Special Coverage
दिल्ली-गाजीपुर बॉर्डर पर क्यों लोग राहुल गांधी के खिलाफ नारे, कांग्रेसियों ने की हाथापाई !
Authored By: सतीश झा
Published On: Wednesday, December 4, 2024
Last Updated On: Wednesday, December 4, 2024
हिंसा प्रभावित संभल की यात्रा के दौरान बैरिकेडिंग की वजह से यातायात में धीमी गति आई, जिससे यात्रियों ने अपना गुस्सा जाहिर किया। उन्हें इस कारण परेशानियों का सामना करना पड़ा। यही कारण था कि यात्रियों ने गाजीपुर सीमा पर लोकसभा नेता राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और यात्रियों के बीच हाथापाई भी हुई।
Authored By: सतीश झा
Last Updated On: Wednesday, December 4, 2024
गाजीपुर सीमा पर फंसे एक यात्री ने कहा, “हम सिर्फ यही चाहते हैं कि हमारा रास्ता साफ हो। मैं 80 साल का हूं और दिल्ली से जा रहा हूं। मेरे भाई की मृत्यु हो गई है, और मैं यहां से जाना चाहता हूं ताकि हम कम से कम उसके अंतिम संस्कार में शामिल हो सकें।”
उन्होंने सवाल करते हुए कहा, “हम कहाँ जाएंगे? हम यहाँ एक घंटे से अधिक समय से इंतजार कर रहे हैं। यहां इतने सारे लोग इंतजार कर रहे हैं, कुछ को ऑफिस जाना है, तो कुछ को किसी इमरजेंसी की स्थिति है।” एक यात्री ने कहा, “मुझे कुछ नहीं पता कि हमें क्यों रोका गया? अगर वह (राहुल गांधी) वहां (सड़क के दूसरी तरफ) हैं तो यह सड़क क्यों अवरुद्ध है? जनता को क्यों परेशानी उठानी पड़ रही है?”
गौरतलब है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने उनके काफिले को गाजीपुर सीमा पर रोक दिया, जिसके कारण हिंसा प्रभावित संभल की उनकी योजनाबद्ध यात्रा अवरुद्ध हो गई। इसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। राहुल गांधी ने कहा कि पुलिस ने उन्हें प्रभावित लोगों से मिलने के उनके संवैधानिक अधिकार से वंचित कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपना काफिला छोड़कर अकेले पुलिस के साथ संभल जाने को तैयार थे, लेकिन अधिकारियों ने उन्हें कुछ दिनों बाद लौटने के लिए कहा। राहुल ने पत्रकारों से कहा, “हम संभल जाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस मना कर रही है, नहीं जाने दे रही है। नेता प्रतिपक्ष के तौर पर जाना मेरा अधिकार है, लेकिन वे मुझे रोक रहे हैं। मैं अकेले जाने और पुलिस के साथ जाने को तैयार था, लेकिन उन्हें यह भी मंजूर नहीं था।”
ये भी पढ़े: सियासी आंच पर सुलग रहा है संभल, कांग्रेस सांसदों को लेकर पूरे दिन चल रही है ऐसी गहमागहमी
राहुल-प्रियंका को पुलिस ने गाजीपुर बॉर्डर पर रोका
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के नेताओं को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर गाजीपुर बॉर्डर पर रोका गया है। वे हिंसा प्रभावित संभल का दौरा करने जा रहे थे। गाजीपुर बॉर्डर पर आज सुबह से ही यातायात धीमी गति से चल रहा था, और इसकी वजह सुरक्षा व्यवस्था की सख्ती बताई जा रही है। राहुल और प्रियंका के संभल जाने की संभावना के मद्देनजर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई थी, जिसके कारण सीमा पर ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
संभल में 10 दिसंबर तक किसी भी बाहरी के आने पर पाबंदी
प्रशासन की ओर से संभल में 10 दिसंबर तक किसी भी बाहरी के आने पर पाबंदी लगाते हैं बीएनएस की धारा 163 लागू की गई है। ऐसे में राहुल गांधी को संभल जाने की अनुमति नहीं मिली है। माना जा रहा है इन परिस्थियों में कांग्रेस और पुलिस के बीच रस्साकशी देखने को मिल सकती है। वहीं, रामपुर में दिल्ली जाने की कोशिश करते कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने बीच में ही रोक लिया है। शीर्ष नेतृत्व के आदेश पर राहुल गांधी के संभल जाने के कार्यक्रम के लिए दिल्ली जाते वक्त रामपुर पुलिस ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुतिउर्रहमान बब्लू को देर रात हिरासत में लिया।














