States News
Delhi Assembly Election 2025 : आखिर प्रियंका गांधी को क्यों करना पड़ा शीला दीक्षित का जिक्र ?
Delhi Assembly Election 2025 : आखिर प्रियंका गांधी को क्यों करना पड़ा शीला दीक्षित का जिक्र ?
Authored By: सतीश झा
Published On: Monday, February 3, 2025
Updated On: Monday, February 3, 2025
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित (Sheela Dixit) भले ही इस लोक में अब नहीं हैं. अब दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस महासचिव व सांसद प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने शीला दीक्षित को केंद्र में ला दिया है.
Authored By: सतीश झा
Updated On: Monday, February 3, 2025
Delhi Assembly Election 2025 : शीला दीक्षित (Shila Dixit) भारतीय राजनीति की एक प्रमुख हस्ती थीं, जिन्होंने 1998 से 2013 तक दिल्ली की मुख्यमंत्री (CM of Delhi )के रूप में तीन कार्यकाल पूरे किए उनके नेतृत्व में राजधानी में मेट्रो परियोजना, सड़क विस्तार, फ्लाईओवर निर्माण और बुनियादी ढांचे के सुधार सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्य किए गए. अपने सौम्य स्वभाव, विकासपरक नीतियों और कुशल प्रशासन के लिए पहचानी जाने वाली शीला दीक्षित (Shila Dixit) के कार्यकाल में दिल्ली को एक आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए. हालांकि, 2013 में आम आदमी पार्टी (AAP) के उभरने के बाद उन्हें सत्ता से हटना पड़ा. 2019 में शीला दीक्षित (Shila Dixit) का निधन हो गया, लेकिन उनके योगदान को आज भी दिल्ली में याद किया जाता है. उनके कार्यकाल को राजधानी के बुनियादी ढांचे और शहरी विकास के स्वर्णिम दौर के रूप में माना जाता है.
प्रियंका गांधी ने नई बहस छेड़ दी
विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी समर में कूदी कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने दिल्ली की जनता को एक बार फिर से पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की याद दिला दी. कांग्रेस सरकार ने शीला दीक्षित की अगुवाई में कैसे दिल्ली का विकास किया, प्रियंका ने इसको लेकर भी बात की. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को नई दिल्ली के चांदनी चौक में एक जनसभा के दौरान आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखा सियासी हमला किया. शीला दीक्षित के बाद दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल के हाथों में सरकार दी और उसके बाद दिल्ली की बदहाली शुरू हो गई. प्रियंका ने कहा कि शीला दीक्षित पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, जो दस साल में साबित नहीं हो पाए.
शीला दीक्षित के नेतृत्व में हुआ दिल्ली का विकास
प्रियंका गांधी ने कहा कि शीला दीक्षित जी के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए कार्यों से दिल्ली की जनता वाकिफ है. उनकी विकास पर नजर रहती थी, वह दिन रात काम करती थीं. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने दिल्ली में कांग्रेस उम्मीदवारों को जिताने की अपील की और कहा कि देश में जहां भी कांग्रेस सरकार है, वहां लोगों के मुद्दों को ध्यान में रखकर उनकी मदद के लिए काम किया जा रहा है.
नई दिल्ली सीट पर शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित केजरीवाल को दे रहे चुनौती
पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे और कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को चुनौती दे रहे हैं. संदीप दीक्षित लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े हुए हैं और पूर्व में पूर्वी दिल्ली से सांसद रह चुके हैं. शीला दीक्षित के कार्यकाल में दिल्ली में हुए विकास कार्यों के नाम पर संदीप दीक्षित जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मुकाबला काफी दिलचस्प होगा, क्योंकि केजरीवाल की पार्टी दिल्ली में सत्ता में है, जबकि संदीप दीक्षित अपनी मां के विकास कार्यों और कांग्रेस की वापसी की उम्मीद के साथ चुनाव लड़ रहे हैं। देखना दिलचस्प होगा कि आगामी चुनाव में नई दिल्ली सीट पर जनता किसे समर्थन देती है-अरविंद केजरीवाल या संदीप दीक्षित, जो कांग्रेस को फिर से मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं.