Special Coverage
आरबीआई के नवनियुक्त गवर्नर कौन हैं संजय मल्होत्रा
Authored By: गुंजन शांडिल्य
Published On: Tuesday, December 10, 2024
Last Updated On: Tuesday, December 10, 2024
आरबीआई के गवर्नर शशिकांत दास कार्यकाल 10 दिसंबर को समाप्त हो रहा है। उनके स्थान पर राजस्व सचिव संजय मल्होत्रा को आरबीआई का नया गवर्नर नियुक्त किया गया है।
Authored By: गुंजन शांडिल्य
Last Updated On: Tuesday, December 10, 2024
नरेंद्र मोदी कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने आज राजस्व सचिव संजय मल्होत्रा (Sanjay Malhotra) को तीन साल के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) का नया गवर्नर नियुक्त किया। आरबीआई के नए गवर्नर को लेकर कई दिनों से अटकले लग रहे थे। नाम की घोषणा के साथ ही अब इन अटकलों पर विराम लग गया है। मल्होत्रा दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था में मौद्रिक नीति का नेतृत्व करेंगे।
शशिकांत दास का स्थान लेंगे मल्होत्रा
मल्होत्रा, शक्तिकांत दास का स्थान लेंगे। दास के छह साल का कार्यकाल 10 दिसंबर को समाप्त हो रहा है। नए गवर्नर ऐसे समय में कार्यभार संभालने जा रहे हैं, जब केंद्रीय बैंक मुश्किल दौर से गुजर रहा है। जुलाई-सितंबर की अवधि में विकास दर (Growth Rate) पिछले सात तिमाहियों के निचले स्तर 5.4 प्रतिशत पर आने से आरबीआई पर ब्याज दरों में कटौती का दबाव बढ़ रहा है। दास के नेतृत्व में आरबीआई ने मुद्रास्फीति के जोखिम का हवाला देते हुए लगभग दो साल तक ब्याज दरों को अपरिवर्तित रखा था।
कौन हैं संजय मल्होत्रा?
संजय मल्होत्रा आरबीआई के 26वें गवर्नर के रूप में कार्यभार संभालेंगे। राजस्थान कैडर के 1990 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी मल्होत्रा ने प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर से कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग की डिग्री और प्रिंसटन यूनिवर्सिटी, यूएसए से पब्लिक पॉलिसी में मास्टर डिग्री हासिल की है।
मल्होत्रा अपने 33 वर्षों से अधिक के करियर में नेतृत्व और उत्कृष्टता का प्रदर्शन करने वाले मल्होत्रा ने बिजली, वित्त और कराधान, सूचना प्रौद्योगिकी, खान आदि सहित विविध क्षेत्रों में काम किया है। वर्तमान में वे वित्त मंत्रालय में सचिव (राजस्व) हैं।
वित्तीय सेवा विभाग में सचिव
आईएएस मल्होत्रा अपने पिछले कार्यभार में भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के अंतर्गत वित्तीय सेवा विभाग में सचिव का पद संभाला था। उन्हें राज्य और केंद्र सरकार में वित्त और कराधान का व्यापक अनुभव है। अपने वर्तमान कार्यभार के तहत वे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष करों के संबंध में कर नीति निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
दास का कार्यकाल समाप्त
वर्ष 2018 में आरबीआई के तत्कालीन गवर्नर उर्जित पटेल ने अचानक इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफा देने के बाद शशिकांत दास को 12 दिसंबर, 2018 को आरबीआई के 25वें गवर्नर के रूप में नियुक्त किया गया था। इनका कार्यकाल 6 वर्ष का रहा।














