States News
मोदी के मंत्र से भाजपा कर पाएगी दिल्ली फतह !
मोदी के मंत्र से भाजपा कर पाएगी दिल्ली फतह !
Authored By: सतीश झा
Published On: Wednesday, January 22, 2025
Updated On: Wednesday, January 22, 2025
दिल्ली में विधानसभा चुनावों की रणभेरी बज चुकी है, और भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देकर पूरी ताकत झोंक दी है। नमो ऐप के माध्यम से 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं को न केवल चुनावी रणनीतियों के लिए प्रेरित किया, बल्कि हर बूथ पर 50% से अधिक वोट हासिल करने और जनता का दिल जीतने का लक्ष्य भी दिया।
Authored By: सतीश झा
Updated On: Wednesday, January 22, 2025
Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025: प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनता तक केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना भाजपा की जीत की कुंजी होगी।उन्होंने दिल्ली सरकार की विफलताओं और भ्रष्टाचार को उजागर करने पर भी जोर दिया, विशेषकर शराब नीति और बुनियादी सेवाओं जैसे साफ पानी और सफाई के मुद्दों पर।
चुनौती और अवसर
दिल्ली में भाजपा पिछले 25 वर्षों से सत्ता से दूर है। 2020 के चुनावों में भी पार्टी आम आदमी पार्टी (आप) के हाथों करारी हार का सामना कर चुकी है। इस बार भाजपा के पास केंद्र सरकार की योजनाओं जैसे ‘हर घर जल’, गरीबों के लिए मुफ्त राशन और उज्ज्वला योजना का प्रचार करने का अवसर है। प्रधानमंत्री के इस संवाद का उद्देश्य न केवल कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाना था, बल्कि यह भी सुनिश्चित करना था कि भाजपा का संदेश प्रत्येक मतदाता तक पहुंचे।
प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने बुधवार को ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत नमो ऐप के माध्यम से दिल्ली भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने आगामी 5 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए जीत का मंत्र साझा किया।प्रधानमंत्री ने बूथ कार्यकर्ताओं को पार्टी की असली ताकत बताया और उन्हें हर बूथ पर मतदान के रिकॉर्ड तोड़ने और 50% से अधिक वोट हासिल करने के लिए जनता का दिल जीतने का आह्वान किया। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर करने की भी जरूरत बताई।
आपदा बनाम विकास का मुद्दा
प्रधानमंत्री ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “आज दिल्ली में शराब तो आसानी से उपलब्ध है, लेकिन लोगों को पीने के लिए साफ पानी नहीं मिल रहा।” उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को आम आदमी पार्टी की नाकामियों को उजागर करने की जिम्मेदारी दी। साथ ही, कार्यकर्ताओं को गंदगी और टूटी-फूटी नालियों की तस्वीरें और वीडियो साझा करने को कहा, ताकि जनता तक सही तस्वीर पहुंच सके।
‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ का महत्व
मोदी ने ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम को भाजपा की संगठनात्मक शक्ति का आधार बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पार्टी के विस्तार और जीत का मंत्र है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बताया कि वह खुद भी लंबे समय तक बूथ कार्यकर्ता रहे हैं और बूथ स्तर पर संगठन की ताकत से ही दिल्ली में भाजपा की जीत सुनिश्चित होगी।
युवाओं और नई पीढ़ी से संवाद की अपील
प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें अपने बूथ पर पहली बार वोट देने वाले युवाओं से मिलना चाहिए और उन्हें भाजपा की नीतियों से अवगत कराना चाहिए। साथ ही, चुनाव के दिन अधिक से अधिक लोगों को मतदान केंद्र तक लाने की जिम्मेदारी उठानी चाहिए।
दिल्ली सरकार पर निशाना
प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली की जनता आप सरकार के झूठे वादों और भ्रष्टाचार से तंग आ चुकी है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि आप ने पंजाब में महिलाओं को ₹1000 प्रति माह देने का वादा किया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ। दिल्ली में भी महिलाओं को ₹1000 देने की घोषणा की गई थी, लेकिन आज तक कोई पैसा नहीं दिया गया।
कार्यकर्ताओं को प्रेरणा
प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं को भाजपा के विकास कार्यों और केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव केवल जीत का नहीं, बल्कि दिल्ली को विकसित राजधानी बनाने का संकल्प है। दिल्ली के सभी 256 वार्डों के 13,033 बूथों से जुड़े भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का संदेश सुना और चुनावी रणनीति पर संवाद किया।
(हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें : आखिर क्यों दिल्ली की राजनीति में खास हो गए मोहन सिंह बिष्ट ? 24 घंटे में BJP को लेना पड़ा बड़ा फैसला