States News
दिल्ली में प्रदूषण पर हाहाकार, गंदे यमुना में भाजपा अध्यक्ष ने डुबकी लगाकर जताया अपना विरोध
दिल्ली में प्रदूषण पर हाहाकार, गंदे यमुना में भाजपा अध्यक्ष ने डुबकी लगाकर जताया अपना विरोध
Authored By: सतीश झा
Published On: Thursday, October 24, 2024
Last Updated On: Saturday, April 26, 2025
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ आवाज उठाते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आज यमुना नदी में डुबकी लगाई। उन्होंने आईटीओ छठ घाट पर पहुंचकर प्रदूषण के मामले में आम आदमी पार्टी की नीतियों पर निशाना साधा और विरोध स्वरूप गंदे पानी में स्नान किया। सचदेवा ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार ने यमुना की सफाई के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने 2025 चुनाव से पहले यमुना को साफ करने का वादा किया था, लेकिन अब तक कुछ भी नहीं हुआ है।
Authored By: सतीश झा
Last Updated On: Saturday, April 26, 2025
दिल्ली में यमुना नदी (Yamuna River) में प्रदूषण के मुद्दे पर भाजपा (BJP) और सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल रही है। इस राजनीतिक बवाल के बीच, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा (Virendra Sachdeva) ने प्रदूषण के खिलाफ अपना विरोध जताने के लिए यमुना नदी में डुबकी लगाई।
सचदेवा ने यमुना नदी के किनारे खड़े होकर AAP नेताओं, मुख्यमंत्री आतिशी और राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को चुनौती दी कि वे नदी की स्थिति का निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि केजरीवाल और उनकी सरकार को यमुना की सफाई के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, न कि केवल वादों पर निर्भर रहना चाहिए। यह कदम दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के प्रति सरकार की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए किया गया है, जिससे राजनीतिक विवाद और भी गहरा गया है।
काम नहीं, केवल विज्ञापन करती है दिल्ली सरकार
दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि दिल्ली की वायु गुणवत्ता को खराब करने का काम अरविंद केजरीवाल ने किया है। पिछले 10 वर्षों में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के नाम पर केवल विज्ञापन दिये गये हैं । अगर उन्होंने वास्तव में इसके लिए काम किया होता तो दिल्ली की स्थिति ऐसी नहीं होती। दिल्ली में सड़कों की हालत भी खराब है ।
नकारा है दिल्ली सरकार, विरोधस्वरूप यमुना में डुबकी
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने प्रदूषण के मुद्दे पर आप के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार के खिलाफ अपना विरोध जताने के लिए यमुना नदी में डुबकी भी लगाई । वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने यमुना जी को साफ करने के नाम पर सिर्फ और सिर्फ दिल्ली की जनता को धोखा दिया है और वह हर वादे की तरह 2025 चुनाव से पहले यमुनाजी में डुबकी लगाने का वादा भी नहीं पूरा कर पाए ।
ये भी पढ़े: Pollution in Delhi NCR : दिल्ली में ग्रेप 2 लागू, क्या होता है ग्रेप 2
छठ घाट पर नहीं आए केजरीवाल व आतिशी
सचदेवा ने कहा कि हम सभी आईटीओ छठ घाट पर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना का इंतजार कर रहे है लेकिन वह नहीं आए । उन्होंने कहा कि हमने रेड कार्पेट की व्यवस्था की है क्योंकि जो लोग शीश महल में रहते थे, उन्हें रेड कार्पेट की आदत हो गई है क्योंकि वे ’शाही’ लोग हैं। हमने दो कुर्सियों की व्यवस्था की है क्योंकि यह परंपरा आतिशी ने खुद शुरू की थी, इसलिए अगर वह आएंगी तो उन्हें दो कुर्सियों की जरूरत होगी। अगर अरविंद केजरीवाल आएंगे तो हमें खुशी होगी । उन्हें केंद्र सरकार द्वारा यमुना को साफ करने के लिए दिए गए 8,500 करोड़ रुपये का हिसाब देना चाहिए ।