गुंजन शांडिल्य

Last Updated On: Thursday, May 1, 2025

हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस (Congress) ने आज अपना संकल्प पत्र जारी किया। इसमें दिलचस्प यह रहा है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव का घोषणा पत्र दिल्ली में जारी किया गया। नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने संकल्प पत्र के जरिए हरियाणावासियों को 7 गारंटी दिया है।

संकल्प पत्र जारी करते समय कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान उपस्थित थे। इनके अलावा हरियाणा चुनाव के वरिष्ठ पर्यवेक्षक अशोक गहलोत, अजय माकन और प्रताप सिंह बाजवा संकल्प जारी करने के दौरान मौजूद थे।

किसानों, महिलाओं और युवाओं पर फोकस

कांग्रेस पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में किसानों, महिलाओं और युवाओं पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया है। साथ इसमें मुफ़्त कई कई गारंटी भी दी गई है। भाजपा से जहां किसान नाराज हैं, वहीं कांग्रेस किसानों की इस नाराजगी को भुनाने की कोशिश कर रही है। इसी के मद्देनजर पार्टी ने किसानों को एमएसपी (MSP) की कानूनी गारंटी देने की घोषणा की है। जानकारी हो कि किसान आंदोलन में पंजाब और हरियाणा के किसानों की सबसे ज्यादा भागीदारी थी।

महिला सशक्तिकरण पर जोर

कांग्रेस के घोषणा पत्र में महिलाओं को भी कई गारंटी दी गई है। इसमें सबसे बड़ी गारंटी महिलाओं को 2000 रुपए प्रत्येक महीने देने की बात है। यह राशि 18 वर्ष से लेकर 60 वर्ष तक की महिलाओं को दी जाएगी। इसके अलावा महिलाओं को 500 रुपए में गैस सिलेंडर दिया जाएगा। साथ ही विधवा महिलाओं को 6000 रुपये मासिक देने की घोषणा कांग्रेस पार्टी ने की है।

युवाओं पर भी फोकस

युवाओं को पार्टी की ओर आकर्षित करने के लिए कांग्रेस ने 2 लाख पक्की सरकारी नौकरी देने का वादा किया है। युवाओं के लिए रोजगार हमेशा से ही एक बड़ा मुद्दा रहा है। इसके अलावा पंजाब के साथ हरियाणा के युवा भी नशे की चपेट में तेजी से आ रहे हैं। कांग्रेस ने अपने संकल्प में नशा मुक्त हरियाणा बनाने का वादा किया है।

जाति जनगणना (Caste Census) का वादा

लोकसभा चुनाव के समय से राहुल गांधी अपने हर भाषण में जाति जनगणना का जिक्र जरूर करते हैं। हरियाणा चुनाव के लिए तैयार पार्टी के घोषणा पत्र में राहुल गांधी की स्पष्ट छाप दिखाई देता है। पार्टी ने हरियाणा में जाति जनगणना का वादा प्रदेश के लोगों से किया है। लेकिन राहुल गांधी जाति जनगणना के साथ-साथ यह नारा लगते हैं कि जिसकी जितनी संख्या, उसकी उतनी हिस्सेदारी। लेकिन राहुल गांधी हरियाणा में इस नारे को लगाने से बचते हैं। क्योंकि राज्य में जाटों की हिस्सेदारी संख्या बल से कहीं ज्यादा है और यहां कांग्रेस जाट की राजनीति करती है।

पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू

कांग्रेस ने हरियाणा में पुरानी पेंशन व्यवस्था (OPS) लागू करने की भी घोषणा की है। पार्टी का वादा है कि सत्ता में आते ही इसे लागू कर दिया जाएगा। इसके अलावा 300 यूनिट मुफ़्त बिजली, 25 लाख रुपए तक का मुफ़्त इलाज और गरीबों को 100 गज का प्लॉट एवं 3.5 लाख की लागत से 2 कमरों का मकान देने का वादा है।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संकल्प पत्र पर कहा कि हम संकल्प पत्र में दर्ज सभी गारंटियों को लागू करेंगे। इसलिए हमने इसे ‘सात वादे, पक्के इरादे’ नाम दिया है।

गुंजन शांडिल्य समसामयिक मुद्दों पर गहरी समझ और पटकथा लेखन में दक्षता के साथ 10 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। पत्रकारिता की पारंपरिक और आधुनिक शैलियों के साथ कदम मिलाकर चलने में निपुण, गुंजन ने पाठकों और दर्शकों को जोड़ने और विषयों को सहजता से समझाने में उत्कृष्टता हासिल की है। वह समसामयिक मुद्दों पर न केवल स्पष्ट और गहराई से लिखते हैं, बल्कि पटकथा लेखन में भी उनकी दक्षता ने उन्हें एक अलग पहचान दी है। उनकी लेखनी में विषय की गंभीरता और प्रस्तुति की रोचकता का अनूठा संगम दिखाई देता है।
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य राज्य खबरें