States News
कश्मीर-हिमाचल में हुई बर्फबारी, जल्द ही दिल्ली में आएगी ठंड की बारी
कश्मीर-हिमाचल में हुई बर्फबारी, जल्द ही दिल्ली में आएगी ठंड की बारी
Authored By: सतीश झा
Published On: Wednesday, November 13, 2024
Last Updated On: Saturday, April 26, 2025
कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में इस समय जोरदार बर्फबारी हो रही है, जिससे वहां का तापमान तेजी से गिरा है। पहाड़ों पर हो रही इस बर्फबारी का असर जल्द ही उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी दिखाई देने लगेगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंडी हवाएं दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में ठंड को बढ़ाएंगी, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।
Authored By: सतीश झा
Last Updated On: Saturday, April 26, 2025
मौसम विभाग (Meteorological Department) का कहना है कि पहाड़ी राज्यों में हुई बर्फबारी और वहां से आने वाली सर्द हवाओं के चलते दिल्ली में भी ठंड का असर तेजी से बढ़ेगा। यह ठंडी हवाएं दिल्ली सहित उत्तर भारत के अन्य मैदानी इलाकों में ठंड का अहसास कराएंगी, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इस सर्दी की शुरुआत को लेकर लोगों में उत्साह के साथ-साथ ठंड से बचने की तैयारी भी शुरू हो गई है।
हिमाचल प्रदेश में तापमान तेज़ी से गिर रहा है और नवंबर के महीने में ही कई इलाकाें में पारा माइनस में पहुंच गया है। राज्य के जनजातीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से काफी नीचे चला गया है। सुखद बात यह है कि शुष्क ठंड से लोगों को निजात मिल सकती है। दरअसल 148 घण्टे बाद पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम करवट लेगा और कई हिस्सों में बारिश व बर्फबारी का दौर देखने को मिलेगा।
22 शहरों का पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंचा
इस बीच राज्य के कई शहरों का न्यूनतम तापमान गिर रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के औसतन न्यूनतम तापमान में -0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। राज्य के 22 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रिकार्ड हुआ है।
ताबो के बाद लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -1.2 डिग्री, केलांग में 0.4 डिग्री, कल्पा में 1.5 डिग्री, समधो में 1.4 डिग्री, मनाली में 5.2 डिग्री, सियोबाग में 5.3 डिग्री, नारकंडा में 5.2 डिग्री, रिकांगपिओ में 4.9 डिग्री, भुंतर में 5.5 डिग्री, बजुआरा में 5.7 डिग्री, सोलन में 7.5 डिग्री, कुफरी में 7.9 डिग्री, भरमौर में 7.8 डिग्री, सैंज में 7.7 डिग्री, मशोबरा में 8.6 डिग्री, सुंदरनगर में 7.7 डिग्री, पालमपुर में 8.5 डिग्री, हमीरपुर व कांगड़ा में 9.6 डिग्री, मंडी में 9.3 डिग्री, चम्बा में 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा शिमला में 10.6 डिग्री, धर्मशाला में 11.5 डिग्री, ऊना में 11.2 डिग्री, नाहन में 13.1 डिग्री, बिलासपुर में 12.4 डिग्री और जुब्बड़हट्टी मे 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के मुताबिक 15 व 16 नवंबर को मध्यवर्ती व उच्च पर्वतीय इलाकों में बारिश व बर्फबारी होने की सम्भावना है। राज्य की उच्च पर्वत श्रंखलाओं पर बीती रात भी हल्की बर्फबारी हुई। किन्नौर जिला के रिकांगपिओ में 62 किलोमीटर प्रति घण्टे की रफ्तार से हवाएं चलीं। हालांकि राज्य के पहाड़ी व मैदानी भागों के मौसम में कोई बदलाव नहीं आया और लोग सूखी ठंड से परेशान हैं।
ये भी पढ़े: दिल्ली में वायु प्रदूषण से लोगों का जीना हो रहा है मुहाल, नेताओं के बयानबाजियों से लोगों में है गुस्सा
लाहौल-स्पीति जिला का ताबो सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां बीती रात न्यूनतम पारा -5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विंटर सीजन में पहली बार यहां पारा इतना दर्ज हुआ है। इसके साथ ही यह सीजन की सबसे सर्द रात रही। इससे पिछली रात ताबो का पारा -4.5 डिग्री सेल्सियस था। इस तरह एक रात में पारा 1.4 डिग्री लुढ़क गया।
उधर, राज्य के मैदानी भागों में दोपहर तक धुंध छाने से कंपकंपी बढ़ गई है। बुधवार को बिलासपुर, मंडी और ऊना में घना कोहरा छाया रहा। इससे दृश्यता में काफी गिरावट आ गई है और हवाई उड़ानें प्रभावित हुई हैं। बिलासपुर में दृश्यता 30, सुंदरनगर व ऊना में 20 मीटर औऱ मंडी में 500 मीटर रही। धुंध से फिलहाल लोगों को राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग ने भाखड़ा बांध के जलाशय क्षेत्र, सुजानपुर, ऊना और मंडी जिला की बल्ह घाटी में अगले चार दिन घरा कोहरा पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया है। वाहन चालकों को कोहरे के समय संभल कर वाहन चलाने की हिदायत दी गई है। 14 नवंबर को समूचे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। 15 व 16 नवंबर को मध्यवर्ती व उच्च् पर्वतीय क्षेत्रों में बादलों के बरसने की उम्मीद है। हालांकि इस दौरान मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। 17 से 19 नवंबर तक भी पूरे प्रदेश में मौमस के शुष्क बने रहने के आसार हैं।
(हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी के इनपुट के साथ)