States News
अखिलेश यादव का वार: यूपी को कर्ज में डुबो रही योगी सरकार
अखिलेश यादव का वार: यूपी को कर्ज में डुबो रही योगी सरकार
Authored By: सतीश झा
Published On: Monday, December 30, 2024
Last Updated On: Saturday, April 26, 2025
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की योगी सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यह सरकार उत्तर प्रदेश को कर्ज में डुबो रही है और प्रदेश को उधार लेने में नंबर एक बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने प्रदेश का खजाना खाली कर दिया है और महंगाई लगातार बढ़ रही है।
Authored By: सतीश झा
Last Updated On: Saturday, April 26, 2025
अखिलेश यादव ने कहा, “भाजपा सरकार किसानों के साथ धोखा कर रही है। इस पेराई सत्र में अभी तक गन्ने का मूल्य तय नहीं किया गया है। किसान यह जानना चाहते हैं कि गन्ना मूल्य भुगतान किस रेट से होगा। महंगाई के कारण गन्ने की खेती का लागत मूल्य बढ़ रहा है, लेकिन सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही। किसानों की आय दोगुनी करने का दावा कहां गया?”
विनाश की रेखा खींच रही भाजपा सरकार
लखनऊ स्थित सपा के राज्य मुख्यालय डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में पत्रकारों को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर विकास के बजाय विनाश की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “अवैध तरीके से निर्दोषों के घर बुलडोजर से गिराए जा रहे हैं। यह विकास नहीं, विनाश है। मुख्यमंत्री के हाथ में विकास की रेखा नहीं, बल्कि विनाश की रेखा है। महंगाई, बेरोजगारी, और भ्रष्टाचार चरम पर है। किसान और नौजवान सभी परेशान हैं।”
निवेश और भूमि अधिग्रहण पर उठाए सवाल
अखिलेश ने कहा कि सरकार विज्ञापन के जरिए दावा कर रही है कि वह निवेशकों के लिए 1.5 लाख एकड़ जमीन अधिग्रहण कर रही है, लेकिन असल में यह किसानों को बर्बाद करने की साजिश है। उन्होंने कहा, “सरकार के पास जमीन नहीं है, और अब वह किसानों से जमीन छीनकर उन्हें बर्बाद करने पर तुली है। भाजपा निवेश के नाम पर झूठे दावे कर रही है।”
मुख्यमंत्री आवास में खुदाई का तंज
मुख्यमंत्री आवास में शिवलिंग के मुद्दे पर अखिलेश ने कहा, “भाजपा सरकार जनता का ध्यान भटकाने के लिए जगह-जगह खुदाई करा रही है। अगर मुख्यमंत्री आवास में शिवलिंग है, तो वहां भी खुदाई होनी चाहिए।”
भविष्य में बदलाव की उम्मीद
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जब हम दूसरे देशों में जाते हैं तो वहां से बहुत कुछ सीखने को मिलता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्तर प्रदेश की जनता आगामी चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएगी और प्रदेश को विकास व खुशहाली के रास्ते पर ले जाएगी। “भाजपा सरकार ने कोई ठोस विकास कार्य नहीं किया है। जनता अब बदलाव चाहती है, और समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश को विकास की ओर ले जाने के लिए पूरी तरह तैयार है।